चेहरे की चमक बनाए रखने के लिए लोग कई तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है स्टीम यानी भाप लेना. वहीं, कुछ लोग ठंडे पानी से मुंह धोने को फायदेमंद मानते हैं. अब, सवाल ये है कि क्या वाकई ये तरीके फायदेमंद हैं? इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए स्किन एक्सपर्ट से जानते हैं चेहरे पर भाप लेने से क्या होता है, साथ ही जानेंगे ठंडे पानी से मुंह धोने के फायदे-नुसकान क्या हैं-
चेहरे पर भाप लेना कितना सही?
डॉक्टर आंचल पंथ के अनुसार, कई लोगों का मानना होता है कि भाप लेने से स्किन के पोर्स खुल जाते हैं और इससे ब्लैकहेड्स अपने आप साफ हो जाते हैं. लेकिन ऐसा नहीं है, यह एक आम गलतफहमी है. उल्टा अगर बहुत ज्यादा गर्म भाप ली जाए तो इससे चेहरे को नुकसान भी हो सकता है.
स्किन एक्सपर्ट बताती हैं कि ज्यादा गर्म भाप लेने से रोसैसिया, मेलाज्मा यानी झाइयां और सेंसिटिव स्किन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसके अलावा भाप के कारण त्वचा से नमी भी तेजी से निकल सकती है, जिससे स्किन बाद में और ज्यादा ड्राई महसूस हो सकती है.
ठंडे पानी से मुंह धोने से क्या होता है?वहीं, ठंडे पानी को लेकर माना जाता है कि इससे पोर्स श्रिंक यानी छोटे हो जाते हैं और चेहरे पर एक्स्ट्रा ऑयल कम होने लगता है. जबकि स्किन एक्सपर्ट इसे भी सही नहीं बताती हैं. आंचल पंथ के मुताबिक, ठंडा पानी पोर्स को छोटा नहीं करता है, ना ही ऑयल प्रोडक्शन कम होता है. इससे अलग ठंडे पानी से मुंह धोने पर चेहरे को थोड़ा आराम मिल सकता है. साथ ही इससे स्किन थोड़ी कम ड्राई रहती है.
तो क्या करें?डॉक्टर आंचल पंथ के मुताबिक, अगर आप चाहते हैं कि आपका चेहरा साफ और हेल्दी रहे, तो भाप लेने की बजाय हल्के और जेंटल फेस क्लींजर का इस्तेमाल करें. सही क्लींजर त्वचा पर जमा गंदगी, धूल और अतिरिक्त तेल को बिना नुकसान पहुंचाए साफ करता है. वहीं, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या गर्मी की वजह से चेहरा लाल हो जाता है, तो ठंडा पानी इस्तेमाल करना आरामदायक हो सकता है.
यह भी पढ़ें- ग्लास स्किन, स्लगिंग या स्किन साइक्लिंग? एक्सपर्ट से जानिए भारतीय त्वचा के लिए कौन सा ट्रेंड है सबसे बेहतर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं