Vedanta Power Plant Incident: वेदांता पावर प्लांट हादसे में घायल हुए एक और मजदूर ने दम तोड़ दिया है. अब मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है. वहीं, 14 अप्रैल को हुए हादसे की जांच तेज हो गई है. प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियां मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं. सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि हादसे से जुड़े हर बिंदु पर जांच की जा रही है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.
इसी कड़ी में सीआईएसएफ (CISF) की आठ सदस्यीय टीम ने भी प्लांट पहुंचकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है. 18 अप्रैल को टीम ने पिछले 14 दिनों के प्रोडक्शन से जुड़े लॉगबुक की जांच की. साथ ही बीते एक महीने में तकनीकी खराबी के कारण कितनी बार शटडाउन लेना पड़ा, इसकी भी जानकारी जुटाई गई.
कई बार आई तकनीकी खराबी
सूत्रों के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान प्लांट में कई बार तकनीकी खराबियां सामने आई थीं. यहां तक कि हादसे से करीब 10 दिन पहले भी तकनीकी समस्या के चलते शॉर्ट शटडाउन लेना पड़ा था. जांच टीम ने घटना स्थल से अहम सबूत इकट्ठा किए हैं और प्रबंधन से जुड़े लोगों, कर्मचारियों व अधिकारियों से भी पूछताछ की है. फिलहाल प्रशासन का कहना है कि जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
झारखंड निवासी मजदूर की मौत
पावर प्लांट हादसे में घायल झारखंड निवासी श्रमिक ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में रविवार सुबह दम तोड़ दिया. घायलों में अभी भी तीन की हालत नाजुक बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसे पर एक्शन, FIR दर्ज; CM साय बोले- दिए जांच के आदेश, करेंगे सख्त कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं