- बीजेपी ने मेयर पद के लिए प्रवेश वाही और डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका पंत को उम्मीदवार बनाया है
- बीजेपी ने वार्ड संख्या 27 से जय भगवान यादव को नेता सदन और 82 से मनीष चड्ढा को स्थायी समिति सदस्य चुना है
- आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है
दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने मेयर के लिए प्रवेश वाही और डिप्टी मेयर के लिए मोनिका पंत को उम्मीदवार बनाया है. मेयर चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं. आप ने फिर एमसीडी मेयर पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है. ऐसे में अब फिर से बीजेपी का मेयर बनने का रास्ता साफ हो गया है.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा द्वारा जारी नॉटिफिकेशन के अनुसार, बीजेपी ने आगामी MCD मेंयर डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है. पार्टी ने वार्ड संख्या 53-रोहिणी ई के पार्षद प्रवेश वाही को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है. वहीं वार्ड संख्या 206-आनंद विहार से पार्षद मोनिका पंत को डिप्टी मेयर का उम्मीदवार बनाया है. इसके साथ ही पार्टी ने सदस्य स्थायी समिति और नेता सदन के लिए वार्ड संख्या 27-बेगमपुर से पार्षद जय भगवान यादव को चुना है. इसके अलावा वार्ड संख्या 82-पहाड़गंज से पार्षद मनीष चड्ढा को स्थायी समिति का सदस्य बनाया है.

AAP ने नहीं उतारा अपना उम्मीदवार
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने मेयर चुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं उतारा है. पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि AAP भाजपा को दिल्ली में बदलाव करने का एक और मौका दे रही है, ताकि जनता के सामने उनकी कार्यशैली पूरी तरह उजागर हो सके. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने पिछले साल भी यही रणनीति अपनाई थी, ताकि भाजपा अपने चारों इंजन का उपयोग कर सके और काम न करने के लिए कोई बहाना न बना सके. उन्होंने दावा किया कि बीते एक साल के अनुभव ने साबित कर दिया है कि सभी संसाधन और जिम्मेदारियां होने के बावजूद भाजपा दिल्ली में बदलाव लाने में असफल रही है. उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि चार इंजन होने के बावजूद राजधानी में समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.
भारद्वाज के मुताबिक, केंद्र सरकार, एलजी, मुख्यमंत्री, मेयर और स्थायी समिति जैसे अहम पदों पर भाजपा के नियंत्रण के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल पाई है. उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा को शासन चलाना नहीं आता, जबकि विकास कार्य करने की क्षमता केवल आम आदमी पार्टी के पास है. अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब उन्हें फिर से याद कर रही है. उनका दावा है कि शहर की बिगड़ती स्थिति के चलते लोगों का भरोसा फिर से आप पर बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें: भलाई का ऐसा सिला...जिस नौकर ने बेटी को रेप के बाद मार डाला, उसके कर्ज चुकाते थे IRS अफसर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं