Parliament Monsoon Session Day-1 Live Updates: संसद का मॉनसून सत्र आज सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो गया है. सत्र का पहला दिन दोनों सदनों में हंगामे के नाम रहा. पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर लगातार हंगामा होता रहा. हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही आज 5 बार स्थगित की गई. वहीं राज्यसभा को पूरे दिन के लिए स्थगित किया गया है. लोकसभा में हंगामे के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके, वहीं कार्यवाही अनेक बार स्थगित होने के बाद अपराह्न तीन बजे तक स्थगित कर दी गई. इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्य आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे. बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कार्यवाही चलने देने का अनुरोध करते हुए कहा, ‘‘सदन की परंपरा और प्रतिष्ठा को बनाए रखें. नारेबाजी से संसद की मर्यादा नहीं बनती, तर्कों के साथ चर्चा करें.'' हालांकि हंगामा नहीं थमता देख उन्होंने बैठक करीब 12 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी.
दोपहर 12 बजे बैठक पुन: आरंभ होते ही विपक्षी सदस्य एक बार फिर नारेबाजी करते हुए आसन के समीप पहुंच गए. उन्होंने ‘न्याय दो' और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए. पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की.
उन्होंने कहा, ‘‘यह सदन का महत्वपूर्ण समय है, सभी विषयों पर चर्चा होगी, आपके मुद्दों पर भी सदन में चर्चा होगी. नारेबाजी करने से सदन नहीं चलेगा. कृपया स्थान पर बैठ जाइए. कई प्रदेशों में बाढ़ की समस्या है, उस पर चर्चा कीजिए.''
इस बीच, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीश संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया, जिसमें उच्चतम न्यायालय में प्रधान न्यायाधीश समेत न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने का प्रावधान है. सैकिया ने आसन के समीप नारेबाजी कर रहे विपक्षी सांसदों से कहा, ‘‘आज मानसून सत्र का पहला दिन है, आप देश की जनता को अच्छा संदेश दीजिए, सदन चलने दीजिए.''
हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजकर छह मिनट पर दोपहर 12.30 बजे तक स्थगित कर दी. दो बार के स्थगन के बाद बैठक फिर शुरू हुई तो पीठासीन सभापति सैकिया ने आसन के समीप हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों से शून्यकाल चलने देने की अपील की. सैकिया ने अपनी अपील का असर नहीं होने पर बैठक पांच मिनट बाद ही पूर्वाह्न एक बजे तक स्थगित कर दी.
अपराह्न एक बजे बैठक शुरू होने पर भी स्थिति जस की तस बनी रही और कार्यवाही कुछ मिनट बाद ही दो बजे तक स्थगित कर दी गई. सदन की बैठक दो बजे आरंभ होने पर विपक्ष के कुछ सदस्यों ने आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के कारण अफरा-तफरी के बीच सांसदों को संसद में आने से रोका जा रहा है और उसके द्वार बंद कर दिए गए हैं.
इस पर पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कहा कि अध्यक्ष बिरला के आदेश के अनुसार किसी भी सांसद को किसी गेट पर नहीं रोका जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि सदन का एजेंडा सरकार द्वारा नहीं, बल्कि कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) द्वारा तय किया जाता है. पाल ने कुछ विपक्षी सदस्यों को टोकते हुए कहा कि वो तख्तियां नहीं दिखा सकते क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है.
हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की बैठक अपराह्न दो बजकर तीन मिनट पर ढाई बजे तक स्थगित कर दी. बैठक एक बार फिर शुरू हुई तो स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं दिखाई दिया और विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी और तेज हो गई.
इस बीच पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने आसन के पास आकर खड़े हुए द्रमुक के नेता टी आर बालू से कहा कि वह इतने वरिष्ठ सदस्य होने के बाद भी इस तरह नारेबाजी कर रहे सदस्यों के साथ खड़े होकर नए सदस्यों के लिए अच्छा आदर्श प्रस्तुत नहीं कर रहे. हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने कुछ देर बाद ही कार्यवाही अपराह्न तीन बजे तक स्थगित कर दी.
संसद के मॉनसून सत्र से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-
अब संसद में अलग बैठेंगे NCPI में शामिल TMC के 20 बागी सांसद, किया ऐलान- अब हम NDA के साथ
'संसद मार्च' को लेकर दिल्ली में हाई अलर्ट; 5000 सुरक्षाकर्मी तैनात, बाहर निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी
Parliament Monsoon Session Day-1 Live Updates:
वे हमें बाहर नहीं जाने देंगे: सदन के भीतर बोलीं टीएमसी सांसद सागरिका घोष
TMC MP सागरिका घोष ने कहा, "सदन हर आधे घंटे में बंद हो रहा है. वे हमें बाहर नहीं जाने दे रहे हैं. मुझे अभी बताया गया कि गेट बंद हैं, इसलिए हम बाहर नहीं जा सकते. असल में, हम यहां कैदी हैं. यह साफ नहीं है कि सरकार क्या करने की कोशिश कर रही है. वे हमें बाहर नहीं जाने देंगे और उन्होंने CJP प्रदर्शनकारियों को भी यहां पहुंचने से रोक दिया है."
मैं पीएम के बयान की निंदा करता हूं: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
PM मोदी के भाषण पर राज्यसभा LoP और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "PM मोदी का काम सिर्फ दूसरों को ताना मारना और मजाक उड़ाना है. पहले, लोगों के सामने अपनी क्रेडिबिलिटी साबित करें. आपका वह '56 इंच का सीना' कहां गया? आप आज दूसरों की बुराई करते हैं, लेकिन मैं पूछता हूं. आपने देश के लिए असल में क्या किया है? आपने अपने फॉलोअर्स से ट्रस्ट बनाने को कहा ताकि वे चोरी कर सकें और अब वे खुलेआम चोरी कर रहे हैं. आपने कानून बनाए और राम मंदिर ट्रस्ट के लिए लोगों को नॉमिनेट किया और आपके अपने लोग इसमें शामिल हैं."
#WATCH | Monsoon session of Parliament | Delhi: On PM Modi's speech, Rajya Sabha LoP & Congress President Mallikarjun Kharge says, "PM Modi’s only job is to taunt others and make snide remarks. First, prove your own credibility to the people. Where did that '56-inch chest' of… pic.twitter.com/JvpArZmn3W
— ANI (@ANI) July 20, 2026
खरगे बोले, "फिर NEET का मामला है लाखों स्टूडेंट्स परेशान हैं, अपने घर छोड़कर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं. उनकी जिंदगी बर्बाद करने के लिए कौन जिम्मेदार है? मोदी सरकार और खुद PM मोदी. वह ये सब सिर्फ अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए करते हैं. किसी भी प्राइम मिनिस्टर को ऐसा नहीं बोलना चाहिए. हर प्राइम मिनिस्टर प्रॉब्लम सॉल्व करने की बात करता है, न कि ऐसी बातें करता है जिनका बाद में मजाक उड़ाया जाए. मैं इस बयान की निंदा करता हूं और PM मोदी को भविष्य में ऐसी बातें करने से बचना चाहिए. जब तक वे अगर वे रहेंगे, तो देश में खुशहाली नहीं आएगी. खुशहाली तभी आएगी जब वे चले जाएंगे."
लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. आज सुबह से यह पांचवीं बार है जब लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित की गई है.
Monsoon Session 2026 Live: लोकसभा के बाद राज्यसभा भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
मॉनसून सत्र का पहला दिन दोनों सदनों में अभी तक हंगामे के नाम रहा. सत्र की शुरुआत के बाद ही दोनों सदनों में पेपर लीक पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू हुई. कुछ ही देर बाद लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे तक, फिर 12.30 बजे और फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. यही हाल राज्यसभा में भी रहा. राज्यसभा में भी हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
Monsoon Session 2026 Live: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा दोबारा स्थगित
दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी सदस्यों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और कुछ अन्य विषयों को लेकर सोमवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक के लिए स्थगित.
Monsoon Session 2026 Live:लोकसभा की कार्यवाही दोबारा स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा स्थगित कर दी गई है. 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्षी सदस्यों ने फिर से नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया. जिसके बाद दोपहर 12.30 के लिए लोकसभा की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित की गई.
Monsoon Session 2026 Live: राज्यसभा में खरगे बोले- जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "आपने मुझे इस पेपर लीक और NEET परीक्षा घोटाले के बारे में अपनी बात रखने का मौका दिया है. यह मामला छात्रों से जुड़ा है; मैं लाखों बच्चों के भविष्य के बारे में बात कर रहा हूं. इस मुद्दे को लेकर हजारों छात्र जंतर-मंतर पर जमा हुए हैं. वहां लाठीचार्ज हुआ है. सरकार ताकत का इस्तेमाल करके आवाज दबाना चाह रही है. उन्हें वहां से हटाने की कोशिश कर रही है.
Monsoon Session 2026 Live: लोकसभा के बाद राज्यसभा भी 12 बजे तक के लिए स्थगित
लोकसभा के बाद राज्यसभा भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. राज्यसभा में भी विपक्षी सदस्यों ने नीट पेपर लीक केस पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी की. जिसके बाद सदन को स्थगित कर दिया गया है.
Monsoon Session 2026 Live: पेपर लीक पर चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा में हंगामा, सदन स्थगित
संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने के साथ ही भारी हंगामे में बदल गया. नीट पेपर लीक पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सदस्य लोकसभा में नारेबाजी करने लगे. कुछ सदस्य वेल में भी पहुंचे. इस दौरान स्पीकर लगातार सदस्यों से शांत रहने की अपील करते रहे. लेकिन हंगामा शांत नहीं होता देख लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
Monsoon Session 2026 Live: मॉनसून सत्र शुरू होते ही संसद में विपक्ष का हंगामा
संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत के साथ ही विपक्ष का हंगामा शुरू हो गया है. प्रश्न काल के दौरान ही विपक्षी दलों का हंगामा होना लगा. स्पीकर ओम बिरला विपक्षी सदस्यों से शांत रहने की अपील कर रहे हैं. लेकिन विपक्षी सांसद खड़े होकर नारेबाजी कर रहे हैं.

Monsoon Session 2026 Live: जहां तथ्य होते हैं, जहां तर्क होते हैं, वहां तूफान के लिए जगह नहीं होतीः PM मोदी
मॉनसून सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा- जहां तथ्य होते हैं, जहां तर्क होते हैं, वहां तूफान के लिए जगह नहीं होती. पीएम मोदी ने कहा- पीएम मोदी ने कहा- मेरा मानना है कि जहां तर्क होते हैं, जहां तथ्य होते हैं, वहां शोर-शराबे की कोई जरूरत नहीं होती. अगर आपके तर्क और तथ्य मजबूत हैं तो आवाज ऊंची करने की कोई जरूरत नहीं है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि मुझे उम्मीद है कि संसद में चर्चाएं तर्क और तथ्यों के आधार पर होंगी. हर आवाज को सुने जाने का मौका मिलना चाहिए. यही संसद की भूमिका है.
Monsoon Session 2026 Live: देश ने स्पीड पकड़ ली है, संसद का स्पिरिट उस स्पीड में नई ऊर्जा भर सकता हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने संसद के मॉनसून सत्र से पहले अपने संबोधन में कहा, पश्चिम एशिया का युद्ध एक बहुत बड़ा संकट का कारण रहा, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी, फर्टिलाइजर हर विषय में अनेक बाधाएं और संकट आए. उसके बाद भी भारत 7.7 प्रतिशत के ग्रोथ से सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला देश बनकर रहा. ये भारत के सामर्थ्य का परिचायक है. ऐसे में जब ये मॉनसून सत्र आरंभ हो रहा है. देश ने स्पीड पकड़ ली है. और संसद का स्पिरिट उस स्पीड में नई ऊर्जा भर सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि सकारात्मक स्पिरिट राष्ट्र के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जरूरी होता है, हमारे संसद में बहुत अनुभवी सांसद भाई है, उनका लंबा अनुभव है. ऐसे में उनके अनुभव का देश को फायदा मिलेगा. देश की जरूरत है कि संसद का चलना सार्थक चर्चा होना, मिलजुलकर देश को आगे ले जाने का काम करना समय की मांग है.
देश के युवाओं की मांग है कि हम आगे बढ़ें. आज समय की मांग है कि राष्ट्र निष्ठा से भरे हुए राष्ट्रभक्ति के लिए जी रहे आवाज को सदन में उचित मंच मिलता रहे. आशा करता हूं मुझे विश्वास है जहां तथ्य होते हैं, तर्क होते हैं वहां तूफान के लिए जगह नहीं होती है.
अगर तर्क मजबूत है तथ्य मजबूत है तो शांत चित्त से भी अपनी आवाज को बुलंद बनाया जा सकता है, मैं आशा करता हूं. तर्क और तथ्य के साथ सदन की चर्चा को समृद्ध किया जाए. हर आवाज को अवसर मिले. हर विचार को सम्मान मिले. ये संसद की हमारी भूमिका है मैं सभी सांसदों से बढ़-चढ़कर सदन में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रित करता हूं.
Monsoon Session 2026 Live: पीएम मोदी ने भारत की युवा शक्ति का किया जिक्र
मॉनसून सत्र से पहले अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, पिछले साल मॉनसून सत्र से पहले ठीक पहले भारतीय नागरिक इंटरनेसनल स्पेस सेंटर पहुंचा था. परसों भारत का एक युवा स्टार्टअप जिसने बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त की है, विश्व के कम ही देश हैं, जहां इस प्रकार के प्राइवेट ताकत बनी है.
भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है, बहुत बड़ी सफलता है. और ये जो स्टार्टअप है, उसमें जो नौजवान काम कर रहे हैं मुझे बताया गया कि उनका पूरा एवरेज एज वो सिर्फ 28 साल है. ऐसे नौजवानों ने ये काम करके दिखाया है, मैं किसी 56 साल के लोग की बात नहीं कर रहा हूं.
Speaking at the start of the Monsoon Session of Parliament. May this session witness productive discussions that strengthen India's development journey. https://t.co/v25Vg62apy
— Narendra Modi (@narendramodi) July 20, 2026
Monsoon Session 2026 Live: पीएम मोदी बोले- पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की
संसद के मॉनसून सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है. मॉनसून हो या मॉनसून सत्र अगर दोनों प्रोएक्टिव हो तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं. दोनों प्रोएक्टिव होते हैं तो देश का कल्याण होता है, जीव मात्र का कल्याण होता है. इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं मॉनसून भी थोड़ा प्रोडक्टिव रहे, मॉनसून सत्र भी प्रोडक्टिव रहे.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं और देशवासी गर्व से भर जाए इस प्रकार की सिद्धियों का सलिसिला चला है. राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय और अंतरिक्ष भी हो, एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं.

Monsoon Session 2026 Live: मॉनसून सत्र में भाग लेने के लिए संसद पहुंचे PM मोदी
संसद के मॉनसून सत्र में भाग लेने के लिए पीएम मोदी संसद पहुंच चुके हैं. वो मीडिया को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी के साथ अर्जुन राम मेघवाल, किरेन रिजिजू सहित अन्य मंत्री साथ नजर आ रहे हैं.
Monsoon Session 2026 Live: CJI के प्रदर्शनाकरियों पर लाठीचार्ज
संसद के मॉनसून सत्र से पहले कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में कई जगहों पर हालात खराब होते नजर आ रहा है. जगह-जगह से प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर से आ रहे हैं. इस बीच कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए. इस बीच कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की खबरें भी सामने आई है.
दिल्ली: पटेल चौक मेट्रो स्टेशन बंद होने के बाद रेल भवन के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेड्स लगाए गए हैं, वॉटर कैनन तैनात किए गए हैं और प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे हैं। pic.twitter.com/gY869OrMFR
— IANS Hindi (@IANSKhabar) July 20, 2026
Monsoon Session 2026 Live: थोड़ी देर में संसद पहुंचेंगे PM मोदी, करेंगे संबोधित
संसद के मॉनसून सत्र के लिए पीएम मोदी कुछ देर में संसद पहुंचेंगे. वो मीडिया को संबोधित भी करेंगे. इधर सीजेपी के संसद मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है.
आज से संसद का मॉनसून सत्र, वंदे मातरम् समेत 7 बिल संसद में पेश करेगी सरकार#MonsoonSession | @sucherita_k pic.twitter.com/rw9zPCbBSv
— NDTV India (@ndtvindia) July 20, 2026
Monsoon Session 2026 Live: पवन खेड़ा बोले- राम मंदिर चढ़ावा चोरी को हम जोर-शोर से उठाएंगे
अयोध्या राम मंदिर के लिए मिले चंदे में हेराफेरी के विवाद पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कहते हैं, "यह एक ऐसा मुद्दा है जिसने करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. उन्हें BJP, RSS और VHP से धोखा मिला है; इसलिए, हम उनकी चिंताओं और उनके गुस्से को और ज़ोर-शोर से उठाएंगे."
भारत सरकार द्वारा 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026' पेश किए जाने पर वे कहते हैं, "ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं; हम सब अब इस सरकार और इस पार्टी को अच्छी तरह जानते हैं... वे हमेशा आपका ध्यान भटकाएंगे; यह लोगों का मनोरंजन करने या उन्हें व्यस्त रखने का कोई सर्कस नहीं है... वे इसे गंभीरता से नहीं लेते..."
Monsoon Session 2026 Live: ओम बिरला ने सभी सांसदों से संसदीय मर्यादा के पालन की अपील की
संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत को लेकर स्पीकर ओम बिरला ने एक एक्स पोस्ट किया है. जिसमें उन्होंने लिखा- आज से 18वीं लोक सभा का आठवां सत्र- मानसून सत्र प्रारम्भ हो रहा है. देवराज इन्द्र के आशीर्वाद स्वरूप आज प्रातः दिल्ली में हुई वर्षा ने वातावरण को नव ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है. इसी मंगलमय वातावरण में संसद राष्ट्र की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के रूप में सभी माननीय सदस्यों का स्वागत करने के लिए तत्पर है.
लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर ‘संसद’ देश की जन-आकांक्षाओं, आशाओं और विश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है. प्रत्येक संसदीय सत्र जनप्रतिनिधियों के लिए इन आकांक्षाओं को सार्थक संवाद, विचार-विमर्श, प्रभावी विधायी कार्यवाही तथा रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से जनहित एवं राष्ट्रहित में परिणत करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है.
आशा है कि सभी माननीय सदस्य संविधान की भावना, संसदीय परंपराओं एवं मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक सहयोग की भावना से सदन की कार्यवाही में सहभागी बनेंगे. अधिकतम विधायी एवं अन्य संसदीय कार्यों का संपादन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. यही जनविश्वास को सुदृढ़ करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को और ऊँचा उठाने का सर्वोत्तम माध्यम है.
आइए, हम सब मिलकर इस सत्र को सार्थक विमर्श, जनहितकारी निर्णयों और संसदीय गरिमा के अनुरूप संचालित करने का सामूहिक प्रयास करें.
आज से 18वीं लोक सभा का आठवाँ सत्र- मानसून सत्र प्रारम्भ हो रहा है।
— Om Birla (@ombirlakota) July 20, 2026
देवराज इन्द्र के आशीर्वाद स्वरूप आज प्रातः दिल्ली में हुई वर्षा ने वातावरण को नव ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है। इसी मंगलमय वातावरण में संसद राष्ट्र की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के रूप में सभी माननीय सदस्यों का… pic.twitter.com/cVa420LVKj
Monsoon Session 2026 Live: NCP लीडर की 9:30 बजे बड़ी बैठक
NCP लीडर की 9:30 बजे बड़ी बैठक. फारूख अब्दुल्लाह 9:30 बजे अपनी पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे. प्रदर्शन की रणनीति को लेकर बैठक होगी. दिल्ली पुलिस ने अभी तक प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है.
Parliament Monsoon Session Live: कांग्रेस के लोकसभा सांसद 10.30 बजे CCP दफ्तर में मिलेंगे
कांग्रेस के लोकसभा सांसद विपक्ष के फ्लोर लीडर्स की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी लेने के लिए संसद में कांग्रेस संसदीय दल (CPP) के दफ्तर में सुबह 10.30 बजे मिलेंगे.
Monsoon Session 2026 Live: कांग्रेस सांसद ने पेपर लीक पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने लोकसभा में NEET UG पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.
Monsoon Session 2026 Live: सपा भी उठाएगी चढ़ावा चोरी का मुद्दा
समाजवादी पार्टी संसद सत्र में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाएगी. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा सदस्य एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और मामले की आगे उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग कर सकते हैं. इसके अलावा कानून- व्यवस्था, पूर्व से कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता, किसानों की समस्याओं को भी उठाएंगे.
Monsoon Session 2026 Live: लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दिया काम रोको प्रस्ताव का नोटिस
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में 'काम रोको प्रस्ताव' का नोटिस दिया है. इसका मकसद एक नए 'दल-बदल विरोधी कानून' के स्वरूप पर चर्चा करना है. यह कानून अवसरवाद से प्रेरित और बिना किसी वास्तविक वैचारिक या नीतिगत मतभेद के होने वाले बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल को रोकेगा, और साथ ही संसद व विधानसभाओं के अंदर और बाहर ईमानदार और आलोचनात्मक असहमति के लिए भी जगह देगा.
Monsoon Session 2026 Live: सुरजेवाला ने राज्यसभा में कामकाज स्थगित करने का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अयोध्या राम मंदिर चंदे में हेराफेरी के मामले पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कामकाज स्थगित करने का नोटिस दिया है. सत्र शुरू होने से पहले ही दिया गया यह स्थगन प्रस्ताव यह बताता है कि विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर लगातार सवाल उठाएगी.
Monsoon Session 2026 Live: मॉनसून सत्र में इन तीन नए विधेयकों को लाने की तैयारी
जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026: यह कानून वर्ष 1969 के मूल अधिनियम (जिसमें 2023 में भी संशोधन हुआ था) की धारा 13(3) में बदलाव कर विलंबित जन्म-मृत्यु पंजीकरण के नियमों को अधिक कड़ा और सुव्यवस्थित बनाएगा.
राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026: इसके जरिए वर्ष 1971 के अधिनियम में संशोधन कर राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रीय सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों के खिलाफ दंडात्मक प्रावधानों को सख्त किया जाएगा.
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026: एमएसएमई (MSME) क्षेत्र में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और भरोसा आधारित नियमों को बढ़ावा देने, देरी से होने वाले भुगतानों के तंत्र को मजबूत करने तथा राज्यों को अधिक अधिकार देने के उद्देश्य से यह विधेयक पेश किया जाएगा.
Parliament Monsoon Session Begins: संसद के मॉनसून सत्र में विपक्ष इन मुद्दों पर उठाएगी सवाल
सर्वदलीय बैठक के बाद, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने कहा कि मॉनसून सत्र में राम मंदिर चंदा चोरी का कथित मामला उनका मुख्य मुद्दा होगा. विपक्ष NEET पेपर लीक, सोनम वांगचुक के विरोध-प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और इथेनॉल ब्लेंडिंग से जुड़ी चिंताओं को भी उठाने की योजना बना रहा है. संसद का पहला दिन हंगामेदार और विरोध-प्रदर्शनों वाला रहने की उम्मीद है.
Parliament Monsoon Session Day-1 Live Updates: संसद के मॉनसून सत्र में किन 6 बिल को पेश करेगी सरकार
- विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026
- आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026
- उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026
- जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026
- राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026
- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विकास (संशोधन) विधेयक, 2026
Parliament Monsoon Session Live: संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन की बड़ी बातें
● प्रधानमंत्री सुबह 10:00 बजे मीडिया को जानकारी देंगे.
● INDIA गठबंधन की अहम रणनीति बैठक सुबह 10:00 बजे होगी.
● समाजवादी पार्टी की संसदीय बैठक सुबह 9:30 बजे होगी.
● अमित शाह राज्यसभा में 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक' पेश करेंगे (दोपहर 12:00 बजे).
● अर्जुन राम मेघवाल लोकसभा में 'सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026' पेश करेंगे (दोपहर 12:00 बजे).