प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 81 साल के एक शख्स ने मुलाकात की है. दावा किया जा रहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्कूल के समय के साथी रहे हैं. पीएम मोदी और असगर अली वोहरा वडनगर के बी एन स्कूल में साथ पढ़ा करते थे.
पीएम मोदी के स्कूल के साथी का नाम असगर अली वोहरा है. प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी जमीन से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर मदद मांगी है. उन्होंने बताया कि उनकी जमीन का मामला पिछले कई सालों से चल रहा है.
असगर अली वोहरा के मुताबिक, उनके पास 2,810 स्क्वायर मीटर की जमीन है, जो भायंदर पूर्व के नवघर इलाके मे बताई जा रही है. उनका दावा है कि उन्होंने यह जमीन एक एग्रीमेंट के तहत 1989 में खरीदी थी, लेकिन 2011 में उनकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया.
उन्होंने स्वयं बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन पर आरोप लगाए हैं. उनके मुताबिक, जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और वहां अतिक्रमण किया गया. उन्होंने यह भी दावा किया है कि जमीन के असली मालिक को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई.
असगर अली वोहरा का दावा है कि उनकी जमीन को दो हिस्सों में बांट दिया गया है और दोनों हिस्सों को दो अलग-अलग कंस्ट्रक्शन एंटिटीज के नाम पर दिखाया जा रहा है. फिलहाल यह मामला कोर्ट में चल रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. 16 सितंबर को स्थानीय अदालत में इस मामले की सुनवाई भी होनी है.
वहीं, पूरे विवाद में बीजेपी विधायक नरेंद्र महतो का नाम भी सामने आ रहा है. असगर अली वोहरा ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है. उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद इस मामले में उन्हें मदद मिलेगी और सालों पुराना यह विवाद सुलझ सकेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं