विज्ञापन

कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें कड़ी पत्ते सूखने पर क्या करना चाहिए

गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना रखने के लिए कुछ आसान बातें बताई हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें कड़ी पत्ते सूखने पर क्या करना चाहिए
कढ़ी पत्ते के पौधे की देखभाल कैसे करें?
(Photo Credit: NDTV)

कड़ी पत्ता खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए लगभग हर घर में इस्तेमाल किया जाता है. दाल से लेकर सब्जी तक, कई चीजों में इसकी पत्तियां डाली जाती हैं. ये न केवल खाने का जायका बढ़ाने का काम करता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. ऐसे में कई लोग घर पर ही कड़ी पत्ते का पौधा लगा लेते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं लेकिन आपका पौधा बढ़ नहीं रहा है या पौधे की पत्तियां सूख रही हैं, तो उसकी देखभाल के तरीके पर ध्यान देना जरूरी है. गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना रखने के लिए कुछ आसान बातें बताई हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

कड़ी पत्ते के पौधे को कितनी धूप दें?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका पौधा हरा-भरा रहे और इसकी पत्तियां सूखे नहीं, तो इसके लिए पौधे को सही धूप देना बहुत जरूरी है. एक्सपर्ट के मुताबिक, कड़ी पत्ते के पौधे के लिए करीब 15 से 35 डिग्री तापमान अच्छा माना गया है. बहुत ज्यादा ठंड में पौधे की बढ़त धीमी हो सकती है. वहीं, 35 डिग्री से ज्यादा गर्मी में तेज धूप से पत्तियां जल सकती हैं. इसलिए बहुत ठंड या तेज गर्मी से पौधे को बचाकर रखें. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां सुबह या शाम की करीब 2 से 3 घंटे धूप मिले. दोपहर की तेज धूप से इसे बचाना बेहतर है.

मिट्टी में पानी जमा न होने दें

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कड़ी पत्ते के पौधे को मिट्टी में नमी चाहिए, लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए. आप मिट्टी में कोकोपीट और वर्मी कंपोस्ट मिला सकते हैं. इससे पौधे में नमी बनी रहेगी. इससे अलग गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए. खासकर बारिश के मौसम में ध्यान रखें कि पानी गमले में रुका न रहे. ज्यादा पानी से पौधे की जड़ें खराब हो सकती हैं.

पौधे को घना कैसे बनाएं?

कड़ी पत्ते के पौधे को घना बनाने के लिए एक्सपर्ट समय-समय पर इसकी ऊपर वाली टिप को काटने यानी ट्रिमिंग करने की सलाह देते हैं. जब ऊपर की टिप काटी जाती है तो वहां से नई टहनियां निकलने लगती हैं. इससे पौधा सिर्फ ऊपर की तरफ बढ़ने के बजाय चारों तरफ फैलने लगता है. ऐसे में पौधे को घना बनाने के लिए एक्सपर्ट हर थोड़े समय में ट्रिमिंग करने को जरूरी बताते हैं.

कड़ी पत्ते के पौधे में खाद कब और कैसे दें?

तरुण चोपड़ा बताते हैं, कड़ी पत्ते का पौधा 12 महीने खिला रहता है. आप इसमें फरवरी के बाद से नवंबर तक करीब दो महीने के अंतर पर खाद दे सकते हैं. इसके साथ ही पौधे की मिट्टी में एंटी-फंगल पाउडर भी डाला जा सकता है. नवंबर से फरवरी तक पौधे में खाद न डालें.

कड़ी पत्ते के पौधे को कीड़ों से कैसे बचाएं?

कई बार पौधे में कीड़ा लगने से भी इसकी ग्रोथ नहीं होती है या पत्तियां सूखकर झड़ने लगती है. अगर आपके पौधे की पत्तियां भी सूख रही हैं, तो ध्यान दें कि कहीं पौधे में कीड़े तो नहीं लगे हैं. वहीं, क्योंकि कड़ी पत्ता खाने में इस्तेमाल किया जाता है, ऐसे में कीड़ों को खत्म करने के लिए इस पौधे पर किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल न करें. इससे अलग आप नीम के तेल को पानी में मिलाकर पत्तियों पर छिड़काव कर सकते हैं. एक्सपर्ट बताते हैं नीम पौधे पर मौजूद कीड़ों को खत्म करने में मदद करता है.

इस तरह आप छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर अपने कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं.

यह भी पढ़ें- Money Plant की पत्तियों को बड़ा और चमकदार कैसे बनाएं? एक्सपर्ट ने बताया मनी प्लांट में क्या डालना चाहिए
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com