Census 2027: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन ने कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए अनूठी पहल की है. जनगणना में बेहतर और त्रुटिरहित कार्य करने वाले प्रगणकों को न सिर्फ प्रशस्ति पत्र और मूवी टिकट मिलेंगे, बल्कि उन्हें कलेक्टर के साथ सपरिवार डिनर करने का अवसर भी दिया जाएगा. कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान की इस पहल को कर्मचारियों को प्रेरित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. एक मई से शुरू हुई जनगणना के बीच यह निर्णय जिले में चर्चा का विषय बन गया है.
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिलेगा विशेष इनाम
ग्वालियर जिले में जनगणना कार्य में लगे अधिकारी‑कर्मचारियों और प्रगणकों को प्रोत्साहित करने के लिए अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों ने पुरस्कार योजना का प्रस्ताव तैयार किया है. इसके तहत अनुविभाग स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रगणकों को पुरस्कृत किया जाएगा.

Census 2027: ग्वालियर कलेक्टर की पहल
कलेक्टर के साथ सपरिवार डिनर का मौका
पुरस्कार के लिए चयनित प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र, मूवी टिकट जैसे आकर्षक इनाम दिए जाएंगे. इसके साथ ही कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान के साथ सपरिवार डिनर करने का अवसर भी मिलेगा, जिसे प्रशासनिक स्तर पर एक अनोखा प्रयोग माना जा रहा है.
हर अनुविभाग से 25 प्रगणकों का चयन
जिले के प्रत्येक अनुविभागीय जनगणना अधिकारी अपने क्षेत्र से प्रथम श्रेणी के 10, द्वितीय श्रेणी के 10 और तृतीय श्रेणी के 5, यानी कुल 25 प्रगणकों के नाम पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करेंगे.
कार्य की गुणवत्ता होगी चयन का आधार
प्रगणकों के चयन में यह देखा जाएगा कि उन्होंने जनगणना कार्य कब शुरू किया, कब पूरा किया और कार्य कितना त्रुटि‑रहित रहा. इसके अलावा जिन कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों ने विशेष योगदान दिया है, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा.
विशेष योगदान के लिए अलग सम्मान
स्व‑गणना करने, दूसरों को स्व‑गणना के लिए प्रेरित करने, सीएमएमएस पोर्टल पर बेहतर कार्य करने और चार्ज स्तर पर समय‑सीमा में सभी कार्य पूरे करने वाले अधिकारी‑कर्मचारी भी पुरस्कार के पात्र होंगे.
जिले में कुल 208 प्रगणक होंगे सम्मानित
ग्वालियर जिले में कुल 8 अनुविभाग हैं. प्रत्येक अनुविभाग से प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में क्रमशः 10, 10 और 5 प्रगणकों के मान से कुल 200 प्रगणक सम्मानित होंगे. इसके अलावा हर अनुविभाग से एक विशेष श्रेणी का पुरस्कार दिया जाएगा, जिससे कुल 8 शासकीय सेवक भी सम्मानित होंगे.
यह भी पढ़ें : शादी विवाद में भीड़ ने 2 साल की मासूम को कुचला; गर्दन में पैर पड़ने से मौत, छतरपुर से झकझोर देने वाली घटना
यह भी पढ़ें : MP के नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्तियां अटकीं; कांग्रेस और BJP आमने‑सामने, सियासत तेज
यह भी पढ़ें : कांग्रेस के मंच पर ही दिखा घमासान; दिग्विजय सिंह vs जीतू पटवारी, “गुरु-चेला” पर BJP का तंज
यह भी पढ़ें : मजदूर दिवस स्पेशल; सैकड़ों फीट नीचे कैसे सुरक्षित काम करते हैं श्रमिक, चरचा माइंस से NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं