पति-पत्नी के बीच हंसी-मजाक रिश्ते को मजबूत बनाता है, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि हर मजाक सही ही हो. कई बार जो बात हमें मजेदार लगती है, वही हमारे लाइफ पार्टनर को अंदर ही अंदर दुख पहुंचा सकती है. खासकर जब मजाक उनकी किसी कमजोरी, असुरक्षा या भावनाओं से जुड़ा हो. ऐसे मजाक धीरे-धीरे रिश्ते में भरोसा और अपनापन कम कर सकते हैं. इसलिए यह समझना जरूरी है कि कौन-सा मजाक रिश्ते में मिठास लाता है और कौन-सा अनजाने में दिल दुखा सकता है. चलिए आपको बताते हैं ऐसे 5 मजाक, जिनसे जीवनसाथी की भावनाएं आहत हो सकती हैं.
शरीर या दिखावट का मजाक उड़ाना
वजन, लंबाई, बाल झड़ने या शादी के बाद लुक्स में आए बदलाव को लेकर मजाक करना भले ही आपको हल्की-फुल्की छेड़छाड़ लगे, लेकिन सामने वाले को यह बुरा लग सकता है. ज्यादातर लोगों को अपनी दिखावट को लेकर किसी न किसी बात की चिंता या असुरक्षा होती है. ऐसे में जब पार्टनर ही उस बात पर मजाक करे, तो उसका असर ज्यादा गहरा हो सकता है. किसी अनजान व्यक्ति की बात को नजरअंदाज किया जा सकता है, लेकिन जीवनसाथी की राय बहुत मायने रखती है. बार-बार एक ही बात को लेकर मजाक करने से वह मजाक नहीं रह जाता, बल्कि ऐसा महसूस होने लगता है कि सामने वाला लगातार उनकी कमी निकाल रहा है. इससे आत्मविश्वास और रिश्ते दोनों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.
पुरानी गलतियों या एक्स पार्टनर को लेकर मजाक करना
पुराने रिश्ते, बीती गलतियों या शादी के शुरुआती दिनों की किसी शर्मिंदगी भरी घटना को बार-बार मजाक में याद दिलाना लाइफ पार्टनर को बुरा महसूस करा सकता है. आपको यह सिर्फ मजाक लगे, लेकिन सामने वाले को ऐसा लग सकता है कि उसकी पुरानी बातें आज भी भुलाई नहीं गई हैं. बार-बार पुरानी बातों को उठाने से ऐसा महसूस हो सकता है कि उन्हें अब भी उनके अतीत के लिए जज किया जा रहा है.
दोस्तों या परिवार के सामने मजाक उड़ाना
लाइफ पार्टनर का मजाक दोस्तों, रिश्तेदारों या परिवार के सामने उड़ाना उन्हें बहुत आहत कर सकता है. चाहे वह उनकी कुकिंग, किसी आदत या किसी छोटी गलती को लेकर ही क्यों न हो, सबके सामने से किया गया मजाक अक्सर शर्मिंदगी का कारण बन जाता है. रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए हमेशा जीवनसाथी की गरिमा और सम्मान का ख्याल रखना जरूरी है.
छोड़कर जाने को लेकर मजाक करना
कई लोग गुस्से या तनाव में मजाक-मजाक में कह देते हैं एक दिन मैं तुम्हें छोड़ दूंगा या तलाक लेना ज्यादा आसान है. भले ही उनका ऐसा कोई इरादा न हो, लेकिन जीवनसाथी को ये बातें गहराई से चोट पहुंचा सकती हैं. खासकर अगर सामने वाले को रिश्ते की स्थिरता या भविष्य को लेकर पहले से चिंता रहती हो, तो ऐसे मजाक उन्हें असुरक्षित महसूस करा सकते हैं.
दूसरों से तुलना करने वाले मजाक
जीवनसाथी की तुलना किसी दोस्त के पति या पत्नी, भाई-बहन या माता-पिता से करना भी उन्हें दुख पहुंचा सकता है. जैसे- देखो फलां के पति कितना कमाते हैं या तुम्हारी बहन की तरह खाना बनाना सीखो. भले ही ये बातें मजाक में कही जाएं, लेकिन सामने वाले को ऐसा लग सकता है कि वह आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है.
यह भी पढ़ें:- दांतों का पीलापन कैसे हटेगा? पीलेपन को दूर कर मोतियों जैसा चमका देंगे ये 3 घरेलू उपाय, मसूड़े भी बनेंगे मजबूत
यह भी पढ़ें:- पौधों को मिनटों में चट कर सकते हैं कैटरपिलर, इन्हें दूर रखने के लिए अपनाएं उपाय, जानें इल्ली के काटने से क्या होता है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं