विज्ञापन

‘विपक्ष को डराने की कोशिश...’ पार्टी नेताओं के यहां ED की रेड पर भड़की AAP

दिल्ली और गोवा में ईडी की छापेमारी को लेकर AAP और बीजेपी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है, जहां आतिशी और मनीष सिसोदिया ने केंद्र पर एजेंसियों के दुरुपयोग और विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया है.

‘विपक्ष को डराने की कोशिश...’ पार्टी नेताओं के यहां ED की रेड पर भड़की AAP
  • दिल्ली, गोवा में AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के बाद राजनीतिक माहौल गरमाया
  • आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और BJP पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को दबाने का आरोप लगाया
  • पार्टी की नेता आतिशी ने कहा कि गोवा में पार्टी के संगठनात्मक डेटा और रणनीति हासिल करने के लिए ईडी की छापेमारी

दिल्ली और गोवा में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. आम आदमी पार्टी ने इसे केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बताया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी दलों को डराने और उनकी राजनीतिक गतिविधियों को रोकने के लिए ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में ईडी और सीबीआई को “हथियार” बनाया, उसी तरह अब पंजाब और गोवा में भी किया जा रहा है.

आतिशी ने लगाया पार्टी का डेटा हासिल करने का आरोप

पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि गोवा में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इसी वजह से आम आदमी पार्टी के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के आवास समेत गोवा में कई पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों पर ईडी की छापेमारी चल रही है. आतिशी का आरोप है कि यह कार्रवाई सिर्फ कार्यकर्ताओं को डराने के लिए नहीं बल्कि पार्टी के संगठनात्मक डेटा और रणनीति हासिल करने की कोशिश भी है.

सिसोदिया ने लगाया एजेंसी के गलत इस्तेमाल का आरोप

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को चुनाव जीतने से रोकने के लिए संस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने तंज कसा कि एजेंसियों के सहारे राजनीतिक विरोधियों को परेशान किया जा सकता है, लेकिन देश की गिरती अर्थव्यवस्था और रुपए की कमजोर होती स्थिति को नहीं संभाला जा सकता.

सौरभ भारद्वाज ने ईडी के एक्शन पर बीजेपी को घेरा

इसके अलावा आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि गोवा के सह-प्रभारी दीपक सिंगला के दिल्ली और गोवा स्थित कई ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की है. आम आदमी पार्टी के नेताओं को लगातार ईडी, सीबीआई और एसीबी जैसी एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AAP ED Raid Controversy, Deepak Singla ED Raid, Atishi Statement BJP, Manish Sisodia Allegations, Misuse Of Central Agencies India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com