आजकल मार्केट में मिलने वाले कई साबुनों में अलग-अलग तरह के केमिकल्स मिलाए जाते हैं, जिसकी वजह से कुछ लोगों को स्किन से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं. ऐसे बहुत से लोग घर पर ही नेचुरल और हर्बल ऑप्शन देखते हैं. अगर आप भी घर पर आसान तरीके से हर्बल साबुन बनाना चाहते हैं, तो एलोवेरा, आलू और कुछ अन्य चीजों की मदद से साबुन तैयार कर सकते हैं. ये तरीका उन लोगों के लिए अच्छा है, जो अपनी स्किन के लिए हल्के और नेचुरल उत्पादों का उपयोग करना पसंद करते हैं. चलिए आपको बताते हैं घर पर आलू और एलोवेरा से नेचुरल साबुन कैसे बनाएं?
घर पर साबुन कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @HealthBox नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में आलू और एलोवेरा से घर पर साबुन बनाने का तरीका बताया है. इस साबुन को बनाने के लिए आपको 1 आलू, 1 चम्मच एलोवेरा जेल, 1 चम्मच नारियल तेल, 2 विटामिन E कैप्सूल, 2 चम्मच दूध और 200 ग्राम सोप बेस चाहिए होगा. आप आसानी से इन सभी चीजों को मिलाकर साबुन तैयार कर सकते हैं.
आलू का रस
सबसे पहले आलू को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें मिक्सर में पीस लें. पीसने के बाद किसी छन्नी या कपड़े की मदद से इसका रस निकाल लें. आलू का रस तैयार होने के बाद इसमें दूध, एलोवेरा जेल, नारियल तेल और विटामिन E का तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
सोप बेस को पिघलाएं
अब 200 ग्राम सोप बेस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. छोटे टुकड़े जल्दी पिघलते हैं और मिश्रण भी अच्छी तरह तैयार होता है. सोप बेस को सीधे गैस पर गर्म करने के बजाय डबल बॉयलर विधि का उपयोग करें. इसके लिए एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर दूसरा बर्तन रखकर सोप बेस को धीरे-धीरे पिघलाएं. जब सोप बेस पूरी तरह पिघल जाए, तो उसमें पहले से तैयार आलू और एलोवेरा वाला मिश्रण मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह चलाते हुए 1 से 2 मिनट तक मिलाएं.
मोल्ड में डालकर करें सेट
तैयार मिश्रण को सिलिकॉन मोल्ड या साबुन के सांचे में डाल दें. इसके बाद इसे कमरे के तापमान पर 2 से 3 घंटे के लिए छोड़ दें इस दौरान मोल्ड को हिलाएं नहीं ताकि साबुन अच्छी तरह सेट हो सके. कुछ घंटों बाद साबुन पूरी तरह जम जाएगा. अब इसे सावधानी से मोल्ड से बाहर निकाल लें. आपका घर का बना हर्बल साबुन तैयार है.
यह भी पढ़ें:- घर पर सहजन कैसे उगाएं? गमले में मोरिंगा लगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- गुलाब के फूल का बाम कैसे बनाएं? घर पर गुलाब से लिप बाम बनाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं