अगर आपके घर में अपराजिता का पौधा लगा है, लेकिन उस पर फूल कम आ रहे हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप इसे फूलों से भर सकते हैं. अपराजिता का पौधा देखने में बहुत सुंदर लगता है. इसके नीले, सफेद और बैंगनी रंग के फूल घर और गार्डन की खूबसूरती बढ़ा देते हैं. यही वजह है कि लोग इसे अपने घरों में लगाना पसंद करते हैं. इसके अलावा अपराजिता के फूलों का इस्तेमाल आयुर्वेद में भी किया जाता है. कई लोग इसके फूलों की चाय बनाकर पीते हैं. माना जाता है कि इससे तनाव कम करने, पाचन ठीक रखने, वजन कम करने और त्वचा और बालों को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है.
इसी कड़ी में गार्डनिंग एक्सपर्ट तारुण चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपराजिता के पौधे की देखभाल के कुछ आसान तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
टिप नंबर 1- सबसे पहले पौधे को सही जगह रखें
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, अपराजिता का पौधा अच्छी धूप में सबसे बेहतर बढ़ता है. इसलिए इसे ऐसी जगह रखें, जहां उसे रोज कई घंटे तक अच्छी धूप मिले. धूप मिलने से पौधा मजबूत होता है और फूल भी ज्यादा आते हैं.
टिप नंबर 2- हर 10 दिन में डालें यह खास खादजब पौधे में नई पत्तियां और टहनियां निकलने लगें, तब हर 10 दिन में उसे खाद दें. इसके लिए 1 बड़ा चम्मच सरसों की खली, 1 बड़ा चम्मच वर्मी कंपोस्ट और आधा चम्मच एप्सम सॉल्ट लें. इन तीनों चीजों को अच्छी तरह मिलाकर पौधे की मिट्टी में डाल दें. तारुण चोपड़ा बताते हैं, यह मिश्रण पौधे को जरूरी पोषण देता है, जिससे उसकी ग्रोथ अच्छी होती है और फूल ज्यादा आने लगते हैं.
खाद डालते समय इन बातों का रखें ध्यानखाद डालने से एक दिन पहले पौधे में अच्छी तरह पानी दें. अगले दिन मिट्टी को हल्का-सा ढीला कर लें और उसमें मौजूद सूखे पत्ते या घास हटा दें. इसके बाद खाद डालें. अगर गमला करीब 22 इंच का है, तो 2 बड़े चम्मच खाद डालें. छोटे गमले में 1 बड़ा चम्मच खाद काफी होती है. खाद डालने के बाद मिट्टी पर थोड़ा पानी छिड़क दें, ताकि खाद अच्छी तरह मिल जाए.
टिप नंबर 3- एप्सम सॉल्ट का स्प्रेएक चम्मच एप्सम सॉल्ट को पानी में मिलाकर घोल तैयार करें. इस घोल का हल्का छिड़काव पौधे की टहनियों और फूलों पर करें. गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, इससे पौधे को अतिरिक्त पोषण मिलता है और उसकी ग्रोथ बेहतर होती है.
इन बातों का भी रखें ध्यानइन सब से अलग गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अपराजिता एक बेल वाला पौधा है. इसलिए इसे ऊपर चढ़ने के लिए किसी डोरी, जाली या स्टैंड का सहारा जरूर दें. अगर पौधे पर मटर जैसे बीज बनने लगें, तो उन्हें तुरंत तोड़ दें. इससे पौधे की ताकत बीज बनाने में नहीं लगेगी और नए फूल ज्यादा आएंगे. इस तरह थोड़ी-सी सही देखभाल और समय पर खाद देने से आपका अपराजिता का पौधा लंबे समय तक खूब फूल देगा.
यह भी पढ़ें- रात को सोने से पहले कभी न करें ये 3 गलतियां, डॉक्टर ने बताया समय से पहले दिखने लगेंगे बूढ़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं