मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नायब तहसीलदार परीक्षा 2026 को टाल दिया है. पहले ये परीक्षा 14 नवंबर 2026 को होनी थी, जिसे बढ़ाकर अब 10 जनवरी 2027 कर दिया गया है. यानी करीब दो महीने के बाद ये परीक्षा आयोजित होगी. पिछले कई दिनों से पटवारी संघ लगातार परीक्षा की तारीख को आगे बढ़ाने की मांग कर रहा था, जिसके बाद अब आखिरकार इस पर फैसला लिया गया है. ये परीक्षा विभागीय नायब तहसीलदार पद पर प्रमोशन के लिए आयोजित हो रही है.
विभागीय कर्मचारियों के लिए परीक्षा
कर्मचारी चयन मंडल ने 11 नवंबर की शाम को इसे लेकर सूचना जारी की है. ये परीक्षा पटवारी, लिपिक वर्गीय कर्मचारियों और आरआई के लिए थी. पहले से विभाग में इन पदों पर जो लोग काम कर रहे हैं, वो परीक्षा देकर प्रमोशन ले सकते हैं. पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक संवर्ग से सीधे नायब तहसीलदार के पद पर प्रमोशन दिया जाएगा. परीक्षा को लेकर समय नहीं मिलने की मांग को लेकर ये तमाम कर्मचारी लगातार तारीख में बदलाव की मांग कर रहे थे. अब उन्हें परीक्षा की तैयारी का अच्छा खासा वक्त दे दिया गया है.
आवेदन का नहीं मिलेगा मौका
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की तरफ से सिर्फ परीक्षा की तारीख में बदलाव किया गया है, इसे आवेदन की तारीख में बदलाव नहीं समझा जा सकता है. यानी आवेदन का दूसरा मौका नहीं दिया जा रहा है. परीक्षा देने वाले कर्मचारियों को पुराने नियमों का ही पालन करना होगा. परीक्षा को लेकर किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें.
परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा केंद्र पर एक ओरिजनल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है
- ई-आधार तभी मान्य होगा जब वो UIDAI से वेरिफाइड हो, मूल आईडी नहीं होने पर परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा.
- परीक्षा में प्रवेश के समय और परीक्षा के दौरान आधार-बेस्ड बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से होगा
- उम्मीदवारों को केवल रिपोर्टिंग टाइम तक ही परीक्षा केंद्र में एंट्री की इजाजत होगी
- परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, सनग्लासेस और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या वस्तुएं पूरी तरह वर्जित हैं
- परीक्षा शुरू होने के बाद, किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा खत्म होने से पहले बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी
यह भी पढ़ें | रेलवे की सहायक लोको पायलट भर्ती में बढ़ गए 3500 पद, देखें जोन वाइज वैकेंसी
यह भी पढ़ें | छठ के बाद बिहार में नौकरियों की बहार, इन 9 जिलों में लगेंगे रोजगार मेले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं