एमपी के भिंड जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हनीट्रैप करने वाले एक गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. यह गिरोह लोगों को फंसाकर उनका वीडियो बनाता और फिर ब्लैकमेल कर लाखों रुपए ऐंठता था. हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में महिलाएं भी शामिल थीं. पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया है, लेकिन जांच में अभी और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है.
ऐसे बुजुर्ग को जाल में फंसाया
पुलिस के मुताबिक, 23 मई को एक 60 वर्षीय किसान बाजार से अपने गांव लछेडी लौट रहा था. इसी दौरान सपना नगर नाम की महिला ने पैर में दर्द होने का बहाना बनाकर उससे मदद मांगी. किसान ने उसे मानवता दिखाते हुए रिक्शे से उसके घर जोशी नगर छोड़ दिया, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि वह एक जाल में फंसने जा रहा है.
चाय के बहाने घर बुलाकर बनाया शिकार
महिला ने किसान को चाय पिलाने के बहाने घर के अंदर बुलाया. वहीं उसे बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाए गए. इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में ब्लैकमेल का जरिया बनाया गया.
वीडियो के दम पर 7 लाख की डिमांड
वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने किसान को धमकाना शुरू कर दिया. उन्होंने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी. इसके बदले में 7 लाख रुपए की मांग की गई. शुरुआत में गिरोह ने किसान से 5 हजार रुपए भी वसूल लिए, जबकि बाकी रकम के लिए खेत बेचने तक का दबाव बनाया जा रहा था.
चार आरोपी गिरफ्तार, कई और की तलाश
लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर किसान ने देहात थाना टीआई शिवप्रताप राजावत से शिकायत की. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हजूरी पुरा गांव से सपना नागर, ममता बघेल, बबलू उपाध्याय और अखिलेश बघेल को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पूछताछ में गिरोह से जुड़े पांच और लोगों के नाम भी सामने आए हैं.
और भी हो सकते हैं शिकार
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसा चुका है. इसलिए अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई इस तरह का शिकार हुआ है, तो वह बिना डर के आगे आए. पुलिस ने भरोसा दिया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं