अपने घर में छोटे-छोटे पौधे लगाना हर किसी को पसंद होता है. पौधे न केवल घर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं, बल्कि इनसे घर में एक पॉजिटिव माहौल भी बना रहता है. खासकर जेड प्लांट तो अधिकतर लोगों के घरों में होता है. ये पौधा देखने में काफी सुंदर लगता है, साथ ही इसे धार्मिक नजरिए से भी खास माना जाता है. कहा जाता है कि घर में जेड प्लांट रखने से आर्थिक स्थिति बेहतर होती है. ऐसे में कई लोग इसे अपने ऑफिस की डेस्क पर भी रखना पसंद करते हैं. लेकिन अगर आपका जेड प्लांट सूखने लगा है, इसकी पत्तियां झड़ने लगें, लाल पड़ने लगी हैं या पौधा बढ़ नहीं रहा है, तो हो सकता है कि आप इसकी सही देखभाल नहीं कर रहे हैं. फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने जेड प्लांट की सही देखभाल करने और पौधे की ग्रोथ बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इस बारे में-
जेड प्लांट को कहां रखना चाहिए?
गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपका जेड प्लांट सूख रहा है, तो हो सकता है कि आपने इसे सही जगह नहीं रखा है. इसे तेज और सीधी धूप में रखने से इसकी पत्तियां लाल पड़ सकती हैं और बाद में सूखकर गिरने लगती हैं. इसलिए जेड प्लांट को कभी भी तेज धूप में या ऐसी जगह न रखें जहां से इसे सीधी धूप मिले. इससे अलग पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे इनडायरेक्ट लाइट मिले. यानी पौधे को रोशनी मिलती रहे लेकिन सीधी धूप नहीं.
जेड प्लांट में कब और कितने दिनों में पानी देना चाहिए?तरुण चोपड़ा आगे बताते हैं, जेड प्लांट की सबसे बड़ी जरूरत है सही मात्रा में पानी. पौधे को पानी देने से पहले इसकी मिट्टी को अच्छी तरह छूकर देखें. अगर मिट्टी पूरी तरह सूखी लगे, तभी पौधे में दोबारा पानी दें. साथ ही जेड प्लांट में थोड़ा-थोड़ा पानी डालने के बजाय एक बार में अच्छी तरह पानी दें. गमले में ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए. देखें कि गमले के नीचे बने ड्रेनेज होल से पानी बाहर निकल रहा हो. अगर ऐसा नहीं हो रहा है, तो ड्रेनेज होल को तुरंत साफ करें. गमले में पानी रुकने पर पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं और इसके बाद पत्तियां तेजी से गिरने लगती हैं.
खासकर बरसात के मौसम में जेड प्लांट के गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए. गर्मियों में जरूरत के हिसाब से कई दिनों के अंतर पर पानी दिया जा सकता है और सर्दियों में करीब 15-20 दिन बाद पानी दिया जा सकता है.
जेड प्लांट की मिट्टी और खाद कैसी होनी चाहिए?गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, जेड प्लांट के लिए ऐसी मिट्टी बेहतर है जिसमें पानी जमा न हो. मिट्टी में करीब 40 प्रतिशत नॉर्मल मिट्टी, 30 प्रतिशत पर्लाइट या सिंडर, 20 प्रतिशत खाद और 10 प्रतिशत नीम की खली मिलाई जा सकती है. इसमें थोड़ी मात्रा में एंटीफंगल पाउडर और करीब 5 ग्राम एप्सम साल्ट भी मिलाया जा सकता है.
पौधे को साल में करीब तीन से चार बार हल्की खाद दी जा सकती है. एक्सपर्ट के अनुसार, आप फरवरी-मार्च, बरसात से पहले और सितंबर-अक्टूबर में खाद दे सकते हैं. नवंबर के बाद फरवरी तक पौधे में खाद न डालें.
जेड प्लांट सूखने लगे तो क्या करना चाहिए?इस सवाल को लेकर एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपके जेड प्लांट की पत्तियां लगातार गिर रही हैं, सूख रही हैं या पौधा मुरझा रहा है, तो सबसे पहले सही वजह पहचानें. इस कंडीशन में तीन कारण जिम्मेदार हो सकते हैं- या तो आपने पौधा सही जगह नहीं रहा है, आपने पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी दिया है या फिर पौधे की जड़ों में सड़न है. देखें कि पौधा तेज धूप में न रखा हो, साथ ही गमले का ड्रेनेज चेक करें. अगर गमले में पानी जमा है, तो इसे तुरंत साफ करें. आप सावधानी से पौधे को दूसरे गमले में भी लगा सकते हैं.
वहीं, अगर आपका पौधा बहुत कमजोर और पतला हो रहा है, तो उसे थोड़ी ज्यादा रोशनी वाली जगह पर रखना चाहिए. इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने जेड प्लांट को मरने से बचा सकते हैं और पौधे को हमेशा हरा-भरा रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें कड़ी पत्ते सूखने पर क्या करना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं