विज्ञापन
This Article is From Apr 19, 2019

बीजेपी ने हेमंत करकरे पर बयान से पल्ला झाड़ा, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने वापस लिए अपने शब्द

बीजेपी ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का बयान उनकी निजी राय, इसके पीछे उन्हें सालों तक मिली शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना हो सकती है कारण

Also Read in
बीजेपी ने हेमंत करकरे पर बयान से पल्ला झाड़ा, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने वापस लिए अपने शब्द
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हेमंत करकरे पर दिए गए अपने बयान को वापस ले लिया है औप इसके लिए माफी मांगी है.
  • साध्वी ने कहा- उनके बयान से देश के दुश्मनों को फायदा हो रहा
  • कहा - मैं अपना बयान वापस लेती हूं और माफी मांगती हूं
  • हेमंत करकरे को शहीद मानती है भारतीय जनता पार्टी
नई दिल्ली:

भोपाल लोकसभा सीट पर बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का शहीद हेमंत करकरे को लेकर दिया गया बयान उनकी पार्टी के लिए मुसीबत बनता जा रहा है. यही कारण है कि बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान से दूरी बनाकर उसे उनकी निजी राय कहा है. बीजेपी ने कहा है कि वह हेमंत करकरे को शहीद मानती है. दूसरी तरफ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने भी अपना बयान वापस ले लिया है और इसके लिए माफी मांगते हुए कहा है कि यह उनका व्यक्तिगत दर्द है.
   
बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के उस बयान से दूरी बनाई कि आईपीएस अधिकारी हेमंत करकरे उनके द्वारा दिए गए शाप की वजह से 26-11 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए थे. बीजेपी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह उनकी निजी राय है जो सालों तक उन्हें मिली शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की वजह से हो सकती है.

बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान के कारण शुरू हुए विवाद को हल्का करने का प्रयास किया है. पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा का मानना है कि करकरे बहादुरी के साथ आतंकवादियों से लड़ते हुए मारे गए. भाजपा ने हमेशा उन्हें शहीद माना है.'' पार्टी ने दावा किया कि साध्वी प्रज्ञा ने सालों तक पुलिस हिरासत में शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेली, जो उनके इस तरह के बयान की वजह हो सकती है.    

प्रज्ञा ठाकुर ने देर शाम को हेमंत करकरे पर दिया गया अपना बयान वापस ले लिया. उन्होंने कहा कि 'मैंने महसूस किया कि देश के दुश्मनों को इसका फायदा हो रहा है, इसलिए मैं अपना बयान वापस लेती हूं और इसके लिए माफी मांगती हूं. यह मेरी व्यक्तिगत पीड़ा थी.'

भोपाल में बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने शुक्रवार को 26/11 के मुंबई हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे के ख़िलाफ़ विवादित बयान दिया. प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हेमंत करकरे ने उन्हें गलत तरीके से फंसाया है. प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि एक अधिकारी ने हेमंत करकरे से उन्हें छोड़ने का कहा था लेकिन करकरे ने कहा था कि वे कुछ भी करेंगे, सबूत लाएंगे लेकिन साध्वी को नहीं छोड़ेंगे.

0jsq4fgc

मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे पर साध्वी प्रज्ञा का विवादित बयान- मैंने उसे कहा था तेरा सर्वनाश होगा!

प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हेमंत करकरे का यह कदम देशद्रोह था, धर्मविरुद्ध था. साध्वी बोलीं, ''ये उसकी कुटिलता थी ये देशद्रोह था धर्मविरुद्ध था, वो मुझसे पूछता था कि क्या मुझे सच के लिए भगवान के पास जाना होगा, तो मैंने कहा था कि आपको जरूरत है तो जाइए.'' सभा में साध्वी ने कहा, ''मैंने उसे कहा था तेरा सर्वनाश होगा, उसने मुझे गालियां दी थीं. जिस दिन मैं गई तो उसके यहां सूतक लगा था और जब उसे आतंकियों ने मारा तो सूतक खत्म हुआ.''

साध्वी प्रज्ञा प्रचार शुरू करते हुए हो पड़ीं भावुक, कहा- मुझे रात-रात भर बेल्ट से पीटा गया

गौरतलब है कि हेमंत करकरे मुंबई में हुए आतंकी हमले में आतंकवादियों की गोलियों का शिकार हुए थे. इसके अलावा जिस केस में साध्वी प्रज्ञा आरोपी थीं, उस मालेगांव सीरियल ब्लास्ट की जांच उनके पास ही थी. हालांकि, उनकी चार्जशीट पर कई तरह के सवाल खड़े हुए थे.

बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर को कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल लोकसभा सीट से उतारा है. प्रज्ञा ठाकुर और दिग्विजय सिंह एक-दूसरे के खिलाफ पहले कई बार निशाना साध चुके हैं. प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह द्वारा भगवा आतंकवाद और हिन्दू आतंकवाद शब्द कहना गलत है.

VIDEO : मुंबई एटीएस के पूर्व चीफ हेमंत करकरे पर विवादित बयान

(इनपुट एजेंसियों से )

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pragya Singh Thakur, LokSabhaPolls2019, Hemant Karkare
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com