विज्ञापन

पुदीने के पौधे को घना कैसे बनाएं? गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या डालने से पुदीने का पौधा तेजी से बढ़ेगा

फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने पुदीना को उगाने, देखभाल करने और हमेशा हरा-भरा बनाए रखने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

पुदीने के पौधे को घना कैसे बनाएं? गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या डालने से पुदीने का पौधा तेजी से बढ़ेगा
पुदीने के पौधे की मिट्टी में क्या डालें?
(Photo Credit: NDTV)

पुदीना ऐसी चीज है जो खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ाने का काम करता है, साथ ही इसे सेहत के लिए भी बेहद अच्छा माना जाता है. ऐसे में लोग चटनी, सलाद, शरबत और जूस से लेकर कई दूसरी चीजों में इसका इस्तेमाल करते हैं. इसके लिए कुछ लोग बाजार से बार-बार पुदीना खरीदने के बजाय इसे घर में गमले में उगाना भी पसंद करते हैं. लेकिन लोगों की शिकायत रहती है कि गमले में पुदीना बढ़ नहीं रहा है या जल्दी सूख जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पुदीना को उगाने, देखभाल करने और हमेशा हरा-भरा बनाए रखने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

पुदीने के लिए कैसा गमला चुनें?

तरुण चोपड़ा बताते हैं, पुदीने की जड़ें बहुत नीचे तक नहीं जाती हैं, पौधा फैलता ज्यादा है. इसलिए इसे बहुत गहरे गमले की जरूरत नहीं होती है. पुदीने के पौधे को 10 से 12 इंच के ऐसे गमले में लगाएं, जो चौड़ाई में अच्छा हो. गमले में पानी निकलने के लिए ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए. 

यह भी देखें-

गमले में पुदीने का पौधा कैसे लगाएं?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, पुदीने को कटिंग से उगाना काफी आसान है. इसके लिए पुदीने की एक हेल्दी टहनी लें. इसके नीचे की कुछ पत्तियां हटाकर छोटे टुकड़े करें और उन्हें मिट्टी में लगा दें. टहनी के जिन हिस्सों को मिट्टी में दबाया जाता है, वहां से जड़ें निकल सकती हैं. चाहें तो कटिंग को पानी में भी रख सकते हैं. करीब 10-15 दिनों में जड़ें आने के बाद इसे गमले में लगाया जा सकता है.  

पुदीने के पौधे की मिट्टी में क्या डालें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, पुदीने के लिए ऐसी मिट्टी रखें जो पानी को रोककर न रखें या कीचड़ जैसी न बन जाए. इसकी मिट्टी तैयार करने के लिए 30 प्रतिशत गार्डन की मिट्टी में 20 प्रतिशत कोकोपीट, 30 प्रतिशत वर्मी कंपोस्ट, 10 प्रतिशत नीम की खाद और 10 प्रतिशत एप्सम साल्ट डालकर अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी. इन सब से अलग पोट में 1 से 2 ग्राम एंटीफंगल पाउडर भी जरूर डालें. इससे पौधे में फंगस नहीं लगता है.

पुदीने के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, गर्मी के दिनों में पुदीने को आमतौर पर रोज पानी की जरूरत हो सकती है. पानी इतना दें कि मिट्टी अच्छी तरह नम हो जाए, लेकिन चिपचिपी या कीचड़ जैसी न लगे. गमले में पानी देने के बाद एक्स्ट्रा पानी निकल जाना चाहिए. गर्मियों में पौधे को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच की तेज धूप से बचाना भी जरूरी है.  

पुदीने के पौधे को घना कैसे बनाएं? 

इसे लेकर एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका पुदीने की पौधा खूब घना दिखे, तो पौधे की पत्तियां जरूरत के हिसाब से तोड़ते रहें. टहनी को काटने पर आगे नई शाखाएं निकलती हैं. पौधे में फूल आने पर चाहें तो एक-दो डंडियां बीज के लिए छोड़ सकते हैं. बाकी हिस्सों की समय-समय पर कटिंग करते रहें. मिट्टी में बहुत ज्यादा खाद डालने की जरूरत नहीं है. जरूरत पड़ने पर आप करीब 100 ग्राम वर्मी कंपोस्ट मिट्टी की ऊपरी परत में मिला सकते हैं.  

एक्सपर्ट के अनुसार, अच्छी तरह लगाई गई कटिंग करीब 20-25 दिनों में पहली हार्वेस्टिंग के लायक हो जाती है और लगभग 25-30 दिनों में पौधा अच्छी तरह तैयार हो जाता है. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने पोदीने के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- फूलों से लद जाएगा आपका गुड़हल का पौधा, गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com