विज्ञापन

ग्वालियर के सीसीटीवी में दिखे नकाबपोश, चप्पल से खुला राज; पांच घंटे में सुलझी 10 तोला लूट की कहानी

Fake Robbery Case: ग्वालियर में 10 तोला सोने की लूट का पुलिस ने 5 घंटे में खुलासा किया. सीसीटीवी में नकाबपोश दिखे, लेकिन चप्पल के सहारे नाबालिग भाई और दोस्त पकड़े गए. पढ़िए पूरी खबर.

ग्वालियर के सीसीटीवी में दिखे नकाबपोश, चप्पल से खुला राज; पांच घंटे में सुलझी 10 तोला लूट की कहानी
10 तोला लूट फर्जी निकली, चप्पल ने खोला राज, बहन मास्टरमाइंड

MP Crime News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार दोपहर हुई दस तोला सोने की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज पांच घंटे में खुलासा कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश बदमाश नजर आए, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान चप्पलों के सहारे कर उन्हें दबोच लिया. जांच में सामने आया कि यह कोई आम लूट नहीं, बल्कि खुद फरियादी महिला द्वारा रची गई साजिश थी. ऑनलाइन गेम के कारण हुए कर्ज से उबरने और बीमा की रकम हड़पने के लिए महिला ने अपने नाबालिग भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी.

एटीएम तिराहे पर दिखाई दी थी लूट की वारदात

घटना शनिवार की दोपहर बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित एटीएम तिराहे की है. पुरानी छावनी क्षेत्र के पानी की टंकी के पास रहने वाली 25 वर्षीय शेजू सिकरवार ने पुलिस को बताया कि वह केप्री गोल्ड लोन से गिरवी रखा सोना छुड़ाने के बाद पास ही स्थित आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी में करीब दस तोला वजनी सोने के जेवर गिरवी रखने जा रही थी. इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पीछे से झपट्टा मारकर जेवरों से भरा पॉलीबैग छीन लिया और फरार हो गए. जेवरों की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई गई थी.

सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश बदमाश

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज में दो नकाबपोश युवक स्कूटी पर नजर आए, जिससे शुरू में मामला पूरी तरह लूट का लग रहा था. हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास पड़ी एक चप्पल संदिग्ध लगी, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी.

MP Crime News: फर्जी लूट का खुलासा

MP Crime News: फर्जी लूट का खुलासा

पूछताछ में लड़की की कहानी पर हुआ शक

पुलिस पूछताछ के दौरान शेजू सिकरवार के बयान में कई विरोधाभास सामने आए. उसके हाव-भाव और जवाब पुलिस को संदिग्ध लगे. इसके बाद पुलिस ने शेजू की मां को थाने बुलाया. मां ने बताया कि वह हाल ही में कैलारस से ग्वालियर आई थीं और उन्हें एक शादी में जाना था, इसलिए उन्होंने बेटी से गहने लाने को कहा था. यहां पुलिस का माथा ठनक गया, क्योंकि शेजू ने पहले दावा किया था कि वह गहनों को दोबारा लोन के लिए बैंक में रखने जा रही थी.

कर्ज और बीमा ने खोली साजिश की परतें

कड़ाई से पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आ गई. पुलिस जांच में पता चला कि शेजू ऑनलाइन गेम खेलती थी, जिसमें उस पर भारी कर्ज हो गया था. कर्ज चुकाने के लिए उसने गहनों का करीब पांच लाख रुपये का बीमा कराया था. इसी बीमा राशि को हासिल करने के लालच में उसने लूट की झूठी कहानी रची और अपने नाबालिग भाई व उसके दोस्त को स्कूटी से लूट की योजना को अंजाम देने के लिए तैयार किया.

पांच घंटे में गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने चप्पल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग भाई और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया. दोनों से पूछताछ के बाद पूरी वारदात का खुलासा हो गया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस का बयान

ग्वालियर एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि “महिला से हुई लूट की कहानी झूठी है. वारदात की मास्टरमाइंड खुद फरियादी महिला निकली, जिसने अपने नाबालिग भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया. सभी से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.”फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें : पार्वती नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई; पनडुब्बी नष्ट, ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान की सख्त चेतावनी

यह भी पढ़ें : वेदांता ग्रुप की जानलेवा घटनाएं : सक्ती पावर प्लांट धमाके से पहले छत्तीसगढ़ में इस हादसे में हुई थीं 40 मौतें

यह भी पढ़ें : MP Gehu Kharidi 2026: गेहूं उपार्जन की स्लॉट बुकिंग 30 अप्रैल तक, इतने अन्नदाताओं ने MSP पर बेची फसल

यह भी पढ़ें : Tata Energy रीवा में करेगी 28 हजार करोड़ रुपये निवेश; मेगावाट पावर प्लांट से मिलेगा 5 हजार लोगों को रोजगार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com