भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है. इससे पहले उन्हें इस मामले में जिला अदालत से झटका लग चुका है. आरोपी घटना के बाद से फरार है. पुलिस पिछले आठ दिनों से उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
जिला अदालत ने भी खारिज की थी याचिका
इससे पहले 18 मई को भोपाल की जिला अदालत ने आरोपी समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था. कोर्ट ने कहा कि शादी के महज 5 महीने के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होना एक गंभीर मामला है. FIR और व्हाट्सएप चैट्स मुख्य आरोपी समर्थ के खिलाफ ही नजर आ रहे हैं. हालांकि इस मामले में सह आरोपी और समर्थ की मां गिरिबाला को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है.
ट्विशा के परिजनों ने CM मोहन यादव से की मुलाकात
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के दौरान मामले की सीबीआई से जांच कराने का आश्वासन दिया. सीएमओ के एक सीनियर अधिकारी ने बताया मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से कहा कि मृतका के दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में कोर्ट फैसला करेगा, लेकिन परिजन अगर चाहते हैं तो पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
आरोपी के खिलाफ लुक आउट नोटिस, 10000 का इनाम भी
ट्विशा शर्मा के पति समर्थ ही इस मामले में मुख्य आरोपी है. घटना के बाद से ही वकील पति समर्थ सिंह लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर और लापता है. भोपाल पुलिस की SIT ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 10,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया है और देश से बाहर भागने से रोकने के लिए पासपोर्ट कार्यालय को भी पत्र लिखा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं