विज्ञापन

प्रेस पर जम गई है कालिख और कपड़े भी हो रहे हैं खराब? इन आसान तरीकों से मिनटों में साफ हो जाएगा जला हुआ दाग

अगर आपकी प्रेस की प्लेट पर भी काली परत जमा हो गई है और इससे आपके कपड़े खराब हो रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको इस कालिख को साफ करने के लिए कुछ आसान ट्रिक्स बता रहे हैं.

प्रेस पर जम गई है कालिख और कपड़े भी हो रहे हैं खराब? इन आसान तरीकों से मिनटों में साफ हो जाएगा जला हुआ दाग
प्रेस से जले हुए दाग कैसे हटाएं?
(Photo Credit: NDTV)

कपड़ों पर प्रेस करते समय कई बार कपड़ा ज्यादा गर्म होकर प्रेस की नीचे वाली प्लेट से चिपक जाता है. इससे प्रेस पर काले दाग और जले हुए कपड़े की परत जम जाती है. समय के साथ ये परत और गाढ़ी होती जाती है. वहीं, अगर समय पर प्रेस साफ न की जाए तो ये गंदगी अगले कपड़े पर भी लगने लगती है. इससे नया कपड़ा खराब हो जाता है और प्रेस से भी जलने की बदबू आती रहती है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको कुछ आसान ट्रिक्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप मिनटों में प्रेस पर जमा कालिख को साफ कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-

नंबर 1- नमक आएगा काम

इसके लिए प्रेस को बिना स्टीम के हल्का गर्म कर लें. इसके बाद प्रेस को बंद कर दें और प्लग भी बाहर निकाल लें. अब, एक लकड़ी के बोर्ड पर खूब सारा नमक डालकर फैला लें. आपको हल्की गर्म प्रेस को नमक के ऊपर करीब एक मिनट तक हल्के हाथ से गोल-गोल चलाना है. अगर ऐसा करने से नमक काला होने लगे, तो नमक बदलकर ये तरीका दोबारा दोहराएं. आप देखेंगे की ऐसा कुछ देर करने से गाढ़ी कालिख पूरी तरह साफ हो जाएगी. इसके बाद प्रेस को एकदम ठंडा करें और गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से बचे हुए नमक और गंदगी को साफ कर दें.

नंबर 2- बेकिंग सोडा से हटाएं जले दाग

बेकिंग सोडा से भी प्रेस की प्लेट पर जमी गंदगी साफ की जा सकती है. इसके लिए 2 भाग बेकिंग सोडा में 1 भाग पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं. इस पेस्ट को प्रेस की प्लेट पर लगाएं. अब, साफ टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें. इसके बाद गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से पूरी प्लेट साफ कर दें.

नंबर 3- पैरासिटामोल भी आ सकती है काम

जमी हुई गंदगी को हटाने के लिए आप पैरासिटामोल टैबलेट भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए प्रेस को हल्का गर्म कर लें. जब प्रेस गर्म हो जाए, तो प्लग हटा दें. इसके बाद गर्म प्रेस पर पैरासिटामोल टैबलेट डालकर किसी चिमटी की मदद से हल्का-हल्का रगड़ें. ऐसा करने से टैबलेट पिघलकर जेल जैसी हो जाती है और गंदगी को ढीला करने में मदद करती है. इसके बाद गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से प्लेट को साफ कर दें.

हालांकि, इस तरीके में बहुत सावधानी बरतना जरूरी है. आपको अपने हाथ को गर्म प्रेस से दूर रखना है. इसके लिए आप फायर रेसिस्टेंट ग्लव्स पहन सकते हैं.

सफाई से पहले रखें इन बातों का ध्यान

प्रेस साफ करने से पहले उसे प्लग से निकाल दें.
सफाई के लिए चाकू, ब्लेड या किसी दूसरी नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें. इससे प्रेस की नीचे वाली प्लेट पर खरोंच आ सकती है.
प्रेस के स्टीम वाले छोटे छेदों पर कोई पेस्ट न लगाएं.
इन सब से अलग सफाई के लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का ही इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें- गार्डनिंग का शौक है तो घर में जरूर लगाएं ये 10 औषधीय पौधे, हमेशा आएंगे काम, घर भी रहेगा महकता
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com