- रतलाम में बड़ा रेल हादसा टला: ट्रैक पर फंसी कार से टकराई वलसाड-हिसार एक्सप्रेस
- लापरवाही या हादसा; लोगों ने लगाए नशे में लिप्त होने के आरोप
- फाटक बंद होते ही ट्रैक पर फंसी कार, ट्रेन ने मारी टक्कर
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब वलसाड-हिसार एक्सप्रेस (04728) रेलवे ट्रैक पर फंसी एक कार से टकरा गई. घटना रतलाम और नामली रेलवे स्टेशनों के बीच बंजली-सेजावता बायपास स्थित रेलवे फाटक क्रमांक 192 पर हुई. राहत की बात यह रही कि टक्कर से पहले कार में सवार सभी लोग बाहर निकल चुके थे और लोको पायलट ने दूर से ही स्थिति भांपकर ट्रेन की गति कम कर दी थी. इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कार रेलवे ट्रैक और फाटक के बीच फंस गई
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुई. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार चालक प्रणव उपाध्याय रेलवे फाटक बंद होने से ठीक पहले वाहन निकालने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान फाटक बंद हो गया और कार रेलवे ट्रैक और फाटक के बीच फंस गई.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के लोको पायलट ने दूर से ही ट्रैक पर कार को देख लिया था. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन की गति कम की और संभवतः आपातकालीन ब्रेक भी लगाए. इसी वजह से ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित हो गई और दुर्घटना का प्रभाव सीमित रहा.
नशे में होने के आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि लोको पायलट नशे में था. इस पर रेलवे अधिकारियों ने कहा कि हम उसका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट करवाएंगे. रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं.
जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कार किन परिस्थितियों में ट्रैक पर पहुंची और ट्रेन से टक्कर होने की नौबत क्यों आई.
यह भी पढ़ें : महानंदा एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, आरा रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा, बड़े अधिकारी मौके पर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं