विज्ञापन

20s, 30s और 40s में कैसे रखें अपनी स्किन का ध्यान? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए अपनी उम्र अनुसार स्किनकेयर रुटीन

20s, 30s और 40s में त्वचा की देखभाल को लेकर अलग-अलग चुनौतियां सामने आती हैं. ऐसे में ये समझना जरूरी है कि हर उम्र में त्वचा की जरूरतें क्या होती हैं और उसके अनुसार स्किनकेयर रूटीन में क्या बदलाव किए जाने चाहिए.

20s, 30s और 40s में कैसे रखें अपनी स्किन का ध्यान? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए अपनी उम्र अनुसार स्किनकेयर रुटीन
हर उम्र में स्किनकेयर रुटीन कैसा होना चाहिए?
Photo Credit: NDTV

Age Wise Skincare Routine: उम्र बढ़ने के साथ हमारी त्वचा की जरूरतें भी बदलती रहती हैं, लेकिन कई लोग सालों तक एक ही स्किनकेयर रूटीन अपनाए रहते हैं. यही वजह है कि 20s, 30s और 40s में त्वचा की देखभाल को लेकर अलग-अलग चुनौतियां सामने आती हैं. ऐसे में ये समझना जरूरी है कि हर उम्र में त्वचा की जरूरतें क्या होती हैं और उसके अनुसार स्किनकेयर रूटीन में क्या बदलाव किए जाने चाहिए, ताकि स्किन लंबे समय तक हेल्दी, चमकदार और जवान दिख सके. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि 20s, 30s और 40s में स्किनकेयर कैसा होना चाहिए. इसकी जानकारी ऑनलाइन चिकित्सा मित्र में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर सहाना एन सी ने दी है. आइए जानते हैं...

20s में कैसा होना चाहिए स्किनकेयर?

डॉक्टर सहाना बताती हैं कि इस उम्र में मुंहासे, अतिरिक्त तेल और टैनिंग आम हैं. ऐसे में तीन चीजें लाइट क्लेंजर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन काफी हैं. अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी के अनुसार सनस्क्रीन ब्रॉड स्पेक्ट्रम हो और उसका SPF कम से कम 30 हो. धूप में हों तो इसे हर दो घंटे में लगाना चाहिए. साथ ही चेहरा बार बार धोना या एक साथ कई प्रोडक्ट आजमाना उलटा असर कर सकता है. इसके अलावा अपने मन से स्टेरॉयड वाली क्रीम चेहरे पर कभी न लगाएं. 

यह भी पढ़ें: तौलिए से ब्लैकहेड्स कैसे हटाएं? जानिए ब्लैकहेड्स हटाने का आसान तरीका

30 की उम्र में कैसा होना चाहिए स्किनकेयर?

डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया कि तीस की उम्र के आसपास आंखों के पास हल्की लकीरें, छोटे-मोटे दाग-धब्बे या त्वचा की कम होती रौनक नजर आने लगती है. ये एजिंग का एक आम प्रोसेस है. इस उम्र में स्किनकेयर रूटीन में विटामिन C जैसे एंटीऑक्सिडेंट्स और जरूरत के अनुसार रेटिनॉइड्स को शामिल किया जा सकता है. जानकारी के लिए बता दें कि रेटिनॉइड्स का इस्तेमाल रात में किया जाता है और गर्भावस्था के दौरान इनसे बचने की सलाह दी जाती है. इसलिए इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करने से पहले त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें. इसके साथ ही पर्याप्त नींद लेना और तनाव को नियंत्रित रखना भी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने के लिए उतना ही जरूरी है.

40 की उम्र वाला स्किनकेयर

चालीस की उम्र के बाद शरीर में हार्मोनल बदलाव होने लगते हैं, जिसका असर त्वचा पर भी दिखाई दे सकता है. इस दौरान स्किन पहले की तुलना में ज्यादा सूखी महसूस हो सकती है और उसकी कसावट भी कम होने लगती है. डॉक्टर सहाना ने बताया कि अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (AAD) के अनुसार, मेनोपॉज के शुरुआती 5 सालों में त्वचा लगभग 30 प्रतिशत तक कोलेजन खो सकती है, जिससे फाइन लाइन्स और झुर्रियां ज्यादा नजर आने लगती हैं. ऐसे में स्किनकेयर रूटीन में ऐसे मॉइस्चराइजर को शामिल करें, जिनमें सेरामाइड, हायलूरोनिक एसिड और ग्लिसरीन जैसे तत्व मौजूद हों. इसके साथ ही रोजाना सनस्क्रीन लगाना न भूलें, क्योंकि बढ़ती उम्र में भी सूरज की हानिकारक किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं.

जरूरी बात

डॉक्टर सहाना के अनुसार निखरी त्वचा के लिए महंगे प्रोडक्ट का ढेर जरूरी नहीं. असली फर्क नियमित देखभाल, सही सनस्क्रीन, पूरी नींद और बैलेंस्ड डाइट से पड़ता है. हर स्किन अलग होती है, इसलिए किसी और का रूटीन आंख मूंदकर न अपनाएं.

यह भी पढ़ें: अपराजिता के नीले फूलों से घर पर कैसे बनाएं फेस सीरम? झाइयां और झुर्रियां कम करने के लिए जान लें तरीका

यह भी पढ़ें: मेहंदी में क्या मिलाएं कि बालों का रंग गहरा आए? चुकंदर और भृंगराज समेत मिलाएं ये 5 चीजें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Skincare
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com