चमकदार और मुलायम बालों का ट्रेंड आजकल ‘ग्लास हेयर' के नाम से बहुत फेमस हो रहा है. इसमें बाल इतने स्मूद और शाइनी नजर आते हैं कि उन पर रोशनी शीशे की तरह चमकती है. इसके लिए कंडीशनिंग, सही स्टाइलिंग और हीट प्रोटेक्शन जरूरी हैं, लेकिन घर में मौजूद कुछ चीजें भी बालों को थोड़े समय के लिए चमक दे सकती हैं. मेथी के बीज और अंडा ऐसे ही दो घरेलू नुस्खे हैं. दोनों का इस्तेमाल हेयर मास्क के तौर पर किया जाता है, लेकिन बालों को ग्लास हेयर जैसा लुक देने के मामले में मेथी ज्यादा बेहतर मानी जाती है.
मेथी का हेयर मास्क क्यों है खास?
मेथी के बीजों में कई ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों की देखभाल में मदद कर सकते हैं. मेथी को रातभर पानी में भिगोने पर एक जेल जैसी परत बन जाती है. यही चिपचिपा पदार्थ बालों पर कंडीशनर की तरह काम करता है. मेथी का पेस्ट बालों को कोट करता है, जिससे वे धोने के बाद ज्यादा मुलायम और आसानी से संभालने लायक महसूस हो सकते हैं. जब बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल स्मूद होती है, तो उस पर रोशनी ज्यादा अच्छी तरह पड़ती है. इससे बालों में चमक दिखाई देती है. हालांकि, मेथी बालों को स्थायी रूप से रिपेयर नहीं करती. इसका असर मुख्य रूप से अस्थायी स्मूदनेस और शाइन तक सीमित रहता है.
अंडे का हेयर मास्क कितना असरदार है?
अंडे में प्रोटीन और अमीनो एसिड पाए जाते हैं, इसलिए इसे कई घरेलू हेयर मास्क में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अंडा खाना और कच्चे अंडे को बालों पर लगाना दोनों अलग बातें हैं. बालों में प्रोटीन मौजूद होता है, पर इसका मतलब यह नहीं है कि कच्चा अंडा लगाने से डैमेज बाल ठीक हो जाएंगे. अगर, आप अंडे का मास्क लगाना चाहती हैं, तो इसके लिए एक अंडा, एक बड़ा चम्मच दही और एक छोटा चम्मच एलोवेरा जेल लें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गीले बालों के बीच से सिरों तक लगाएं. इसे 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें और फिर ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से धो लें. इसके बाद शैंपू और कंडीशनर जरूर करें.
कौन सा हेयर मास्क बेहतर
अगर, आपका लक्ष्य बालों को चमकदार, मुलायम और सिल्की बनाना है, तो मेथी का हेयर मास्क बेहतर ऑप्शन हो सकता है. यह बालों को कंडीशन करके उन्हें स्मूद लुक देता है, जिससे ग्लास हेयर जैसा अस्थायी इफेक्ट दिखाई देता है. वहीं, अगर बाल बहुत कमजोर, डैमेज या टूटने की समस्या से जूझ रहे हैं, तो अंडे के घरेलू मास्क की जगह किसी अच्छे प्रोटीन ट्रीटमेंट या स्टोर से मिलने वाले हेयर मास्क का इस्तेमाल ज्यादा असरदार हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- DIY कम्पोस्ट पिट: बिना मक्खियों या बदबू के, किचन और बगीचे के कचरे से बनाएं नेचुरल खाद
यह भी पढ़ें:- घर पर कैसे बनाएं Eco-Friendly Ganpati? आसान DIY तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं