विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2023

AAP ने जीता दिल्ली मेयर चुनाव : शैली ओबेरॉय ने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 मतों से हराया

आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था. भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी. कांग्रेस ने 250 सदस्यीय निगम सदन में नौ सीट जीती थीं.

नई दिल्‍ली:

आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय दिल्ली की नई मेयर चुनी गई. मेयर पद के लिए हुए चुनाव में शैली ओबेरॉय को 150 और भाजपा उम्‍मीदवार रेखा गुप्‍ता को 116 वोट मिले. दिल्ली का महापौर चुनने के तीन असफल प्रयासों के बाद हुई नगर निगम सदन की बैठक में बुधवार को इस पद पर चुनाव के लिए मतदान हुआ. आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था. भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी. कांग्रेस ने 250 सदस्यीय निगम सदन में नौ सीट जीती थीं.

मेयर चुनाव में जीत दर्ज होने के बाद शैली ओबेरॉय ने सीएम केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, पार्षदों और सुप्रीम कोर्ट के साथ साथ चीफ जस्टिस का शुक्रिया किया है. उन्‍होंने कहा, "कल से ही हम काम शुरू कर देंगे। कूड़े के पर काम शुरू होंगे."

बीजेपी के पार्षद, सांसदों और एक मनोनीत विधायक को मिलाकर कुल संख्या 113 थी, जबकि उन्हें 116 वोट मिले हैं. कांग्रेस ने वोटिंग का बहिष्कार किया था, लेकिन कांग्रेस की 9 में से एक पार्षद शीतल ने वोटिंग में हिस्सा लिया.

सुप्रीम कोर्ट ने 17 फरवरी को महापौर, उप महापौर और नगर निकाय की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तारीख तय करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पहली बैठक बुलाने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया था.  न्यायालय ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की महापौर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया.

शीर्ष अदालत ने यह भी कहा था कि उपराज्यपाल द्वारा एमसीडी में नामित सदस्य महापौर चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकते. 

दिल्ली में महापौर पद के लिए बुधवार को होने वाले चुनाव के मद्देनजर नगर निगम सदन के भीतर और सिविक सेंटर परिसर में अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए. सदन के चैम्बर में महिलाओं समेत कई असैन्य सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए.

दिल्ली में चुनावों में बड़ी जीत के बाद आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. आज शाम एमसीडी में डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमिटी के सदस्यों के चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी दफ़्तर में जश्न होगा. पार्टी के तमाम पार्षद, विधायक और सांसद भी इस दौरान मौजूद रहेंगे.

लेखक के बारे में
img
शरद शर्मा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shelly Oberoi, Delhi Mayor Election, AAP Mayor Candidate Dr Shelly Oberoi, Manish Sisodia AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com