कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'Belonging' में एक दिलचस्प घटना का जिक्र किया है. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 1970 के दशक के आखिर में जब गांधी परिवार दिल्ली के विलिंगडन क्रेसेंट स्थित 12 नंबर बंगले में रह रहा था, तब एक ज्योतिषी अचानक उनके घर पहुंच गया. उस समय राजीव गांधी राजनीति से दूर एक कमर्शियल पायलट थे, जबकि संजय गांधी को इंदिरा गांधी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता था.
सोनिया गांधी लिखती हैं कि सफेद कपड़े पहने एक व्यक्ति हाथ की छाप वाला कागज लेकर उनके घर पहुंचा और भविष्यवाणी करने लगा. उन्होंने उसे साफ कह दिया कि वह ज्योतिष में विश्वास नहीं करतीं और उसे वहां से जाने को कहा. लेकिन जाते-जाते उस व्यक्ति ने कहा, "संजय नहीं, आपके पति राजीव जी एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे."
सोनिया के मुताबिक, बाद में उन्होंने देखा कि राजीव गांधी की हथेली पर स्याही के निशान थे. दरअसल, वह व्यक्ति पहले राजीव गांधी से मिल चुका था और उनकी हथेली की छाप ले चुका था. इस घटना को राजीव ने मजाक की तरह लिया, लेकिन सोनिया गांधी इस बात से विचलित हो गई थीं.
कुछ साल बाद घटनाक्रम तेजी से बदला. जून 1980 में संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत हो गई. फिर अक्टूबर 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. इस तरह सालों पहले की गई वह भविष्यवाणी सच साबित हुई.

राजीव गांधी को लेकर 'अशुभ संकेत' का जिक्र
आत्मकथा में सोनिया गांधी ने एक और घटना का जिक्र किया है. अगस्त 1985 में राजीव गांधी के जन्मदिन पर परिवार के साथ भोजन के दौरान अकाली नेता हरचंद सिंह लोंगोवाल की हत्या की खबर मिली थी. सोनिया गांधी लिखती हैं कि उस समय उन्हें यह केवल एक दुखद घटना नहीं, बल्कि किसी अशुभ संकेत की तरह महसूस हुई थी.
उन्होंने यह भी लिखा है कि जब 1990 में परिवार 10 जनपथ में रहने पहुंचा, तब कुछ लोगों ने उन्हें बताया था कि यह घर 'अशुभ' माना जाता है. हालांकि सोनिया और राजीव गांधी ने ऐसी बातों को अंधविश्वास मानते हुए नजरअंदाज कर दिया. इसके करीब 15 महीने बाद, मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं