विज्ञापन

कुत्ते की खुजली रोकने के लिए क्या करें? ये 4 काम करने से मिल सकती है राहत

डॉग को कभी-कभार हल्की खुजली होना आम बात है, लेकिन अगर कुत्ता लगातार खुजा रहा है, त्वचा को चाट रहा है या बार-बार शरीर को रगड़ रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आइए जानते हैं इस कंडीशन में क्या किया जा सकता है.

कुत्ते की खुजली रोकने के लिए क्या करें? ये 4 काम करने से मिल सकती है राहत
कुत्ते को बार-बार हो रही है खुजली? जानें क्या करें
(Photo Credit: Freepik)

घर में पालतू कुत्ता हो तो उसकी साफ-सफाई और सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी होता है. कई बार कुत्ता बार-बार शरीर खुजाता है, पंजों से त्वचा रगड़ता है या बिना किसी वजह के बेचैन नजर आता है. अगर आपका डॉग भी ऐसा कुछ कर रहा है, तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. यहां हम आपको कुछ आसान तरीके बता रहे हैं, जिन्हें आजमाकर आप अपने डॉग को इस कंडीशन से राहत दिला सकते हैं. 

कुत्ता बार-बार खुजली करे तो क्या करें?

पिस्सू और टिक पर दें ध्यान

कुत्तों में खुजली की सबसे आम वजह पिस्सू और टिक होते हैं. ऐसे में सबसे पहले अपने डॉग को अच्छे से चेक करें. अगर आपको उसकी स्किन पर पिस्सू या टिक नजर आएं, तो आप एक्सपर्ट की सलाह के बाद पिस्सू और टिक से बचाने वाली दवा दे सकते हैं. ध्यान रखें कि आपको डॉग को खुद से कोई दवाई नहीं देनी है. बाजार में ऐसी कई दवाएं मिलती हैं, जो टिक साफ करने का दावा करती हैं. लेकिन हर दवा हर कुत्ते के लिए सही नहीं होती. एक्सपर्ट आपके कुत्ते की उम्र, वजन और सेहत के हिसाब से आपको सही दवा बताते हैं. 

इसके अलावा घर में कुत्ते के सोने की जगह, बिस्तर और आसपास की सफाई करना भी जरूरी है. 

फिश ऑयल से मिलेगी मदद 

फिश ऑयल में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है. ये आपके डॉग की स्किन को हेल्दी रखने में मदद कर सकता है. कई बार ड्राई स्किन की वजह से भी खुजली की परेशानी बढ़ जाती है. ऐसे में फिश ऑयल राहत दे सकता है. बाजार में कैप्सूल और लिक्विड दोनों तरह के फिश ऑयल मिलते हैं, आप इसे अपने डॉग के खाने में मिलाकर दे सकते हैं. लेकिन इसे कितनी मात्रा में देना है, इसे लेकर एक बार एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें. जरूरत से ज्यादा फिश ऑयल देने से डॉग का पेट खराब हो सकता है.

ओटमील शैंपू इस्तेमाल करें

अगर आपको अपने डॉग की स्किन पहले से ज्यादा ड्राई लग रही है, तो आप उसके लिए ओटमील शैंपू इस्तेमाल कर सकते हैं. ऐसे शैंपू त्वचा को नमी देने और हल्की जलन को शांत करने में मदद कर सकते हैं. कुत्ते पर इंसानों वाला शैंपू इस्तेमाल न करें. इंसानों और कुत्तों की त्वचा अलग होती है, आपका इस्तेमाल करने वाला शैंपू आपके डॉग की स्किन को जरूरत से ज्यादा ड्राई कर सकता है, जिससे खुजली के साथ-साथ जलन या रैश की परेशानी भी बढ़ सकती है. 

कुत्ते के खाने पर भी दें ध्यान

आपका डॉग क्या खाता है, इसका असर भी उसकी स्किन पर पड़ सकता है. डॉग को हमेशा ऐसा खाना दें,  जिसमें उसकी जरूरत के हिसाब से प्रोटीन, फैट, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व मौजूद हों. कुछ कुत्तों को खाने में मौजूद कुछ खास चीजों से एलर्जी हो सकती है. ऐसे में अपने डॉग पर ध्यान दें. अगर कोई खास चीज खाने से वो ज्यादा खुजली करे या बैचेन महसूस हो, तो उसे तुरंत वो चीज देना बंद कर दें. 

कब है डॉक्टर को दिखाने की जरूरत?
  • अगर इन 4 बातों पर ध्यान देने के बाद भी खुजली बंद नहीं हो रही है, इसके साथ डॉग की स्किन बहुत ज्यादा लाल हो गई हो
  • स्किन पर घाव या पपड़ी बनने लगी हो
  • डॉग के बाल ज्यादा झड़ रहे हों
  • त्वचा से बदबू आ रही हो
  • कुत्ता किसी एक जगह को लगातार चाट या काट रहा हो
  • छूने पर उसे दर्द हो रहा हो या
  • त्वचा पर दाने या गीले घाव दिखाई दे रहे हों तो एक बार एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.

ये बैक्टीरिया या यीस्ट इंफेक्शन के लक्षण हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में सिर्फ नहलाने या कोई घरेलू उपाय करने से समस्या ठीक नहीं होती. खुजली लगातार बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

यह भी पढ़ें- चूहों को बिना मारे घर से दूर कैसे भगाएं? इस तरीके से घर में एक भी चूहा नहीं आएगा नजर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dog, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com