विज्ञापन

पश्चिम बंगाल में कितनी है हिंदू और मुसलमानों की संख्या? ये है सबसे बड़ा जिला

Population of Hindus and Muslims in West Bengal : पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच धर्म आधारित वोटिंग फिर चर्चा में है. हिंदू-मुस्लिम आबादी पर बहस होती है, लेकिन अक्सर बिना ठोस आंकड़ों के दावे तस्वीर को धुंधला कर देते हैं.

पश्चिम बंगाल में कितनी है हिंदू और मुसलमानों की संख्या? ये है सबसे बड़ा जिला
पश्चिम बंगाल में कितनी है हिंदू और मुस्लिमों की आबादी

Population of Hindus and Muslims in West Bengal : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है. इसमें 92.6 प्रतिशत की शानदार वोटिंग दर्ज की गई है. अब अगले चरण के चुनाव 29 अप्रैल, 2026 को होंगे। चुनावी माहौल के बीच धर्म आधारित वोटिंग पैटर्न एक बार फिर चर्चा में है. यह पश्चिम बंगाल जैसे सवेंदनशील राज्यों के लिए तो और अहम हो जाता है, जहां हिंदू और मुस्लिम आबादी का मुद्दा अक्सर चर्चा में रहता है. लेकिन कई बार आंकड़े बिना किसी फैक्ट के पेश किए जाते हैं, जिससे तस्वीर साफ नहीं बन पाती. राज्य की असली स्थिति समझने के लिए आधिकारिक डेटा देखना जरूरी होता है. इस मामले में भारत की जनगणना 2011 के आंकड़े सबसे भरोसेमंद माने जाते हैं, जो बताते हैं कि राज्य में धर्म के आधार पर आबादी का क्या हाल है और अलग-अलग इलाकों में यह कैसे बदलता है.

आबादी में 70 फीसदी से ज्यादा हिंदू 

जनगणना 2011 के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की कुल आबादी करीब 9.13 करोड़ थी. इसमें हिंदू आबादी लगभग 70.54 प्रतिशत यानी करीब 6.4 करोड़ है, जबकि मुस्लिम आबादी करीब 27.01 प्रतिशत यानी लगभग 2.47 करोड़ के आसपास है. यानी पूरे राज्य को मिलाकर देखें, तो औसतन हर 10 लोगों में करीब 7 हिंदू और 3 मुस्लिम आते हैं. लेकिन इस लाइन को समझते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि यह सिर्फ राज्य का औसत है, हर जिले की स्थिति इससे अलग हो सकती है.

कई जिलों में अलग है समीकरण

दरअसल, पश्चिम बंगाल की खास बात यही है कि यहां जिलों के हिसाब से तस्वीर काफी बदल जाती है. कहीं हिंदू आबादी बहुत ज्यादा है, तो कुछ जिलों में मुस्लिम आबादी बहुमत में है. यही वजह है कि ग्राउंड लेवल पर जनसंख्या का संतुलन एक जैसा नहीं दिखता. अगर मुस्लिम आबादी की बात करें, तो मुर्शिदाबाद जिला राज्य में सबसे आगे है, जहां मुस्लिम आबादी 60 प्रतिशत से ज्यादा है.

मालदा जिले में मुस्लिम आबादी बहुमत में है, जबकि उत्तर दिनाजपुर में यह करीब आधी आबादी है, जो राज्य के औसत से काफी ज्यादा है. इन इलाकों में स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक समीकरण भी अलग तरह से बनते हैं. दूसरी तरफ, पश्चिम मेदिनीपुर जिला, बांकुड़ा जिला और पुरुलिया जिला जैसे जिलों में हिंदू आबादी 80 से 90 प्रतिशत के बीच है.

उत्तर 24 परगना है सबसे ज्यादा आबादी वाला जिला

आबादी के हिसाब से पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा जिला उत्तर 24 परगना है, जहां 1 करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं. कोलकाता के पास होने की वजह से यहां लोगों की भीड़ काफी ज्यादा है. इस जिले में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं, इसलिए इसे मिली-जुली आबादी वाला इलाका कहा जाता है. पश्चिम बंगाल को एक लाइन में समझना आसान नहीं है. पूरे राज्य में हिंदू ज्यादा हैं और मुस्लिम आबादी भी अच्छी-खासी है, लेकिन जब आप जिले के स्तर पर देखते हैं, तो हर जगह का संतुलन अलग नजर आता है.

सिविल लाइन्स ही नहीं, ये इलाके भी दिलाते हैं अंग्रेजी हुकूमत की याद; देख लीजिए पूरी लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Elections 2026, West Bengal Elections 2026 Voters, Population Of Hindus And Muslims In West Bengal, West Bengal Elections 2026 Data, Muslim Population In West Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com