घर का एंट्रेंस किसी भी व्यक्ति के घर में आने पर पहली छाप छोड़ता है. अगर, आपके घर आए और आते ही उसे सीलन, गंदगी या फिर अन्य प्रकार की स्मेल आए तो वह नाक सिकोडकर घर में बैठता है और जल्द से जल्द भागने की कोशिश करता है, लेकिन वहीं अगर घर के अंदर एंट्री करते ही दरवाजे के पास से हल्की और प्यारी खुशबू आए, तो पूरा घर ज्यादा फ्रेश और स्वागत करने वाला महसूस होता है. हालांकि, बहुत से लोगों को लगता है कि घर को फ्रेश रखने के लिए हर बार महंगे एयर फ्रेशनर खरीदने पड़ते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. रसोई में रखा वनीला एसेंस भी एक आसान घरेलू उपाय हो सकता है. इसे पानी में मिलाकर हल्का स्प्रे बनाएं और घर के एंट्रेंस को खुशबूदार बनाएं.
घर के लिए वनीला एसेंस स्प्रे कैसे बनाएं
इस आसान स्प्रे को बनाने के लिए आपको 500 मिलीलीटर पानी, एक चम्मच वनीला एसेंस और एक साफ स्प्रे बोतल चाहिए. सबसे पहले स्प्रे बोतल में पानी डालें और फिर उसमें वनीला एसेंस मिला दें. बोतल को अच्छी तरह बंद करके कुछ सेकंड तक हिलाएं, ताकि दोनों चीजें आपस में अच्छी तरह मिल जाएं. जब भी इसका इस्तेमाल करें, बोतल को दोबारा हिलाना न भूलें. इसके बाद घर के एंट्रेंस के आसपास हल्का-सा स्प्रे करें. ज्यादा मात्रा में स्प्रे करने के बजाय केवल हल्की फुहार डालें. अगर कारपेट या पर्दे नमी को सहन कर सकते हैं, तो उन पर भी बहुत कम मात्रा में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
वनीला की खुशबू अच्छी क्यों लगती है?
वनीला की मीठी और सॉफ्ट खुशबू इसे खास बनाती है. वनीला एसेंस में मौजूद एरोमैटिक कंपाउंड्स इसकी खास खुशबू पैदा करते हैं. इनमें वैनिलिन एक प्रमुख कंपाउंड है. पानी में मिलाने के बाद जब इसे स्प्रे किया जाता है, तो इसकी खुशबू हवा में फैलती है और एंट्रेंस कुछ समय के लिए ज्यादा फ्रेश महसूस हो सकता है.
इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
वनीला स्प्रे को केवल फ्रेगरेंस स्प्रे की तरह इस्तेमाल करें, इसे सफाई का विकल्प न मानें. अगर बदबू का कारण गंदे जूते, नमी या कोई और गंदगी है, तो पहले उस जगह को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. यह स्प्रे बदबू को केवल कुछ समय के लिए कम महसूस करा सकता है.
यह भी पढ़ें:- मेथी दाना या अंडा? जानिए कौन सा DIY हेयर मास्क बनाता है बालों को चमकदार
यह भी पढ़ें:- जली हुई कड़ाही कैसे साफ करें? जिद्दी काले दाग हटाने के 4 आसान घरेलू तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं