विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2020

महाराष्ट्र में दोबारा पूर्ण लॉकडाउन की खबरें आने के बाद उद्धव ठाकरे ने किया ट्वीट, लोगों से की यह अपील

सोशल मीडिया और वॉट्सऐप पर महाराष्ट्र में 15 जून से फिर से पूर्ण लॉकडाउन लगने की खबरें चल रही थीं, जिसके बाद उद्धव ठाकरे सरकार की ओर से अपील की गई है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें.

महाराष्ट्र में दोबारा पूर्ण लॉकडाउन की खबरें आने के बाद उद्धव ठाकरे ने किया ट्वीट, लोगों से की यह अपील
महाराष्ट्र सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रही लॉकडाउन की खबरों पर जारी किया बयान. (फाइल फोटो)
  • महाराष्ट्र में 1 लाख के करीब पहुंच रहे हैं कोरोना के मामले
  • पूर्ण लॉकडाउन की खबरें आने के बाद सरकार ने की अपील
  • 'लॉकडाउन नहीं, लेकिन गाइडलाइंस का जरूर रखें ध्यान'
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई:

महाराष्ट्र में कोरोनावायरस के मामले 1 लाख के करीब पहुंच गए हैं और इसके बावजूद यहां तो क्या पूरे देश में कहीं भी वायरस थमता हुआ नजर नहीं आ रहा. राज्य में बढ़ते केसों के बीच सोशल मीडिया और वॉट्सऐप पर महाराष्ट्र में 15 जून से फिर से पूर्ण लॉकडाउन लगने की खबरें चल रही थीं, जिसके बाद उद्धव ठाकरे सरकार की ओर से इसपर सफाई दी गई है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर लोगों से अपील की गई है कि वो अफवाहों पर ध्यान न दें. महाराष्ट्र सरकार ने 31 मई से अपना 'Mission Begin Again' शुरू किया है, जिसके तहत लोगों को सुबह पांच बजे से शाम के सात बजे तक बाहर निकलने की आजादी है, वहीं दुकानें सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खुल सकती हैं. लोगों को इस दौरान सेफ्टी गाइडलाइंस और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा. 

बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोनावायरस के बढ़ते केस देखकर सोशल मीडिया पर खबरें आ रही थीं कि यहां- जरूरी सेवाओं को छोड़कर- फिर से पूर्ण लॉकडाउन लगाया जा सकता है. जिसके बाद सीएमओ महाराष्ट्र की ओर से ट्वीट किया गया, 'लॉकडाउन दोबारा नहीं लगाया जा रहा. मुख्यमंत्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने अपील की है कि लोग भीड़भाड़ से बचकर रहें. उन्होंने लोगों से सरकार की ओर से जारी की गई गाइडलाइंस का पालन करने, सारे जरूरी बचाव करने और अपना खयाल रखने को कहा है.'

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने भी एक ट्वीट कर लोगों को अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा, 'प्लीज़ अफवाहों पर ध्यान न दें. फिलहाल हम अपने बिगिन अगेन मिशन पर फोकस कर रहे हैं. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जी ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा है ताकि लॉकडाउन की नौबत न आए. लोगों की सुरक्षा ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता और पैमाना है.'

बता दें कि उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा था कि अगर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सख्ती से पालन नहीं किया तो वो लॉकडाउन में दी गई ढील को वापस ले लेंगे. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा रहा तो लॉकडाउन लगा ही रहेगा, लेकिन उन्हें भरोसा है कि लोग सरकार की सुनेंगे क्योंकि वो उनके भलाई के लिए काम कर रही है. उनके इस बयान के बाद ही सोशल मीडिया पर पूर्ण लॉकडाउन की खबरें चलनी शुरू हुई होंगी.

अगर महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामलों की बात करें तो 12 जून तक यहां संक्रमितों का आंकड़ा 97 हजार के पार पहुंच गया है. महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 3607 मामले दर्ज किये गए और इस दौरान 150 लोगों की मौत भी हो गई. इसके साथ ही महाराष्ट्र ने कनाडा को पीछे छोड़ दिया. महाराष्ट्र में कोरोनावायरस के अभी 97,648 मामले हैं और इनमें से 46 हजार 78 लोग इससे ठीक हो चुके हैं. राज्य में अब तक 3590 मरीजों की जान जा चुकी है.

वीडियो: मुंबई में फैलता कोरोना, बन रहे नए हॉटस्पॉट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com