घर में पेड़-पौधे लगाना हर किसी को पसंद होता है. खासकर लोग अपने घरों में ऐसे पौधे लगाना पसंद करते हैं, जो खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ उनके काम भी आएं. इन्हीं में एक है पान. पान की बेल देखने में बेहद खूबसूरत लगती है, साथ ही कई लोग पान के पत्ते को पूजा में इस्तेमाल करते हैं. इससे अलग पान को सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. अच्छी बात यह है कि पान के पौधे को बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. इसे घर में 12 से 14 इंच के गमले में भी आसानी से लगाया जा सकता है. ऐसे में अगर आप भी अपने घर में पान का पौधा लगाना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पान का पौधा लगाने और इसकी देखभाल का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
घर में कहां लगाएं पान की बेल?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, पान का पौधा तेज और सीधी धूप में अच्छा नहीं रहता है. इसे ऐसी जगह रखना चाहिए जहां रोशनी अच्छी हो, लेकिन धूप छनी हुई मिले. ज्यादा तेज धूप से इसकी पत्तियां जल सकती हैं. यह पौधा नमी और हल्के गर्म मौसम को पसंद करता है. पान के पौधे के लिए करीब 20 से 35 डिग्री तापमान सबसे अच्छा रहता है. अगर इसे बाहर लगाना है तो ग्रीन नेट या पॉलीनेट जैसी छाया वाली जगह में लगाएं.
कैसे लगाएं पान का पौधा?तरुण चोपड़ा कहते हैं, पान के पौधे को कटिंग से लगाना सबसे अच्छा होता है. इसकी बेल की गांठ यानी नोट पर जड़ें निकल आती हैं. इसी हिस्से को काटकर गमले की मिट्टी में लगाया जा सकता है. कटिंग को करीब डेढ़ से दो इंच मिट्टी के अंदर दबाकर अच्छी तरह पानी दें. करीब 25 से 30 दिन में इसमें नई जड़ें और कोपलें आने लगती हैं. इसके बाद पौधे को अलग गमले में लगाया जा सकता है.
पान के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, पौधे के लिए ऐसी मिट्टी रखें जिसमें पानी जमा न हो. मिट्टी तैयार करने के लिए गार्डन की मिट्टी के साथ बदरपू, वर्मी कंपोस्ट, नीम की खाद और थोड़ी मात्रा में एप्सम साल्ट डालकर अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी. आप इसमें पान की कटिंग लगा सकते हैं. कटिंग लगाने के बाद मिट्टी में अच्छी तरह पानी दें.
पान के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?तरुण चोपड़ा कहते हैं, पान के पौधे को नमी पसंद है, लेकिन इसकी मिट्टी बहुत गीली नहीं होनी चाहिए. ऐसे में पौधे में पानी देने से पहले मिट्टी को अच्छी तरह छूकर देखें. मिट्टी में अपनी उंगली डालकर देखें. अगर ऐसा करने से मिट्टी चिपचिपी लगे, तो पौधे में पानी न दें. मिट्टी सूखी लगने पर ही पौधे को पानी दें. इससे अलग आप पौधे की पत्तियों पर दिन में एक से दो बार पानी का छिड़काव कर सकते हैं. इससे पत्तियों पर जमा धूल जमा नहीं होगी.
क्या डालने से पान की बेल बढ़ेगी?बेल को बढ़ाने के लिए एक्सपर्ट 12 इंच के गमले में हर महीने करीब 100 ग्राम वर्मी कंपोस्ट, 50 ग्राम नीम की खाद के साथ एक चम्मच एप्सम साल्ट मिलाने की सलाह देते हैं. ये खाद डालने के बाद हल्की सिंचाई करें.
इस बात का भी रखें ध्यानइन सब से अलग तरुण चोपड़ा कहते हैं, पान की बेल तेजी से ऊपर बढ़ती है, इसलिए इसे चढ़ने के लिए सहारा देना जरूरी है. इसके लिए गमले में मॉस स्टिक जरूर लगाएं. इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने घर में पान का पौधा लगा सकते हैं और इसकी बेल को तेजी से बढ़ा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- जेड प्लांट सूखने लगे तो क्या करना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें जेड प्लांट को मरने से कैसे बचाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं