विज्ञापन

धुरंधर टेपा सम्मेलन; उज्जैन में राकेश बेदी बने ‘मुख्य टेपा’, हंसी और व्यंग्य के महाकुंभ में ठहाकों की गूंज

Rakesh Bedi Tepa Award: उज्जैन में 53वां अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन आयोजित. अभिनेता राकेश बेदी को मुख्य टेपा सम्मान, कवियों ने श्रोताओं को गुदगुदाया.

धुरंधर टेपा सम्मेलन; उज्जैन में राकेश बेदी बने ‘मुख्य टेपा’, हंसी और व्यंग्य के महाकुंभ में ठहाकों की गूंज
उज्जैन में आयोजित 53वां अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन

Dhurandhar Tepa Sammelan Ujjain: मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस 1 अप्रैल के मौके पर हास्य, व्यंग्य और ठहाकों से सजा 53वां अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन आयोजित किया गया. कालिदास अकादमी में हुए इस अनोखे आयोजन में देशभर से आए कवियों, साहित्यकारों और कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की. सम्मेलन में जहां हास्यास्पद मुकदमों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं फिल्म धुरंधर में जमील जमाली का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता राकेश बेदी ने शायरी और संवादों से माहौल को पूरी तरह संजीदा से हास्य में बदल दिया.

Tepa Sammelan Ujjain: धुरंधर फेम राकेश बेदी बनें धुरंधर टेपा

Tepa Sammelan Ujjain: धुरंधर फेम राकेश बेदी बनें 'धुरंधर टेपा'

धुरंधर टेपा सम्मेलन का आयोजन

1 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस के मौके पर हुए इस आयोजन को ‘धुरंधर टेपा सम्मेलन' नाम दिया गया. कार्यक्रम में अतिथियों को पारंपरिक टेपा वेशभूषा पहनाई गई और उनके प्रशस्ति-वाचन के बाद प्रतीकात्मक और मनोरंजक “चिल्मी मुकदमे” चलाए गए, जो टेपा सम्मेलन की पहचान माने जाते हैं.

राकेश बेदी को मिली ‘मुख्य टेपा' की उपाधि

सम्मेलन का सबसे आकर्षक क्षण तब आया, जब अभिनेता राकेश बेदी को ‘मुख्य टेपा' की उपाधि से नवाजा गया. मंच पर उन पर भी हास्यास्पद मुकदमा चलाया गया, जिसका जवाब उन्होंने अपनी खास हास्य शैली में दिया. श्रोताओं की तालियों के बीच उन्होंने शायरी सुनाई और फिल्म धुरंधर का चर्चित संवाद “मेरा बच्चा” बोलकर पूरे सभागार को ठहाकों से भर दिया.

इन हस्तियों पर भी चले मजेदार मुकदमे

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भाई नंदू यादव, विधायक महेश परमार, एसपी प्रदीप शर्मा समेत कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए. इसके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ और शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र मरमट सहित कई अन्य हस्तियों पर भी व्यंग्यात्मक और हास्यपूर्ण मुकदमे चलाए गए. आयोजन में पत्रकार राहुल यादव, भूपेंद्र भूतड़ा सहित कई लोगों को टेपा अवार्ड देकर सम्मानित किया गया.

देशभर के कवियों ने श्रोताओं को गुदगुदाया

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए कवियों ने अपनी चर्चित हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. मधुबनी (बिहार) से शंभू शिखर, मुंबई से सुभाष काबरा, जयपुर से एकेश पार्थ, कन्नौद की प्रिया खुशबु, धार के लोकेश जडिया और मालवी कवि पं. राहुल शर्मा ने मंच से ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि हंसी का सिलसिला देर तक चलता रहा.

अब तक किन्हें मिला टेपा सम्मान?

टेपा सम्मान अब तक देश के कई नामचीन साहित्यकारों और कलाकारों को दिया जा चुका है. इनमें पं. सूर्यनारायण व्यास, हरिशंकर परसाई, दुष्यंत कुमार, शरद जोशी, जसपाल भट्टी, शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर, अर्चना पूरन सिंह, शैलेश लोढ़ा, भारती सिंह, अली असगर, सुनील पाल और एहसान कुरैशी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं. कोरोना काल के कारण 2019 से 2021 तक सम्मेलन स्थगित रहा, जबकि 2024 में आचार संहिता के चलते आयोजन नहीं हो पाया था.

  1. 1970 पंडित सूर्यनारायण व्यास
  2. 1971 डॉ धर्म भारती
  3. 1972 विश्वनाथ प्रसाद मिश्र
  4. 1973 हरिशंकर परसाई 
  5. 1974 डॉ शिव मंगल सिंह सुमन 
  6. 1975  दुष्यंत कुमार 
  7. 1976 कमलेश्वर 
  8. 1977 राजेंद्र अवस्थी  
  9. 1978 विट्ठल भाई पटेल 
  10. 1979 डॉक्टर भगवत शरण उपाध्याय 
  11. 1980 राजेंद्र माथुर
  12.  1981 डॉक्टर महावीर अधिकारी 
  13. 1982 पंडित गोपाल प्रसाद व्यास 
  14. 1983 काका हाथरसी
  15.  1984 शरद जोशी 
  16. 1985 असित सेन 
  17. 1986 बालकवि बैरागी 
  18. 1987 शैल चतुर्वेदी 
  19. 1988 रविंद्र नाथ त्यागी 
  20. 1989 के पी सक्सेना
  21. 1990 माणिक वर्मा 
  22.  1991 सुरेंद्र शर्मा
  23.  1992 अशोक चक्रधर
  24.  1993 प्रदीप चौबे
  25.  1994 जसपाल भट्टी 
  26. 1995 के के नायकर
  27.  1996 मनोहर श्याम जोशी 
  28. 1997 ओम प्रकाश आदित्य 
  29. 1998 सरोजिनी प्रीतम 
  30. 1999 हुल्लड़ मुरादाबादी 
  31. 2000 अल्हड़ बीकानेरी 
  32. 2001 श्याम ज्वालामुखी 
  33. 2002 लक्ष्मीकांत बर्डे 
  34.  2003 संकट बिहारी 
  35. 2004 असरानी 
  36. 2005 टीकू तलसानिया 
  37. 2006 प्रेम चोपड़ा 
  38. 2007 शक्ति कपूर 
  39. 2008 अलबेला खत्री
  40.  2009 गुलशन ग्रोवर 
  41. 2010 अर्चना पूरन सिंह
  42.  2011 आशुतोष राणा 
  43. 2012 शैलेश लोढ़ा 
  44.  2013 भारती सिंह
  45.  2014 प्रदीप चौबे 
  46. 2015 अली असगर
  47.  2016  सानंद  वर्मा 
  48. 2017 योगेश त्रिपाठी
  49.  2018 बृजेश हीर 
  50. 2019 से 2021 तक कोरोना काल तक स्थगित रहा 
  51. 2022 अभिनेता सुनील पाल
  52. 2023  उदय हिया
  53. 2024 - आचार संहिता के कारण नहीं हो पाया  
  54. 2025 एहसान कुरैशी

उज्जैन की सांस्कृतिक परंपरा को मिला नया रंग

53वें अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हास्य और व्यंग्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने का सशक्त माध्यम भी है. उज्जैन की सांस्कृतिक परंपरा में यह आयोजन एक यादगार कड़ी बनकर जुड़ गया.

यह भी पढ़ें : ‘धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर पुलिस में शिकायत; सिख संगठन का फिल्म निर्माताओं व रणवीर सिंह पर ये आरोप

यह भी पढ़ें : कानपुर के बाद अब रीवा में किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर ठगी; सर्राफा व्यापारी से 56 लाख ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़ें : RTE Admission 2026: MP में आज खुलेगी लॉटरी; प्राइवेट स्कूलों की 1.22 लाख सीटों पर फ्री एडमिशन, यूट्यूब Live

यह भी पढ़ें : बिलासपुर में खूनी संघर्ष: रतनपुर में अवैध संबंध के शक में हत्या; 7 घायल, आरोपी गिरफ्तार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com