हिंदू धर्म में एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है. एक साल में कुल 24 एकादशी आती हैं. इनमें देवउठनी एकादशी को साल की सबसे बड़ी एकादशी तिथि में से एक माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि आषाढ़ महीने की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक महीने की शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शुभ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. इस साल देवउठनी एकादशी का व्रत बीते दिन यानी 20 नवंबर 2026 को रखा गया था. अब, एकादशी का व्रत तभी पूर्ण माना जाता है, जब सही समय और विधि के साथ इसका पारण किया जाए. ऐसे में अगर आपने भी कल देवउठनी एकादशी का व्रत रखा था, तो आइए जानते हैं व्रत खोलने का सही समय और विधि-
देवउठनी एकादशी व्रत पारण का शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, एकादशी व्रत का पारण हमेशा अगले दिन यानी द्वादशी तिथि में किया जाता है. इस साल 21 नवंबर 2026 को द्वादशी तिथि पूरे दिन रहने के बाद अगले दिन सुबह 4 बजकर 57 मिनट पर समाप्त होगी. ऐसे में जिन भक्तों ने 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा है, वे आज 21 नवंबर को पारण कर सकते हैं. हालांकि, आज दोपहर 12 बजकर 7 मिनट पर हरि वासर समाप्त होगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, हरि वासर के दौरान व्रत नहीं खोलना चाहिए. इसलिए हरि वासर समाप्त होने के बाद ही व्रत का पारण करें. पारण का शुभ समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से दोपहर 3 बजकर 18 मिनट तक रहेगा.
वहीं, वैष्णव संप्रदाय के जो श्रद्धालु 21 नवंबर को गौण एकादशी का व्रत रखेंगे, वे 22 नवंबर 2026 को व्रत का पारण करेंगे. उनके लिए सुबह 6 बजकर 49 मिनट से 8 बजकर 56 मिनट तक का समय शुभ रहेगा.
एकादशी व्रत का पारण कैसे करें?- सबसे पहले सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें.
- इसके बाद घर के मंदिर की सफाई कर गंगाजल से शुद्ध कर लें.
- मंदिर में एक चौकी पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की तस्वीर या चित्र स्थापित करें.
- इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ भगवान की पूजा करें.
- भगवान को फल, मिठाई और सात्विक भोजन का भोग लगाएं.
- पूजा में तुलसी दल जरूर अर्पित करें, क्योंकि तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय मानी जाती है.
- इसके बाद भगवान की आरती कर आप जल या प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण कर सकते हैं. असके अलावा आप तुलसी दल ग्रहण कर भी व्रत खोल सकते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- आज से शुरू हुआ शादियों का मुहूर्त, नवंबर-दिसंबर में 11 दिन बजेंगी शहनाइयां, यहां देखें इस साल शादियों की तारीखें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं