विज्ञापन

26/11 के टारगेट नारिमन हाउस की तस्वीरें और लोकेशन जुटा रहा था युवक, ATS ने पकड़ा; विदेशी हैंडलर्स से जुड़े तार

पुलिस के अनुसार आरोपी को दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित नारिमन हाउस की रेकी करने का विशेष काम सौंपा गया था.

26/11 के टारगेट नारिमन हाउस की तस्वीरें और लोकेशन जुटा रहा था युवक, ATS ने पकड़ा; विदेशी हैंडलर्स से जुड़े तार
मुंबई में 26/11 के जख्म फिर ताजा हो गए, जहां एक युवक रेकी करते हुए पकड़ा गया है.
  • मुंबई की सुरक्षा एजेंसियों ने यश सिंह को विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर संवेदनशील स्थानों की रेकी करते पकड़ा
  • आरोपी सोशल मीडिया के जरिए विदेशी संपर्कों से जुड़ा था और केरल के यूएपीए मामले से भी उसका संबंध मिला
  • यश सिंह को नारिमन हाउस की रेकी करने का खास काम सौंपा गया था जो यहूदी धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र है

मुंबई और नवी मुंबई में सुरक्षा एजेंसियों ने एक ऐसी गतिविधि का खुलासा किया है जिसने 26/11 हमलों की यादें ताजा कर दी हैं. 20 वर्षीय यश सिंह नाम के युवक को नवी मुंबई के ऐरोली इलाके से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार वह विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर मुंबई के कई संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था और महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर अपने संपर्कों तक पहुंचा रहा था.

जांच में सामने आया है कि वह फोटो खींचने, वाहनों की जानकारी एकत्र करने और खास स्थानों की सटीक लोकेशन जुटाने का काम कर रहा था. इन जानकारियों में यहूदी नागरिकों, विदेशी नागरिकों और उनके कारोबारी प्रतिष्ठानों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल थीं.

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आया

नवी मुंबई एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सूचना मिली थी कि यश सिंह के अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क से संबंध हो सकते हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कुछ विदेशी संपर्कों के संपर्क में था.

जांच आगे बढ़ी तो इसका संबंध केरल के त्रिशूर में दर्ज गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के एक मामले से भी जुड़ा मिला. इसके बाद केरल पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और संयुक्त जांच के बाद यश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.

नारिमन हाउस पर थी खास नजर

पुलिस के अनुसार आरोपी को दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित नारिमन हाउस की रेकी करने का विशेष काम सौंपा गया था. यह इमारत चाबाड हाउस के नाम से भी जानी जाती है और यह यहूदी धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र है.

आरोप है कि आरोपी से यहूदी नागरिकों, उनके संस्थानों, विदेशी नागरिकों और उनके कारोबार से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने को कहा गया था. वह तस्वीरें, वाहन नंबर और लोकेशन जैसी जानकारियां इकट्ठा कर रहा था.

बेरोजगार युवाओं को बना रहे हैं निशाना

एटीएस के मुताबिक पाकिस्तान से जुड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को निशाना बना रहे हैं. उन्हें पैसों का लालच देकर रेकी, जानकारी जुटाने और अन्य संदिग्ध कामों के लिए तैयार किया जा रहा है.

क्यों महत्वपूर्ण है नारिमन हाउस?

नवंबर 2008 में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचकर कई जगहों पर हमला किया था. तीन दिनों तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी और करीब 300 लोग घायल हुए थे.

ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के साथ नारिमन हाउस भी आतंकियों के मुख्य निशानों में था. यहां यहूदी केंद्र के प्रमुख रब्बी गैवरियल होल्ट्जबर्ग, उनकी गर्भवती पत्नी रिवका समेत कई लोगों की मौत हुई थी. घटना के बाद पूरी दुनिया की नजर नारिमन हाउस पर टिक गई थी. यही वजह है कि अब इस जगह की कथित रेकी के मामले को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं.

यह भी पढ़ें | ठाणे से 10 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार; कोर्ट में पेशी, ATS ने ऐसे दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai ATS, Nariman House, Mumbai Security Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com