विज्ञापन

MP के इथेनॉल प्लांट में बड़ा हादसा, नरसिंहपुर की शुगर मिल में डीडीएस टैंक गिरने से दो मजदूरों की मौत

Ethanol Plant Accident Narsinghpur: नरसिंहपुर जिले के बचई गांव में महाकौशल शुगर मिल के इथेनॉल प्लांट में टैंक गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई. एक सप्ताह से तकनीकी खराबी की बात सामने आई है. पढ़िए पूरी खबर.

MP के इथेनॉल प्लांट में बड़ा हादसा, नरसिंहपुर की शुगर मिल में डीडीएस टैंक गिरने से दो मजदूरों की मौत
इथेनॉल प्लांट में गिरा डीडीएस टैंक

Ethanol Plant Accident Narsinghpur: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. मुंगवानी थाना क्षेत्र के बचई गांव स्थित महाकौशल शुगर मिल परिसर में बने इथेनॉल प्लांट में सोमवार रात भीषण हादसा हो गया. प्लांट के एक बड़े डीडीएस टैंक के अचानक गिरने से दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मृतकों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना ने प्लांट की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

देर रात गिरा डीडीएस टैंक, दो मजदूरों की मौत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार देर रात उस समय हुआ, जब इथेनॉल प्लांट में नियमित मरम्मत और तकनीकी काम चल रहा था. इसी दौरान प्लांट का एक भारी डीडीएस टैंक अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा. टैंक के नीचे काम कर रहे दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला.

मृतकों की पहचान, अस्पताल में घोषित मृत

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान 30 वर्षीय जगदीश यादव और पवन ठाकुर के रूप में हुई है. दोनों मजदूर प्लांट में तकनीकी कार्य से जुड़े हुए थे. गंभीर रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में उन्हें फैक्ट्री की एंबुलेंस से आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

Ethanol Plant Accident Narsinghpur: शुगर मिल में हादसा

Ethanol Plant Accident Narsinghpur: शुगर मिल में हादसा

एक हफ्ते से खराब थी मशीन, बावजूद इसके चलता रहा काम

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इथेनॉल प्लांट में पिछले करीब एक सप्ताह से तकनीकी खराबी बनी हुई थी. मशीन की हालत ठीक नहीं थी और मरम्मत का काम चल रहा था. हादसे के वक्त भी मजदूर उसी टैंक के आसपास काम कर रहे थे. अचानक टैंक का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया.

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, पुलिस जांच की तैयारी में

इस हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. तकनीकी खराबी के बावजूद काम जारी रखना, पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं, यह जांच का अहम बिंदु होगा. फिलहाल मुंगवानी थाना पुलिस परिजनों की शिकायत का इंतजार कर रही है. अभी तक किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू करने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है.

यह भी पढ़ें : दो बच्चे और बुजुर्ग मां है; नौकरी गई अब क्या करूं? NDTV से बरगी क्रूज पायलट ने हादसे को लेकर क्या कुछ कहा

यह भी पढ़ें : ‘हाथ नहीं तो क्या'! मलकानगिरि की लक्ष्मी खेमुडु ने पैरों से लिखकर पास की 10वीं, 240 अंक लाकर रचा इतिहास

यह भी पढ़ें : पुणे में 4 साल की बच्ची से दरिंदगी व हत्या, CM फडणवीस बोले- फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, लाेगों में गुस्सा

यह भी पढ़ें : RTE Admission 2026-27: आरटीई दूसरे चरण में 4 मई से फिर मौका, निजी स्कूलों में बच्चों का फ्री एडमिशन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com