Tamil Nadu Assembly Election Results 2026: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. 'थलापति' के नाम से जाने जाने वाले सुपरस्टार विजय पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) डेब्यू चुनाव में ही धमाल मचाते हुए नजर आ रही है. तमिलनाडु में एक त्रिकोणीय लड़ाई देखी जा रही है जो दुर्लभ है. खबर लिखे जाने तक TVK सबसे आगे चल रही थी जबकि AIADMK और DMK के नेतृत्व वाला गठबंधन दूसरे और तीसरे नंबर पर दिख रहा था. फाइनल नतीजे आने तक कहानी बदल सकती है लेकिन एक बात तो साफ है कि पहले चुनाव में ही थलापति विजय ने चुनावी मैदान में झंडा गाड़ दिया है.
यहां थलापति विजय के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे एक साफ रणनीति नजर आती है जो उन्होंने फिल्मी दुनिया से आकर राजनीति में कद्दावर नाम बन जाने वाले एम.जी. रामचन्द्रन और जयललिता से सीखी होगी. विजय वो गलती दोहराते नजर नहीं आए जिसे करने का खामियाजा कमल हासन ने चुकाया है.
तमिलनाडु- इतिहास में छिपी रणनीतिक सीख
एम.जी. रामचंद्रन (जिन्हें MGR कहा जाता है) और जयललिता की बहुत सफल राजनीतिक यात्राओं से लेकर कमल हासन, खुशबू और विजयकांत के मिले-जुले (पूरी तरह सफल नहीं) प्रयासों तक, इस राज्य में बार-बार देखा गया है कि फिल्म सितारे पूरी तरह राजनीति में आ जाते हैं. MGR और जयललिता तो मुख्यमंत्री भी बने थे. अब विजय ने भी अपना भाग्य आजमाया है और पहले ही प्रयास में वे शानदार जीत हासिल करते दिख रहे हैं.
विजय ने फिल्मी दुनिया छोड़ने के पीछे अपनी अपना तर्क साफ-साफ दिया था: उनका कहना है कि राजनीति कोई ऐसा काम नहीं है जिसे आधे-अधूरे तरीके से किया जाए. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के वोटर पूरी समर्पण के हकदार हैं. और राज्य का राजनीतिक इतिहास भी इस बात को सही साबित करता है. MGR और जयललिता ने सत्ता मजबूत करने से पहले फिल्मों में सक्रिय काम करना छोड़ दिया था. लेकिन कमल हासन का तरीका, जिसमें वे फिल्मों और राजनीति दोनों में साथ-साथ सक्रिय हैं, चुनावों में ज्यादा सफल नहीं रहा. विजयकांत की पार्टी तेजी से ऊपर गई, लेकिन संगठन के स्तर पर कमजोर पड़ गई. ऐसा लगता है कि तमिल राजनीति में आधे-अधूरे प्रयासों के लिए ज्यादा जगह नहीं है.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में विजय की ब्लॉकबस्टर एंट्री, चुनावों में हिट हो गई TVK की पॉलिटकल पिक्चर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं