विज्ञापन
This Article is From Jan 02, 2018

महाराष्ट्र में MBA परीक्षा का पर्चा लीक, तीन छात्र हिरासत में लिए गए

पुलिस ने बताया कि परीक्षा कक्ष में सवालों को हल कर रहे एक छात्र ने कथित तौर पर व्हाट्स ऐप के जरिये प्रश्न पत्र अपने मित्रों को भेजा.

महाराष्ट्र में MBA परीक्षा का पर्चा लीक, तीन छात्र हिरासत में लिए गए
प्रतीकात्मक तस्वीर.
औरंगाबाद: एमबीए पाठ्यक्रम के लिए परीक्षा का पर्चा एक लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये लीक होने के बाद तीन छात्रों को हिरासत में लिया गया. एक अधिकारी ने बताया कि परीक्षा कक्ष में सवालों को हल कर रहे एक एमबीए छात्र ने कथित तौर पर व्हाट्स ऐप के जरिये प्रश्न पत्र अपने मित्रों को भेजा. इसके बाद अधिकारियों ने परीक्षा रद्द कर दी.

यह भी पढ़ें : सेना भर्ती पर्चा लीक : महाराष्ट्र और गोवा से 18 लोग गिरफ्तार, 350 छात्रों को भी हिरासत में लिया गया

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में तीन छात्रों को हिरासत में लिया है. यह घटना शहर के वसंतराव नाइक कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई. डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय 26 दिसंबर से एमबीए फर्स्ट टर्म की परीक्षा आयोजित कर रहा है.

यह भी पढ़ें : बिहार : पर्चे लीक करने के मामले में बिहार कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिरासत में

एक परीक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रबंधकों के लिए एकाउन्टिंग का प्रश्न पत्र हल कर रहे शेख अमजद कलीम ने परीक्षा कक्ष के बाहर अपने दो मित्रों को 'फ्यूचर मैनेजर्स' नाम के व्हाट्स ऐप ग्रुप पर प्रश्न पत्र की तस्वीर भेज दी. राहगीरों ने दोनों युवकों को कॉलेज परिसर में एक पेड़ के नीचे प्रश्न पत्र हल करते देखा और अधिकारियों को सतर्क किया. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शेख के दोनों मित्र एमबीए पाठ्यक्रम के छात्र हैं या नहीं.

VIDEO : सेना में भर्ती का पर्चा लीक, ठाणे क्राइम ब्रांच पुलिस ने पकड़ा रैकेट


घटना के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी और अब इस पेपर की परीक्षा तीन जनवरी को होगी. विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा, तीन छात्रों के तीन साल तक परीक्षा में बैठने पर रोक लगा दी गई है. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि शेख कैसे परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल लेकर गया. पुलिस ने बताया कि अब तक मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com