विज्ञापन

दो दोषियों की जमानत पर बिलकिस बानो का बयान- पुराना डर फिर जिंदा हो गया, न्याय से उठ रहा भरोसा

बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों की सजा को निलंबित करने और जमानत देने का फैसला सुनाया था, इसी पर बिलकिस ने हताशा और दुख जताया है और अपनी वकील के माध्यम से बयान जारी किया है.

दो दोषियों की जमानत पर बिलकिस बानो का बयान- पुराना डर फिर जिंदा हो गया, न्याय से उठ रहा भरोसा
बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जारी किया बयान (फाइल फोटो NDTV)

बिलकिस बानो ने अपने वकील के जरिए बयान जारी 2002 के सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में 11 दोषियों में से दो की सजा निलंबित करने और जमानत देने के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुझे सुने बिना दूसरी बार आदेश पारित किया और मुझे प्रेस के जरिए जानकारी मिली. बिलकिस ने 11 दोषियों में से दो की सजा को निलंबित कर जमानत देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर हताशा जताई और कहा कि न्याय व्यवस्था से फिर भरोसा उठ रहा है. बिलकिस की ओर से बयान वरिष्ठ वकील शोभा गुप्ता के ने जारी किया है. बिलकिस ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है, जिसमें 28 अक्टूबर 2026 को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने 2002 के सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के 14 सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए 11 लोगों में से दो की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दे दी थी. 16 नवंबर को जारी अपने बयान में बिलकिस बानो ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस मामले में न तो सुनवाई के लिए बुलाया और न ही आदेश पारित करने से पहले उनकी बात सुनी. उन्हें इस आदेश की जानकारी भी अदालत से नहीं, बल्कि मीडिया रिपोर्टों के जरिए मिली.

सुप्रीम कोर्ट ने मेरी बात सुने बिना आदेश दिया- बिलकिस

उन्होंने आगे कहा कि मेरे दर्द और आंसुओं के बीच शब्द भी साथ नहीं दे रहे. मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए बिना और मेरी बात सुने बिना आदेश पारित कर दिया. उन्होंने कहा कि जब वह महज 19 साल की थीं तब उनकी दुनिया उजड़ गई थी.उनकी बच्ची, परिवार, घर और इंसानियत पर उनका भरोसा सब कुछ उनसे छीन लिया गया था. पिछले 24 वर्षों से वह अपने और उन तमाम महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं, जिन्होंने अन्याय का सामना किया.

उन्होंने आगे कहा कि इतने सालों में उन्होंने अदालतों के चक्कर लगाए और हर बार न्याय मिलने पर उनका न्याय व्यवस्था पर विश्वास बहाल हुआ. उन्होंने अपनी जिंदगी को मुश्किल से अपने परिवार और दोस्तों के प्यार और मदद से खड़ा किया. अब वह शांति से जीना और मुस्कुराना सीख रही थीं.लेकिन सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश ने उनके पुराने डर को फिर से जिंदा कर दिया है.  उन्होंने कहा कि उन्हें एक बार फिर अपने और अपने परिवार खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है. उन्हें इस बात का भी डर है कि कहीं न्याय व्यवस्था से उनका भरोसा फिर न उठ जाए. 

बिलकिस बोलीं- इस आदेश के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगी.

बिलकिस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. यह लड़ाई वह अपने बच्चों के लिए लड़ेंगी, जिन्हें पूरी जिंदगी डर और खौफ के साये में नहीं जीना चाहिए.  उन्होंने अपनी तीन साल की बेटी का भी जिक्र किया कि वह इस लड़ाई को उसकी याद में भी जारी रखेंगी, न्याय की मांग करेंगी. बिलकिस ने कहा कि ये लड़ाई सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि हर महिला और हर उस पीड़ित नागरिक की है जिसने न्याय,सम्मान और समानता के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ता है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bilkis Bano, Bilkis Bano 11 Convicts, Bilkis Bano Case, Bilkis Bano Case Convict, Bilkis Bano Case Convicts Bail
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com