विज्ञापन

मुझे कैसे पता चलेगा कि कौन सा फाउंडेशन मेरे लिए सही है? स्किन एक्सपर्ट से जानें इस सवाल का जवाब, बस शेड देखने से नहीं चलेगा काम

डर्मेटोलॉजिस्ट जुश्या भाटिया सरीन कहती हैं कि सही फाउंडेशन चुनने के लिए सिर्फ उसका शेड देखना काफी नहीं है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं अपने लिए हमेशा सही फाउंडेशन कैसे चुनें-

मुझे कैसे पता चलेगा कि कौन सा फाउंडेशन मेरे लिए सही है? स्किन एक्सपर्ट से जानें इस सवाल का जवाब, बस शेड देखने से नहीं चलेगा काम
फाउंडेशन खरीदते समय सिर्फ शेड न देखें
(Photo Credit: NDTV)

फाउंडेशन खरीदते समय सबसे पहले हम अपना स्किन शेड देखते हैं. हमें लगता है कि अगर फाउंडेशन का रंग हमारी स्किन से मैच कर रहा है, तो वो हमारे लिए सही है. ज्यादातर लोग स्किन शेड से मैच कर फाउंडेशन घर ले आते हैं. लेकिन फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट जुश्या भाटिया सरीन कहती हैं कि सही फाउंडेशन चुनने के लिए सिर्फ उसका शेड देखना काफी नहीं है. इससे अलग और भी कुछ बातों पर ध्यान देना जरूरी होता है. डर्मेटोलॉजिस्ट ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपने लिए सबसे बेस्ट फाउंडेशन चुनने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

क्या कहती हैं एक्सपर्ट?

डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, सबसे पहले आपको ये पता होना चाहिए कि आपकी स्किन ऑयली है, ड्राई है या कॉम्बिनेशन. फाउंडेशन आमतौर पर तीन तरह के होते हैं- सिलिकॉन बेस्ड, वॉटर बेस्ड और ऑयल बेस्ड. आपको अपनी स्किन टाइप के हिसाब से फाउंडेशन के फॉर्मूला पर ध्यान देना चाहिए. 

ऑयली स्किन के लिए सिलिकॉन बेस्ड फाउंडेशन

डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, अगर आपकी स्किन ऑयली है और आपको मैट लुक पसंद है, तो सिलिकॉन बेस्ड फाउंडेशन आपके लिए अच्छा हो सकता है. इसमें डाइमेथिकोन (Dimethicone) जैसे सिलिकॉन वाले इंग्रीडिएंट मिलते हैं. इस तरह का फाउंडेशन चेहरे की स्किन को ज्यादा स्मूद दिखाने में मदद करता है. पोर्स, एक्ने के निशान और स्किन का असमान टेक्सचर भी कम नजर आता है, साथ ही ये फाउंडेशन आपके चेहरे पर लंबे समय तक टिक सकता है और पसीना आने पर भी कम फैलता है. इसलिए गर्मी में, उमस में या मेकअप को लंबे समय तक चलाने के लिए ये अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

ड्राई और कॉम्बिनेशन स्किन के लिए वॉटर बेस्ड फाउंडेशन

अगर आपकी स्किन ड्राई है या कॉम्बिनेशन स्किन है, तो आपके लिए वॉटर बेस्ड फाउंडेशन लेना अच्छा हो सकता है. इसके साथ ही अगर उस फाउंडेशन में ग्लिसरीन या हायलूरोनिक एसिड जैसे हाइड्रेटिंग इंग्रीडिएंट मौजूद हैं, तो फाउंडेशन और ज्यादा हाइड्रेटिंग हो सकता है. ऐसे फाउंडेशन ड्राई या कॉम्बिनेशन स्किन के लिए बेस्ट होते हैं. अगर आपको चेहरे पर नेचुरल और हल्का ग्लो वाला लुक पसंद है, तो इस तरह का फाउंडेशन चुना जा सकता है.

बहुत ड्राई स्किन के लिए ऑयल बेस्ड फाउंडेशन

बहुत ज्यादा ड्राई या मैच्योर स्किन के लिए ऑयल बेस्ड फाउंडेशन बेहतर ऑप्शन हो सकता है. इनमें पानी बहुत कम या बिल्कुल नहीं होता है. इससे अलग इस तरह के फाउंडेशन में ऑयल और मॉइस्चर देने वाले इंग्रीडिएंट ज्यादा होते हैं. अगर मेकअप लगाने के कुछ घंटे बाद आपका चेहरा पैची दिखने लगता है या मुंह और आंखों के आसपास से फाउंडेशन अलग होने लगता है, तो इसकी वजह ड्राई स्किन हो सकती है. इस तरह की स्किन पर ऑयल बेस्ड फाउंडेशन लगाना बेस्ट हो सकता है.

इस बात का भी रखें ध्यान 

डर्मेटोलॉजिस्ट आगे बताती हैं, सिर्फ फाउंडेशन ही नहीं, प्राइमर का फॉर्मूला भी ध्यान से चुनना चाहिए. कोशिश करें कि प्राइमर और फाउंडेशन एक ही तरह के फॉर्मूला वाले हों. सिलिकॉन बेस्ड प्राइमर को सिलिकॉन बेस्ड फाउंडेशन के साथ इस्तेमाल करना बेहतर रहता है. वहीं, ज्यादा मॉइस्चर वाला प्राइमर ऑयल रिच फाउंडेशन के साथ अच्छी तरह काम कर सकता है.

ऐसे में अगली बार फाउंडेशन खरीदते समय सिर्फ अपना शेड मैच न करें. पहले अपनी स्किन टाइप समझें और फिर उसी के हिसाब से फाउंडेशन का फॉर्मूला चुनें. इससे आपका मेकअप ज्यादा अच्छा दिखेगा और लंबे समय तक भी आपकी स्किन पर टिका रहेगा. 

यह भी पढ़ें- क्या Vicks लगाने से Pimple ठीक हो जाते हैं?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Makeup, Makeup & Beauty, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com