Ghar Par Adrak Kaise Ugayein: अदरक भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. खासतौर से सर्दियों के मौसम में चाय से लेकर सब्जियों तक, इसका इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है. अच्छी बात ये है कि अदरक को घर की छत, बालकनी या छोटे से गार्डन में भी आसानी से उगाया जा सकता है. ऐसे में अगर आप भी गमले में अदरक उगाना चाहते हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको घर पर गमले में अदरक उगाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. सही समय, सही मिट्टी और कुछ आसान तकनीकों की मदद से भरपूर फसल हासिल कर सकते हैं. आइए जानते हैं गमले में अदरक उगाने का सही तरीका. इसकी जानकारी @terracegardening नाम के यूट्यूब चैनल से शेयर की गई है.
अदरक लगाने का सही समय
अदरक लगाने के लिए मई और जून का महीना सबसे सही माना जाता है. इस समय तापमान और नमी की स्थिति अदरक की वृद्धि के लिए अनुकूल रहती है. इसके अलावा आप सर्दियों में भी अदरक उगा सकते हैं.
अदरक का बीज कैसे तैयार करें?
अदरक की खेती के लिए अलग से बीज की जरूरत नहीं होती. बाजार में मिलने वाला ताजा अदरक ही बीज के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. बीज अंकुरित करने के लिए आप एक बाउल में टिशू पेपर बिछाएं. फिर टिशू पेपर को हल्का गीला कर लें. इसके ऊपर अदरक रखें और गीले टिशू से ढक दें. लगभग 20 से 25 दिनों में अदरक पर अंकुर और जड़ें निकलने लगेंगी. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अंकुरित अदरक लगाने पर जल्दी बढ़ता है और इसकी ग्रोथ को आसानी से मॉनिटर किया जा सकता है.

कैसा गमला चुनें?
अदरक को उगाने के लिए कम से कम 10 से 12 इंच गहरा और 12 से 24 इंच चौड़ाई गमला या ग्रो बैग चुनें. इससे जड़ों और गांठों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है.
मिट्टी कैसी होनी चाहिए?
अदरक के लिए भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है. मिट्टी तैयार करने के लिए आप 30% मिट्टी, 30% कोकोपीट, 30% गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट, 10% नीम खली, बोनमील और अन्य ऑर्गेनिक खाद मिलाएं.
यह भी पढ़ें: बनारसी और सिल्क साड़ी की सफाई घर पर वॉशिंग मशीन में कैसे करें? ड्राई क्लीनिंग से पहले जान लें ये तरीका
अदरक लगाने का तरीका
अदरक लगाने के लिए मिट्टी में 1 से 2 इंच गहरा गड्ढा बनाएं. फिर अंकुरित अदरक को इस तरह रखें कि अंकुर ऊपर की ओर रहे. अब हल्की मिट्टी से ढक दें. फिर ऊपर से थोड़ी राख बिखेर दें. अब अच्छी तरह पानी दें ताकि पूरी मिट्टी नम हो जाए. अदरक लगाने के बाद गमले की सतह को कार्डबोर्ड के छोटे-छोटे टुकड़ों से ढक सकते हैं.
अदरक के पौधे की देखभाल
मिट्टी सूखी दिखने पर ही पानी दें.
ज्यादा पानी देने से जड़ें और तने सड़ सकते हैं.
हर 2 से 3 महीने में गोबर खाद या वर्मीकंपोस्ट डालें.
पौधे को जलभराव से बचाएं.
अदरक तैयार होने में कितना समय लगता है?
अदरक को पूरी तरह तैयार होने में लगभग 8 से 9 महीने लगते हैं। जब पौधे की पत्तियां सूखने लगें, तब अदरक की खुदाई की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: DIY Planter: फल-सब्जी रखने वाली टोकरी से घर पर बनाएं शानदार गमला, बस इन चीजों की होगी जरूरत, जान लें हैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं