विज्ञापन

जिसकी हिम्मत है, वो कोशिश करके देख ले... भोजशाला फैसले के बाद SP की सख्त चेतावनी; जुमे के दिन भारी पुलिस बल तैनात

Dhar Bhojshala: हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. एसपी ने सभी लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.

अफवाह फैलाने वालों को एसपी ने दी सख्त चेतावनी.

Bhojshala Puja: धार स्थित भोजशाला मामले में कोर्ट के फैसले के बाद कानून व्यवस्था बिगाड़ने की सोच रखने वालों को गुरुवार को एसपी सचिन शर्मा ने सख्त लहजों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर वो कार्रवाई की जाएगी, जो उन्होंने सोचा तक नहीं था. उन्होंने सभी लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. एसपी के इस चेतावनी का वीडियो भी वायरल हो रहा है.

दरअसल, भोजशाला मामले में हाईकोर्ट के फैसले के बाद इलाके में सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है. इसी क्रम में गुरुवार को शुक्रवार से पहले की शाम को एसपी पुलिस बल के साथ फ्लैग-मार्च पर निकले थे. इसी दौरान उन्होंने कहा, सोशल मीडिया पर जो लोग हाईकोर्ट के फैसले को लेकर अफवाह फैला रहे हैं, गलत जानकारी दे रहे हैं, मैं उनको आखिरी बार समझाइश देने आया हूं. अब तक तो गुरुवार की शाम तक समय उनका था, लेकिन अब कानून का पालन होगा.

जिसकी हिम्मत है, जिसको लगता है कि वो ऐसा कर सकता है तो वह कल प्रयास कर ले. हम उसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं. वह यह मानकर चल ले, जो उसने अब तक नहीं सोचा था, उस पर वह कार्रवाई की जाएगी.

सचिन शर्मा

एसपी (धार)

हाईकोर्ट के फैसले के बाद आज पहला शुक्रवार

दरअसल, 15 मई को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर करार दिया था. इसके बाद से वहां पर हिंदू समुदाय को पूजा करने की अनुमति है.  हाईकोर्ट के फैसले के बाद यह पहला शुक्रवार है, जब मुस्लिम समुदाय को भोजशाला में नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी. उस दौरान कोर्ट ने फैसले में कहा था, भोजशाला परिसर-कमाल मस्जिद का विवादित क्षेत्र एक मंदिर और संस्कृत शिक्षा का केंद्र है. केंद्र सरकार देवी सरस्वती की मूर्ति ला सकती है. हालांकि यहां ASI का पूरा नियंत्रण रहेगा.

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मुस्लिम समुदाय

वहीं, मुस्लिम समाज हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. कमाल मौला वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष और भोजशाला प्रकरण के प्रतिवादी अब्दुल समद खान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुस्लिम समाज न्यायालय के फैसले और संविधान का सम्मान करता है. उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की गई है और मामले में जल्द स्टे मिलने की उम्मीद है. अब्दुल समद खान ने कहा कि प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण शुक्रवार को भोजशाला परिसर में नमाज अदा नहीं की जाएगी. मुस्लिम समाज के लोग अपने घरों और नजदीकी मस्जिदों में जुम्मे की नमाज अदा करेंगे.

ये भी पढ़ेंं- Bhojshala: भोजशाला में आज नहीं होगी नमाज, HC के फैसले के बाद पहले जुमा पर कड़ा पहरा, मोहल्लों की मस्जिदों में होगी नमाज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhar SP, Bhojshala And Kamal Maula Masjid Dispute, Bhojshala Police Force, Bhojshala Saraswati Puja, Bhojshala Namaz
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com