मानसून का सीजन गर्मियों से राहत तो दिलाता है लेकिन अपने साथ कई परेशानियां भी लाता है. बरसात में खुजली, दाद, फंगल इंफेक्शन समेत स्किन से जुड़ी परेशानियां काफी ज्यादा बढ़ जाती हैं. ज्यादातर लोग इसका कारण सिर्फ मौसम को मानते हैं, लेकिन सच यह है कि हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें भी इन परेशानियों को बढ़ावा देती हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको कुछ टिप्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप त्वचा को हेल्दी रख सकते हैं. इसकी जानकारी पैसिफिक वनहेल्थ हॉस्पिटल में डाइटीशियन कनिका मल्होत्रा ने दी है.
ज्यादा देर तक न पहनें गीले कपड़े
मानसून में नमी और पसीना बढ़ने से फंगस के पनपने का खतरा बना रहता है. अगर भीगने के बाद कपड़े देर तक न बदले जाएं या गीले जूते-मोजे घंटों पहने रहें, तो संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. अक्सर कई लोगों का मानना होता है कि वे पूरी साफ-सफाई रखते हैं, फिर भी फंगल इंफेक्शन हो जाता है. लेकिन इसका मुख्य कारण लाइफस्टाइल की कुछ आदतें होती हैं. टाइट सिंथेटिक कपड़े पहनना, पसीने के बाद स्किन को ठीक से न सुखाना या एक ही तौलिया कई लोगों द्वारा इस्तेमाल करना, स्किन के लिए काफी नुकसानदायक होता है. ऐसे में स्किन को हेल्दी रखने के लिए गीले कपड़े न पहनें.
जरूरत से ज्यादा मीठा न खाएं
एक्सपर्ट ने बताया कि जरूरत से ज्यादा चीनी और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड ब्लड शुगर बढ़ाने के साथ फंगल संक्रमण भी बढ़ा सकते हैं. वहीं, प्रोटीन, जिंक, विटामिन-सी और विटामिन-डी से भरपूर डाइट स्किन को रिपेयर और उसकी प्राकृतिक सुरक्षा को मजबूत करता है. बारिश के मौसम में धूप कम मिलने से विटामिन-डी का स्तर भी प्रभावित हो सकता है. ऐसे में मानसून में स्किन को हेल्दी रखने के लिए अच्छी डाइट जरूर लें.
पर्याप्त पानी न पीना
बारिश में अक्सर लोगों को प्यास कम लगती है. लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, क्योंकि हल्की डिहाइड्रेशन भी त्वचा की सुरक्षा और उसकी रिपेयर के प्रोसेस को प्रभावित कर सकती है.
नींद न लेना
स्किन को हेल्दी बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद भी उतनी ही जरूरी है. एक्सपर्ट बताते हैं कि लगातार कम नींद त्वचा की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करती है.
यह भी पढ़ें: लौंग और कॉफी को मिलाकर घर पर बनाएं Anti Ageing फेस पैक, झुर्रियां होंगी कम, ग्लो करेगा चेहरा
यह भी पढ़ें: भाप लेना चेहरे के लिए कैसा होता है और ठंडे पानी से मुंह धोने से क्या होता है? स्किन एक्सपर्ट से जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं