मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर सियासी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है. कांग्रेस प्रत्याशी रहे घनश्याम सिंह ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से बाहर करने की मांग कर दी है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान राजेंद्र भारती ने कांग्रेस के बजाय भाजपा नेताओं के साथ मिलकर काम किया और उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी. घनश्याम सिंह ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने पार्टी आलाकमान और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक शिकायत पहुंचा दी है.
एनडीटीवी से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि राजेंद्र भारती ने पार्टी हितों के खिलाफ काम किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उनके साथ भितरघात हुआ, जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ. इसी वजह से उन्होंने राजेंद्र भारती को पार्टी से निष्कासित करने की मांग पार्टी नेतृत्व के सामने रखी है.
बीजेपी नेताओं के साथ काम करने का आरोप
घनश्याम सिंह ने दावा किया कि राजेंद्र भारती ने भाजपा नेताओं के साथ मिलकर उनके खिलाफ माहौल तैयार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में उन्हें कमजोर करने के लिए हर संभव कोशिश की गई. उनके मुताबिक, भाजपा के साथ मिलकर कांग्रेस उम्मीदवार को नुकसान पहुंचाने की रणनीति बनाई थी.
फंडिंग और पैसे बांटने के लगाए आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि राजेंद्र भारती को भाजपा की ओर से फंडिंग मिली और उन्होंने अपने समर्थकों तथा मित्रों के माध्यम से चुनाव में पैसा बांटने का काम किया. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उनके खिलाफ पूरी ताकत झोंक दी गई, जिससे कांग्रेस को नुकसान पहुंचा.
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी साधा निशाना
घनश्याम सिंह ने राजेंद्र भारती की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी राजनीति की "पिच" और उनकी "पिच" अलग है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजेंद्र भारती का नाम भ्रष्टाचार और घोटालों से जुड़ा रहा है. उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और ऐसे मामलों में कार्रवाई भी हो चुकी है.
कांग्रेस से निष्ठा पर उठाए सवाल
घनश्याम सिंह ने कहा कि राजेंद्र भारती केवल तब तक कांग्रेस के साथ रहते हैं, जब तक उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी उन्हें टिकट नहीं मिलता, वह पार्टी उम्मीदवारों का विरोध करते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी का इतिहास उठाकर देखा जाए तो कई चुनावों में ऐसे उदाहरण मिल जाएंगे.
'भितरघात से कांग्रेस को हुआ नुकसान'
कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि राजेंद्र भारती पहले विधायक रह चुके हैं और उनका अपना प्रभाव क्षेत्र है. उनके कुछ कोर समर्थकों ने चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ काम किया, जिससे वोटों का नुकसान हुआ. घनश्याम सिंह ने दावा किया कि इस कारण दो से तीन हजार वोट इधर-उधर हुए, जिसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं