विज्ञापन

क्या रोजमेरी का तेल लगाने से बाल जल्दी लंबे हो सकते हैं? जानें इस तेल के फायदे और बालों में कितनी देर तक लगाएं

हेयर ग्रोथ बढ़ाने के लिए लोग तमाम तरह के तरीके आजमाते हैं. इन्हीं तरीकों में से एक है बालों में रोजमेरी का तेल लगाना. ऐसे में आइए जानते हैं कि बालों में रोजमेरी का तेल लगाने से क्या असर नजर आता है-

क्या रोजमेरी का तेल लगाने से बाल जल्दी लंबे हो सकते हैं? जानें इस तेल के फायदे और बालों में कितनी देर तक लगाएं
रोजमेरी ऑयल के बालों पर फायदे
(Photo Credit: Freepik)

लंबे, घने और मजबूत बाल हर किसी को पसंद होते हैं. हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके बालों की ग्रोथ एक जगह आकर रुक गई है. ऐसे में हेयर ग्रोथ बढ़ाने के लिए फिर वे कई तरह के नुस्खे आजमाने लगते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है रोजमेरी का तेल लगाना. माना जाता है कि ये तेल बालों को ग्रोथ को तेजी से बढ़ाने में असर दिखा सकता है. लेकिन क्या वाकई ऐसा है? आइए जानते हैं बालों में रोजमेरी का तेल लगाने से क्या होता है- 

क्या रोजमेरी ऑयल बालों की ग्रोथ में मदद करता है?

हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, रोजमेरी एक ऐसा पौधा है जिसका इस्तेमाल लंबे समय से खाना बनाने और पारंपरिक इलाज में किया जाता रहा है. इससे तैयार होने वाला रोजमेरी एसेंशियल ऑयल काफी ज्यादा गाढ़ा और कंसंट्रेटेड होता है. साल 2015 में एक स्टडी की गई. इस स्टडी में एंड्रोजेनिक एलोपेसिया यानी पैटर्न हेयर लॉस से परेशान 100 लोगों को शामिल किया गया. इन लोगों को दो ग्रुप में बांटा गया. अब, एक ग्रुप के 50 लोगों पर रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल किया गया और दूसरे ग्रुप के 50 लोगों पर 2% मिनॉक्सिडिल का.

6 महीने तक दोनों ग्रुप के लोग लगातार रोजमेरी ऑयल और मिनॉक्सिडिल का इस्तेमाल करते रहे. 3 महीने तक तो कोई खास असर देखने के लिए नहीं मिला लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद दोनों ग्रुप में बालों की संख्या बढ़ी. नोटिस करने वाली बात यह रही कि रोजमेरी ऑयल और मिनॉक्सिडिल वाले ग्रुप के बीच बालों की संख्या में कोई बड़ा अंतर नहीं मिला. यानी रिसर्च में रोजमेरी ऑयल के नतीजे मिनॉक्सिडिल के जैसे ही थे. जितने बाल मिनॉक्सिडिल इस्तेमाल करने पर बढ़े, उतनी ही ग्रोथ रोजमेरी ऑयल के इस्तेमाल से देखी गई. 

इससे अलग साल 2023 में चूहों पर भी एक रिसर्च की गई. इस रिसर्च में चूहों पर 1% रोजमेरी एसेंशियल ऑयल वाले हेयर लोशन का इस्तेमाल किया गया. नतीजों में सामने आया कि रोजमेरी लोशन से ट्रीट किए गए चूहों के बालों की क्वालिटी पहले से काफी ज्यादा अच्छी हो गई थी. बालों की लंबाई भी तेजी से बढ़ी साथ ही बाल ज्यादा घने और शाइनी दिख रहे थे. 

यानी रोजमेरी ऑयल बालों की ग्रोथ में असर दिखा सकता है. ऐसे में आप भी इस नुस्खे को आजमाकर देख सकते हैं. ये स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को सपोर्ट कर सकता है, जिससे बालों के फॉलिकल्स को बेहतर सपोर्ट मिल सकता है. 

बालों में रोजमेरी ऑयल कैसे लगाएं?

रोजमेरी एसेंशियल ऑयल को सीधे स्कैल्प पर नहीं लगाना चाहिए. इसे हमेशा किसी कैरियर ऑयल (Carrier Oil), जैसे नारियल का तेल या जोजोबा ऑयल के साथ मिलाकर इस्तेमाल करें. 

कितनी मात्रा में लगाएं?

1 चम्मच कैरियर ऑयल में करीब 5 बूंद रोजमेरी एसेंशियल ऑयल काफी होता है.

रोज कितनी देर और कितनी बार लगाएं?

आप इस तेल को 15 से 20 मिनट तक बालों में रख सकते हैं. इसके बाद शैंपू से अच्छी तरह बाल धो लें. शुरुआत हफ्ते में 1-2 बार लगाने से करना बेहतर है. अगर स्कैल्प पर कोई परेशानी नहीं होती है, तो आप अपनी जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. 

इन बातों का रखें ध्यान
  • रोजमेरी एसेंशियल ऑयल आंखों से दूर रखें. आंख में चला जाए तो तुरंत ठंडे पानी से धोएं. 
  • गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इसे इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.
  • सबसे जरूरी बात यह है कि रोजमेरी ऑयल बालों की ग्रोथ में मदद कर सकता है, लेकिन हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा हो, यह जरूरी नहीं है. 

अगर आपके बाल ज्यादा झड़ रहे हों या लगातार पतले हो रहे हों, तो सिर्फ तेल पर निर्भर रहने के बजाय हेयर एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर है.

यह भी पढ़ें- मुझे कैसे पता चलेगा कि कौन सा फाउंडेशन मेरे लिए सही है? स्किन एक्सपर्ट से जानें इस सवाल का जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rosemary Oil, Rosemary Oil For Hair Growth, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com