आज करवा चौथ का त्योहार है. इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए निजर्ला उपवास करती हैं और अपने हाथों में मेहंदी जरूर लगवाती हैं. मेहंदी हाथों की खूबसूरती को बढ़ाती है, साथ ही इसे शुभता का प्रतीक भी माना जाता है. लेकिन कई बार मेहंदी लगाते समय इसके दाग कपड़ों पर लग जाते हैं. खासकर जब मेहंदी का रंग हल्के रंग के कपड़ों पर लग जाए, तो उसे छुड़ाना मुश्किल हो जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो गया है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है. यहां हम आपको कपड़ों से मेहंदी के दाग साफ करने का एक बेहद आसान और असरदार नुस्खा बता रहे हैं. ये खास नुस्खा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीप्ति कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
कपड़ों पर मेहंदी का दाग लग जाए, तो क्या करें?
- अपने इंस्टा हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में दीप्ति कपूर बताती हैं, अगर कपड़े पर मेहंदी गिर गई है, तो सबसे पहले उसे साफ कपड़े या टिश्यू की मदद से हल्के हाथों से हटा दें. दाग को जोर से रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे मेहंदी कपड़े के रेशों में और अंदर तक जा सकती है.
- अब, दाग वाली जगह पर दो से तीन बड़े चम्मच सफेद सिरका डालें और इसे एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें.
- एक घंटे बाद कपड़े को नॉर्मल डिटर्जेंट से धो लें. इतना करते ही आपके कपड़े से मेहंदी का दाग पूरी तरह साफ हो जाएगा.
कई बार हम मेहंदी लगाकर सो जाते हैं. ऐसे में मेहंदी हाथों से चेहरे पर भी लग जाती है. दीप्ति कपूर ने इसके लिए भी हैक शेयर किया है. वे बताती हैं, अगर गलती से हाथों की जगह आपके चेहरे या कहीं और भी स्किन पर मेहंदी लग गई है, तो इसके लिए सबसे पहले एक कॉटन पैड लें. इस पर थोड़ा सा मेकअप रिमूवर डालें और जहां मेहंदी का दाग लगा है, वहां हल्के हाथों से साफ करें.
ध्यान रखें कि आपको अपनी स्किन को बहुत जोर से रगड़ना नहीं है, इससे स्किन छिल सकती है या त्वचा में जलन हो सकती है. कॉटन पैड से धीरे-धीरे पोछते हुए मेहंदी को साफ करें. इस तरह आप इन छोटे-छोटे हैक से कपड़ों या स्किन पर लगे मेहंदी के निशानों को साफ कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- Karva Chauth Mehndi Design: करवा चौथ कल, यहां देखें मेहंदी के लेटेस्ट और खूबसूरत डिजाइन की Photos
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं