विज्ञापन

गेंदे के फूल कैसे बोए जाते हैं? जानिए गेंदे के पौधे पर ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें

अगर आप भी अपने बगीचे को रंग-बिरंगे फूलों से भरना चाहते हैं तो आप गेंदे का पौधा लगा सकते हैं. इसी कड़ी में आइए जानते हैं फूलों से गेंदे का पौधा कैसे लगाएं और ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें

गेंदे के फूल कैसे बोए जाते हैं? जानिए गेंदे के पौधे पर ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें
गेंदे के पौधे में फूल तेजी से कैसे लाएं?
Photo Credit: NDTV

How to Grow Marigold Plant Faster: गेंदा सर्दियों के मौसम का एक बेहद लोकप्रिय फूलदार पौधा है, जो लगभग हर घर और बगीचे की खूबसूरती बढ़ाता है. हर कोई इस पौधे को अपनी क्यारी या बगीचे में लगाना पसंद करता है. इसकी खास बात ये है कि इसे न केवल नर्सरी से लाकर आसानी से उगाया जा सकता है, बल्कि पिछले सीजन के सूखे फूलों और मालाओं से भी नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं. इसके लिए बस सही मिट्टी, पर्याप्त धूप, पानी और समय-समय पर सही खाद देने की जरूरत होती है. इससे न केवल पौधा तेजी से बढ़ता है बल्कि उसमें भरपूर मात्रा में फूल भी आते हैं. अगर आप भी अपने बगीचे को रंग-बिरंगे फूलों से भरना चाहते हैं तो आप गेंदे का पौधा लगा सकते हैं. इसी कड़ी में आइए जानते हैं फूलों से गेंदे का पौधा कैसे लगाएं और ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें 

सूखे फूलों से कैसे तैयार करें बीज?

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सूखे गेंदे के फूलों में बड़ी मात्रा में बीज मौजूद होते हैं. नया पौधा उगाने के लिए केवल पूरी तरह पके हुए काले रंग के बीज ही इस्तेमाल करें. इसके लिए आप पूजा में इस्तेमाल होने वाली सूखी गेंदे की मालाओं से भी बीज निकालकर रख सकते हैं. इससे हर साल नए बीज खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

कैसी मिट्टी होती है जरूरी?

गेंदे के बीजों के बेहतर अंकुरण के लिए हल्की, भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके लिए साधारण बगीचे की मिट्टी, कोकोपीट और वर्मीकम्पोस्ट का मिश्रण सबसे फायदेमंद माना जाता है. अगर आप बीज किसी बड़े गमले या ट्रे में उगा रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी सतह को एकसार कर लें और ऊपर से कोकोपीट व वर्मीकम्पोस्ट की हल्की लेयर बिछा दें. इससे मिट्टी में नमी बनी रहती है, बीजों को पूरा पोषण मिलता है और ग्रोथी भी तेजी से होती है. 

यह भी पढ़ें: Diwali Diya Tips: दिवाली पर दीया बार-बार बुझने की टेंशन खत्म, जानिए बत्ती से जुड़ा ये आसान टिप्स

बीज लगाने का सही तरीका

गेंदे के बीज लगाने के लिए सबसे पहले सूखे फूलों को तोड़कर उनके बीजों को गमले या ट्रे पर फैला दें. इसके बाद ऊपर से हल्की और भुरभुरी मिट्टी की एक पतली लेयर डालकर बीजों को ढक दें. ध्यान रखें कि बीज बहुत ज्यादा गहराई में न दबें, क्योंकि इससे उनकी ग्रोथ होने में परेशानी हो सकती है. अब स्प्रे बोतल या हाथ की मदद से हल्का पानी छिड़कें ताकि मिट्टी नम बनी रहे. बीज लगाने के बाद गमले को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो, लेकिन तेज और सीधी धूप न पड़ती हो. साथ ही मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

कितने दिन में निकल आते हैं पौधे?

सही देखभाल मिलने पर गेंदे के बीज आमतौर पर 5 से 7 दिनों के अंदर ग्रो होने लगते हैं. कुछ बीजों को निकलने में 8 से 10 दिन भी लग सकते हैं. जब छोटे-छोटे पौधे दिखाई देने लगें, तब भी उन्हें कुछ दिनों तक सेमी-शेड में ही रखें और मिट्टी को हल्का नम बनाए रखें.

ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें?

अगर आप बिना किसी केमिकल फर्टिलाइजर के गेंदे के पौधे में भरपूर फूल खिलाना चाहते हैं, तो आप घर में मौजूद कुछ चीजों से खाद बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. ये खाद पौधे को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ नई कलियों और फूलों को बढ़ाने में मददगार साबित होती है.

जरूरी चीजें

  • 1 से 2 मुट्ठी गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट
  • 2 से 3 प्याज के छिलके
  • 1 से 2 केले के छिलके
  • 1 से 1.5 लीटर पानी

कैसे बनाएं खाद?

सबसे पहले केले के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उन्हें एक बर्तन में डाल दें. इसके बाद प्याज के छिलके और गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिलाएं. अब इसमें 1 से 1.5 लीटर पानी डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिला लें. इस घोल को 2 से 3 दिनों तक किसी छाया  वाली जगह पर ढककर रखें ताकि सभी पोषक तत्व पानी में अच्छी तरह घुल जाएं. फिर इस मिश्रण को छान लें और तैयार लिक्विड खाद को पौधों में डालें. हालांकि, गर्मियों के मौसम में इस घोल को एक दिन से ज्याजा समय तक न रखें, क्योंकि अधिक समय तक रखने पर यह खराब हो सकता है. 

खाद कब और कितनी बार दें?

गेंदे के पौधे में इस लिक्विड खाद का इस्तेमाल हर 10 से 15 दिन के अंतर पर किया जा सकता है. दरअसल, नियमित रूप से इसे इस्तेमाल करने पर पौधे को पोटाश, फास्फोरस और बाकी जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जिससे पौधा हेल्दी रहता है.

यह भी पढ़ें: Kitchen Cleaning Hack: जले और काले बर्तन कैसे साफ करें? कोयले, नींबू और सिरके से हटाएं जिद्दी कालापन

यह भी पढ़ें: क्या मनी प्लांट हमेशा के लिए पानी में उग सकते हैं? जानिए मनी प्लांट लगाने के आसान टिप्स और ट्रिक्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Gardening Hacks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com