विज्ञापन

भारतीय सामान पर नेपाली टैक्स का असर- रक्सौल में वीरानी और बीरगंज में बढ़ रही भीड़

रक्सौल लंबे समय से नेपाल के सीमावर्ती जिले परसा, बारा, हेटौड़ा और चितवन के लोगों के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र रहा है. लेकिन नए नियम से यहां के बाजारों में सन्नाटा छा गया है.

भारतीय सामान पर नेपाली टैक्स का असर- रक्सौल में वीरानी और बीरगंज में बढ़ रही भीड़

नेपाल की नई बालेन शाह सरकार ने जब से कस्टम (भंसार) नियमों में सख्ती की है, इसका सीधा असर भारत-नेपाल बॉर्डर के नजदीकी बाजारों पर दिखने लगा है. कभी खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहने वाला बिहार के रक्सौल का सीमावर्ती बाजार इन दिनों वीरान सा नजर आ रहा है. वहीं नेपाल के बीरगंज के बाजारों में रौनक दिखने लगी है.

नेपालियों का पसंदीदा बाजार रहा है रक्सौल 

रक्सौल लंबे समय से नेपाल के सीमावर्ती जिले परसा, बारा, हेटौड़ा और चितवन के लोगों के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र रहा है. नेपाल से बड़ी संख्या में लोग सस्ते और अच्छे सामान के लिए इन बाजारों में आते रहे हैं. लेकिन नेपाल सरकार की तरफ से 100 रुपये से अधिक के सामान पर कस्टम ड्यूटी वसूलने के नियम ने नेपाली ग्राहकों के कदम रोक दिए हैं. सीमा पर सख्त चेकिंग से परेशान रक्सौल के दुकानदारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है. ग्राहकों की घटती संख्या से बाजार में सुस्ती छा गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

रक्सौल में सन्नाटा, बीरगंज के बाजारों में बहार

रक्सौल के बाजार में जहां सन्नाटा है, वहीं नेपाल के बीरगंज बाजार में दुकानदारी तेजी से बढ़ी है. बीरगंज के कई दुकानदार मानते हैं कि बालेन सरकार के नए नियम से उनके कारोबार में 30 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है. इलाके के किराना दुकानदारों का भी कहना है कि जो नेपाली लोग पहले छोटी-छोटी चीजों के लिए भी रक्सौल चले जाते थे, अब वो लोकल बाजारों से सामान खरीद रहे हैं. इसके उनका बिजनेस बढ़ा है.

देखें- नेपाल बॉर्डर पर रेड से नहीं रुका, भंसार के नियमों से थमा 'नोट एक्सचेंज' का अवैध कारोबार

लोगों का खरीदना पड़ रहा महंगा सामान

नेपाली व्यापारियों का व्यापार भले ही बढ़ रहा हो, लेकिन नेपाल के लोगों में नाराजगी है. राशन खरीदने रक्सौल आईं बीरगंज की मुन्नी खातून ने एनडीटीवी को बताया कि उन्हें यहां 5 हजार रुपये में घर का पूरा सामान मिल जाता है, लेकिन यही सामान नेपाल में 6 हजार से कम में नहीं मिलेगा. अगर हमें सस्ता सामान नहीं मिलेगा तो घर के खर्च में कटौती करनी होगी. नेपाल में महंगे सामान में घर कैसे चलेगा. 

बालेन सरकार से नाराज हैं लोग 

नेपाल के 22 वर्षीय शरण गुप्ता गुस्से में कहते हैं कि सरकार गरीब लोगों को परेशान कर रही है. सौ-दो सौ रुपये का सामान कोई अमीर नहीं खरीदेगा. सरकार जानबूझकर गरीबों को परेशान कर रही है. सरकार को सख्ती करनी है तो ड्रग्स की तस्करी पर रोक लगाए. नेपाल ने नए कस्टम नियमों को लागू करने के लिए सीमा पर चेकिंग बढ़ा दी है. इसकी वजह से तस्करी में भी कमी आने के दावे किए जा रहे हैं. 

बीरगंज के व्यापारी सरकार के नए नियम से खुश हैं. हालांकि उनका कहना है कि सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए, रक्सौल में मिलने वाला सामान उसी कीमत पर बीरगंज में भी मिल जाए. ऐसा होगा तो लोकल लोग सामान खरीदने भारत क्यों जाएंगे.

देखें नेपाली नाम रखना भी काम न आया, कमाई भी घटी; बालेन सरकार के भंसार नियम ने सूने कर दिए रक्सौल के बाजार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal Custom Duty, India Nepal Raxaul Border, Raxaul Market Business Drop
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com