मनी प्लांट लगभग हर घर में पाया जाता है. इस पौधे की देखरेख करना काफी आसान होता है, साथ ही मनी प्लांट को घर में रखना अच्छा भी माना जाता है. लेकिन अगर आपके घर में लगा मनी प्लांट लंबे समय से वैसा ही है, इसमें ना तो नई पत्तियां आ रही हैं और ना ही इसकी बेल बढ़ रही है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं मनी प्लांट में क्या डालने से इसकी ग्रोथ बढ़ाई जा सकती है और इसकी पत्तियों को बड़ा और चमकदार बनाया जा सकता है-
मनी प्लांट में क्या डालें?
इसे लेकर फेमस गार्डिंग एक्सपर्ट तरुण चौपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे बताते हैं, कई बार पौधे को मिट्टी से जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते है. ऐसे में सही खाद और थोड़ी सी देखभाल मनी प्लांट की ग्रोथ को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है.
केले के छिलके की खाद आएगी कामतरुण चौपड़ा के मुताबिक, मनी प्लांट के लिए केले के छिलके से बनी खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए केले के छिलकों को अच्छी तरह सुखाकर छोटे टुकड़ों में काटें और पीस लें. इसमें पोटैशियम पाया जाता है. पोटैशियम पौधे की ग्रोथ में मदद करता है. खासकर ये मनी प्लांट की पत्तियों के आकार को बढ़ाने और उनके प्राकृतिक रंग को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है.
चाय की पत्ती आएगी काममनी प्लांट के लिए चाय की पत्ती से बनी खाद भी इस्तेमाल की जा सकती है. इसमें नाइट्रोजन होता है, जो पत्तियों की ग्रोथ और उनकी मोटाई में मदद करता है. इसके लिए इस्तेमाल की हुई चाय की पत्ती को पौधे की मिट्टी में डाल दें. बस ध्यान रखें कि आपको दूध और चीनी वाली चाय की पत्ती सीधे पौधे में नहीं डालनी है. इससे फंगस लगने की परेशानी बढ़ सकती है.
वर्मी कंपोस्ट भी है जरूरीमनी प्लांट को वर्मी कंपोस्ट भी दिया जा सकता है. यह पौधे को कई जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करता है. करीब 12 इंच के गमले में एक मुट्ठी वर्मी कंपोस्ट मिट्टी में मिलाया जा सकता है. तरुण चौपड़ा लगभग 30-40 दिन में एक बार पौधे में वर्मी कंपोस्ट मिलाने की सलाह देते हैं.
एप्सम सॉल्टएप्सम सॉल्ट में मैग्नीशियम और सल्फर होता है. एक्सपर्ट ने 1 लीटर पानी में करीब 5 ग्राम एप्सम सॉल्ट मिलाकर पत्तियों पर स्प्रे करने की सलाह दी है. इसके अलावा आप इस पानी को थोड़ी मात्रा में मिट्टी में भी डाल सकते हैं.
कैल्शियम के लिए ट्राई करें ये घरेलू उपायगार्डिंग एक्सपर्ट आगे बताते हैं, पौधे की जड़ों और पत्तियों के लिए कैल्शियम भी जरूरी है. इसके लिए आप छाछ को पानी में मिलाकर पौधे की जड़ों में डाल सकते हैं. या उबले अंडे के पानी को ठंडा करके भी पौधे में डाला जा सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यानइन सब से अलग गार्डिंग एक्सपर्ट मनी प्लांट की देखभाल करने के लिए कुछ और बातों पर ध्यान देने की सलाह देते हैं. जैसे-
- कभी भी सूखी मिट्टी में खाद न डालें. पहले मिट्टी को हल्का गीला करें और कुछ समय बाद खाद दें.
- जरूरत से ज्यादा पानी भी न दें. गमले की प्लेट में पानी जमा हो तो उसे हटा दें, क्योंकि ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं.
- मनी प्लांट को तेज सीधी धूप वाली जगह पर न रखें. इससे अलग पौधे को वहां रखें जहां हल्की-हल्की धूप आती हो.
- अगर पौधे की पत्तियों पर धूल जमा हो जाए, तो हफ्ते में एक बार पानी से हल्के हाथ से साफ कर दें.
- इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर और थोड़ी नियमित देखभाल के साथ मनी प्लांट की ग्रोथ बढ़ाई जा सकती है, पत्तियां बड़ी और चमकदार बनाई जा सकती हैं.
यह भी पढ़ें- प्रेस पर जम गई है कालिख और कपड़े भी हो रहे हैं खराब? इन आसान तरीकों से मिनटों में साफ हो जाएगा जला हुआ दाग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं