- पश्चिम बंगाल में पुलिस ने रेप और हत्या के आरोपी का किया एनकाउंटर
- पिछले चार महीने में बंगाल पुलिस ने चार आरोपियों का किया है एनकाउंटर
- मृतक दिलीप रॉय पर एक लड़की का रेप और हत्या करने का आरोप था
पश्चिम बंगाल में रेप और हत्या का आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है. मृतक दिलीप रॉय पर एक 12 साल की लड़की की रेप और हत्या का आरोप था. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जब पुलिस दिलीप रॉय को उसके गांव रायगंज अरेस्ट करने पहुंची तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी गोलीबारी में वो मारा गया. गौरतलब है कि राज्य में पिछले एक महीने के भीतर अलग-अलग एनकाउंटर में अबतक चार लोग मारे गए हैं.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई ढेर
पुलिस ने बताया कि उत्तर दिनाजपुर इलाके के रायगंज में अपने गांव में दिलीप रॉय के छिपे होने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस उसके घर पहुंची उसने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. घायल दिलीप को रायगंज मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस दिलीप की तलाश पिछले चार दिन से कर रही थी. पुलिस को शुक्रवार को एक लड़की का सड़ा-गला शव कुलिक नदी से मिला था. लड़की की हत्या का आरोप दिलीप पर था. पुलिस को सूचना मिली थी कि दिलीप गौरी ग्राम इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की.
बंगाल में चार महीने में चार एनकाउंटर
राज्य में बीजेपी की सरकार के आने के बाद से ही बंगाल पुलिस ने रेप और हत्या के मामले में सख्ती से कार्रवाई करते हुए पिछले चार महीने में चार लोगों के एनकाउंटर किए हैं. पहली घटना जुलाई में बारुईपुर में हुई थी. इसके अलावा अक्तूबर के महीने में पुलिस ने गाइगाटा और शमशेरगंज में दो एनकाउंटर किए थे. अब उत्तर दिनाजपुर में दिलीप रॉय का एनकाउंटर किया गया है.
कब-कब हुए एनकाउंटर
प्रभाष मंडल नामक रेप और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में साउथ 24 परगना जिले के बराईपुर में मारा गया था. पुलिस ने दावा किया था कि मंडल ने पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की. उस दौरान पुलिस उसे क्राइम सीन के रीक्रिएशन के लिए जा रही थी. इसी दौरान मंडल ने पुलिस पर गोली चला दी, जवाबी कार्रवाई में मंडल की मौत हो गई. इसके बाद 24 परगना जिले के गाइगाटा में ही प्रह्लाद दास नामक एक आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. दास पर 11वीं की छात्रा के साथ रेप और उसकी हत्या का आरोप था. जब पुलिस उसे क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जा रही थी तभी वो भागने की कोशिश करने लगा. इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में वो मारा गया. इसके अलावा मुर्शियादबाद के समीरगंज में बीजेपी के कार्यकर्ता के हत्या आरोपी सैमुअल हक भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था.
मंत्री का बयान
इस एनकाउंटर पर राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि जो भी कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा उसे पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि अगर कोई कानून के खिलाफ काम करेगा या कानून को अपने हाथ में लेगा तो उसे पुलिस का सामना करना ही पड़ेगा. ऐसी परिस्थिति बन गई होगी कि पुलिस को एनकाउंटर की कार्रवाई करनी पड़ी होगी. ऐसी स्थिति किसी को नहीं आने देना चाहिए. सभी को कानून का पालन करना चाहिए.
यह भी पढ़ें | 'अभिषेक बनर्जी को मारने के लिए किसके पास वक्त...', बीजेपी पर हमले के आरोपों के बीच बोले दिलीप घोष
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं