शादी का दिन हर किसी के लिए खास होता है. हर लड़की चाहती है कि अपनी शादी के दिन वो सबसे खूबसूरत दिखे. उसके चेहरे पर अलग निखार और ग्लो बना रहे. इसके लिए लड़कियां महीनों पहले से महंगे-महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना या ब्यूटी प्रोडक्ट्स लगाना शुरू कर देती हैं. अगर आपकी शादी भी जल्द ही होने वाली है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. स्किन पर निखार बढ़ाने या स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए आप इन ट्रीटमेंट्स या प्रोडक्ट्स से अलग कुछ नेचुरल चीजों का इस्तेमाल भी कर सकती हैं. मशहूर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने ब्राइडल ग्लो के लिए घर पर ही एक फेस पैक बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
क्या कहती हैं न्यूट्रिशनिस्ट?
अपनी वीडियो में श्वेता शाह बताती हैं कि हाल ही में उनकी मुलाकात एक होने वाली दुल्हन से हुई. दुल्हन का चेहरा काफी ग्लो कर रहा था. पूछने पर दुल्हन ने बताया कि वह श्वेता शाह की बताई हुई रेसिपी वाले फेस पैक का ही इस्तेमाल कर रही थी. न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, उनके अलावा कई और लोगों ने भी दुल्हन की चमकती और मुलायम त्वचा की तारीफ की. ऐसे में आप भी अपने चेहरे पर निखार और ग्लो बढ़ाने के लिए इस मास्क को बनाकर लगा सकते हैं.
चाहिए होंगी ये चीजें-इस फेस मास्क को बनाने के लिए आपको
- 1 चम्मच लोध्र चूर्ण
- आधा चम्मच सफेद चंदन पाउडर
- आधा चम्मच मंजिष्ठा पाउडर
- एक चौथाई चम्मच हल्दी
- 1 बड़ा चम्मच मुल्तानी मिट्टी और
- 2 से 3 चम्मच गुलाब जल की जरूरत होगी.
- सबसे पहले एक साफ कटोरी लें. इसमें लोध्र, सफेद चंदन, मंजिष्ठा, हल्दी और मुल्तानी मिट्टी डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब, इसमें धीरे-धीरे गुलाब जल डालें.
- सभी चीजों को तब तक मिलाएं जब तक एक स्मूद पेस्ट तैयार न हो जाए.
- इतना करते ही आपका फेस पैक बनकर तैयार हो जाएगा.
- आप इसे साफ चेहरे पर पतली परत बनाकर लगा सकते हैं.
- फेस पैक को 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरे को धीरे से साफ कर लें.
- इसके बाद आप लाइट मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं.
न्यूट्रिशनिस्ट कहती हैं, ये मास्क फायदेमंद है, लेकिन हर किसी की स्किन अलग होती है. इसलिए इसे चेहरे पर सीधे लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें. इसके लिए पहले फेस पैक को स्किन के थोड़े से हिस्से पर लगाकर देखें. अगर ऐसा करने पर आपको जलन, खुजली या रेडनेस जैसी परेशानी हो, तो इसे चेहरे पर न लगाएं. इससे अलग स्किन पर ग्लो बढ़ाने के लिए पर्याप्त नींद लें, पानी पीते रहें और हेल्दी चीजें खाएं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- चाय पत्ती का पानी बालों में लगाने से क्या होता है? जानें बालों में चाय पत्ती का पानी कैसे लगाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं