विज्ञापन

सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस सख्त, अब MP के सभी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का होगा ऑडिट

MP Bank Security: सिंगरौली में 15 करोड़ की बैंक डकैती के बाद MP पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में बैंकों के सिक्योरिटी ऑडिट के आदेश जारी किए हैं. पढ़िए अब क्या कुछ उपाय किया जाएगा.

सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस सख्त, अब MP के सभी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का होगा ऑडिट
सिंगरौली डकैती के बाद मध्य प्रदेश में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू

Singrauli Bank Robbery: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में हुई करोड़ों रुपये की बैंक डकैती ने न सिर्फ प्रशासन को चौंका दिया, बल्कि प्रदेशभर की बैंकिंग व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने बैंकों के सुरक्षा इंतजामों को लेकर सख्त नाराजगी जताई है. अब प्रदेश के सभी जिलों में बैंकों का सिक्योरिटी ऑडिट कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं. इस ऑडिट के जरिए सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी, पैनिक बटन और अलार्म सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं की गहन जांच की जाएगी. पुलिस का साफ कहना है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सिंगरौली डकैती ने खोली सुरक्षा की पोल

हाल ही में सिंगरौली के बैढ़न इलाके में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एक शाखा में करोड़ों की डकैती हुई थी. जांच में सामने आया कि जिस शाखा में यह वारदात हुई, वहां सुरक्षा गार्ड तक तैनात नहीं था. लुटेरे करीब 15 करोड़ रुपये का माल लेकर फरार हो गए. यह तथ्य सामने आते ही पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया और इसे बैंक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही माना गया.

MP Police Bank Security: बैंक सुरक्षा गाइडलाइन

MP Police Bank Security: बैंक सुरक्षा गाइडलाइन

पुलिस मुख्यालय सख्त, सभी एसपी को आदेश

इस घटना के बाद पीएचक्यू ने प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित सभी बैंक शाखाओं का सुरक्षा ऑडिट कराएं. ऑडिट रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया जाएगा कि किन शाखाओं में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है और वहां तत्काल सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए.

बिना सुरक्षा गार्ड नहीं चलेंगी बड़ी शाखाएं

पुलिस मुख्यालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में बड़ी और लोन से जुड़ी बैंक शाखाएं बिना सुरक्षा गार्ड के संचालित नहीं होंगी. जिन बैंकों में गार्ड तैनात नहीं हैं, वहां तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही स्थानीय थानों के पुलिस अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर भी बैंकों के आसपास सार्वजनिक किए जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित संपर्क संभव हो सके.

सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम की होगी गहन जांच

ऑडिट के दौरान सिर्फ सीसीटीवी कैमरों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनकी पिक्चर क्वालिटी, एंगल और कवरेज एरिया की भी जांच होगी. पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि प्रवेश और निकास द्वार पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति का चेहरा साफ नजर आए. इसके अलावा बैंक के आसपास स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों का डेटा भी रिकॉर्ड किया जाएगा, ताकि अपराधियों के भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके.

पैनिक बटन और अलार्म का लाइव टेस्ट

पीएचक्यू के निर्देशानुसार ऑडिट के दौरान बैंकों में लगे पैनिक बटन और अलार्म सिस्टम को लाइव चेक किया जाएगा. देखा जाएगा कि आपात स्थिति में ये सिस्टम कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से काम करते हैं. यदि इनमें कोई तकनीकी खामी पाई गई, तो बैंक प्रबंधन को तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे.

सुरक्षा गार्ड और हथियारों का भौतिक सत्यापन

सिंगरौली की घटना से सबक लेते हुए अब पुलिस हर बैंक में जाकर यह भौतिक सत्यापन करेगी कि वहां सुरक्षा गार्ड तैनात हैं या नहीं. अगर गार्ड मौजूद हैं तो यह भी जांचा जाएगा कि वे सशस्त्र हैं या नहीं और उनके हथियार चालू हालत में हैं या नहीं. इसके साथ ही निजी सुरक्षा गार्डों का पुलिस वेरिफिकेशन भी चेक किया जाएगा, ताकि उनके आपराधिक रिकॉर्ड और विश्वसनीयता की पुष्टि हो सके.

MP Police Bank Security: बैंक सुरक्षा अब होगी सख्त

MP Police Bank Security: बैंक सुरक्षा अब होगी सख्त

अधिकृत सिक्योरिटी एजेंसी लेने की सलाह

पुलिस मुख्यालय ने बैंक प्रबंधन से साफ कहा है कि यदि उनके पास स्थायी सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं हैं, तो वे अधिकृत सिक्योरिटी सर्विस एजेंसी की सेवाएं लें. किसी भी तरह की सुरक्षा में ढिलाई को अब गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जाएगा.

DGP को करना पड़ा दौरा

प्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका माना जा रहा है जब किसी बैंक में इतनी बड़ी डकैती हुई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीजीपी को खुद उस इलाके में डेरा डालना पड़ा. इस घटना ने यह भी दिखाया कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त होते, तो शायद इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था.

लापरवाही करने पर भेजी जाएगी रिपोर्ट

पीएचक्यू ने निर्देश दिए हैं कि जिन बैंक शाखाओं में सुरक्षा मानकों में कोताही पाई जाएगी, उनकी पूरी रिपोर्ट न सिर्फ बैंक प्रबंधन बल्कि पुलिस मुख्यालय को भी भेजी जाएगी. इसके बाद संबंधित बैंक पर जरूरी कार्रवाई भी की जा सकती है.

सुरक्षा को लेकर अब “जीरो टॉलरेंस”

सिंगरौली बैंक डकैती के बाद मध्य प्रदेश पुलिस अब स्पष्ट संदेश दे रही है कि बैंकिंग सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. आने वाले दिनों में इस ऑडिट के जरिए न केवल सुरक्षा खामियां सामने आएंगी, बल्कि बैंकों को सतर्क और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें : सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस का हाई अलर्ट; DGP मौके पर पहुंचे, 5 बदमाश करोड़ों का सोना और कैश लेकर फरार

यह भी पढ़ें : MP STF-SIT की बड़ी कार्रवाई; लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश, 10 करोड़ की थी मांग

यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में गर्मी के तेवर : अगले 4 दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ेगा पारा, IMD ने दी कई जिलों में लू की चेतावनी

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्राहकों की चमकेगी किस्मत,13 लाख परिवारों के खाते में आएंगे 920 करोड़ रुपये

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Singrauli Bank Robbery, MP Bank Security, PHQ Order, Bank Security Audit, MP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com