तमिलनाडु में गुरुवार को होने वाला विजय का शपथ ग्रहण समारोह टल सकता है. विजय सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाए हैं. गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था. हालांकि, उनके दावे से गवर्नर संतुष्ट नहीं थे. विजय ने 7 मई को ही शपथ ग्रहण करने का अनुरोध भी किया था. लेकिन गवर्नर से हरी झंडी नहीं मिल पाने के कारण उनका शपथ ग्रहण टल गया है. सूत्रों ने बताया कि नंबर जुटाने में एक या दो दिन लग सकते हैं.
अब कब होगा शपथ ग्रहण?
विजय चाहते थे कि 7 मई को शपथ ग्रहण समारोह हो. वह इसलिए क्योंकि इस दिन गुरुवार और गुरुवार को शुभ दिन माना जाता है. उन्होंने राज्यपाल से 7 मई को ही शपथ ग्रहण समारोह करवाने का अनुरोध भी किया था. मंगलवार को विजय ने लोक भवन को ईमेल भेजकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था. उन्होंने बहुमत साबित करने का पूरा भरोसा भी जताया था.
विजय का मामला कहां फंस गया?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं. सरकार बनाने के लिए 118 सीटें जरूरी हैं. अब मसला यहां फंस गया कि उनके पास 118 विधायकों का समर्थन नहीं है.
विजय की टीवीके को कांग्रेस ने समर्थन दिया है. कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं. इसलिए बहुमत के लिए जरूरी 118 का आंकड़ा अब भी नहीं मिला है. अभी विजय के पास 112 विधायक ही हैं.

विजय ने राज्यपाल को अभी तक 118 विधायकों के समर्थन वाला पत्र नहीं दिखाया है. विजय की एक सीट कम होगी और एक स्पीकर बनेंगे तो इस तरह से टीवीके के पास अपने 106 विधायक हो जाएंगे. कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिल गया है. लेफ्ट, IUML और VCK ने समर्थन की बात कही है, जिनके पास 6 विधायक हैं. हालांकि, अब तक औपचारिक रूप से लिखित में समर्थन का वादा नहीं किया है.
अगर टीवीके को कांग्रेस के साथ इन तीनों पार्टियों का समर्थन मिलता है तो उनके पास 117 विधायक हो जाएंगे. टाई होने की स्थिति में स्पीकर वोट कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में विजय को समर्थन...क्या कांग्रेस फिर से कर रही वो गलती, जिसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी
विजय कहां से जुटाएंगे समर्थन?
सूत्रों का कहना है एक-दो दिन में विजय बहुमत के लिए जरूरी समर्थन जुटा सकते हैं. इसलिए शपथ ग्रहण को अभी टाल दिया गया है.
विजय की टीवीके को समर्थन देने के लिए VCK की मीटिंग भी पहले गुरुवार को होने वाली थी. लेकिन अब यह बैठक शुक्रवार होगी. वह इसलिए क्योंकि शुक्रवार को ही लेफ्ट पार्टियां भी विजय को समर्थन देने को लेकर बैठ करेंगी.
शपथ ग्रहण की हो चुकी थी तैयारी
7 मई की सुबह 11:30 बजे विजय का शपथ ग्रहण समारोह होना था. इसके लिए चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में तैयारी भी हो रही थी. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विजय ने बुधवार को ही राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बात कर उन्हें न्योता दिया था. बताया जा रहा था कि राहुल गांधी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल भी होने वाले थे.
यह भी पढ़ेंः पुराने साथी से ही मिली हार... तमिलनाडु में स्टालिन को हराने वाले वीएस बाबू की कहानी क्या है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं